छह हजार साल बाद ‘लौटे’ विलुप्त जीव
प्रकृति की दुनिया में कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जो वैज्ञानिकों को अपनी पुरानी धारणाओं पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर कर देती हैं। इंडोनेशिया के पापुआ क्षेत्र के दुर्गम वर्षावनों से सामने आई एक ऐसी ही खोज ने दुनियाभर के जीव-विज्ञानियों और प्रकृति संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है। वैज्ञानिकों ने दो ऐसे स्तनधारी जीवों की पहचान की है, जिन्हें हजारों वर्षों से विलुप्त माना जा रहा था। शोधकर्ताओं के अनुसार, पिग्मी लाॅन्ग-फिंगर्ड पाॅसम और रिंग-टेल्ड ग्लाइडर नामक ये दोनों जीव न्यू गिनी द्वीप के पश्चिमी हिस्से में स्थित वोगेलकोप प्रायद्वीप के जंगलों में अब भी मौजूद हैं। इनकी खोज से सम्बंधित अध्ययन मार्च 2026 में ऑस्ट्रेलिया म्यूजियम की शोध पत्रिका में प्रकाशित हुआ।
इन जीवों की कहानी इसलिए असाधारण है क्योंकि वैज्ञानिकों के पास लम्बे समय तक इनके अस्तित्व के प्रमाण केवल पुराने जीवाश्मों और हड्डियों के टुकड़ों तक सीमित थे। जीवाश्मों के आधार पर माना गया था कि ये प्रजातियां लगभग छह हजार साल पहले समाप्त हो चुकी थीं लेकिन नई खोज ने यह दिखाया कि जीवाश्मों का रिकाॅर्ड किसी प्रजाति के वास्तविक अंत का अंतिम प्रमाण हमेशा नहीं होता। कई बार कोई प्रजाति ऐसे दुर्गम इलाकों में बची रह सकती है जहां तक आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान की पहुंच सीमित रही हो। इनमें पहला जीव पिग्मी लाॅन्ग-फिंगर्ड पाॅसम है। यह आकार में छोटा और शरीर पर धारियों वाला स्तनधारी है। इसके अगले पंजों की एक उंगली सामान्य उंगलियों की तुलना में काफी लम्बी होती है। यह विशेषता उसे सड़ी हुई लकड़ी के भीतर छिपे कीड़ों और उनके लार्वा को निकालने में मदद करती है। इसके कान भी शिकार का पता लगाने में सहायक माने जाते हैं। जंगल में रहने वाले ऐसे छोटे जीवों का जीवन पेड़ों, लकड़ी और वनस्पतियों के सूक्ष्म संसार से जुड़ा होता है, इसलिए इनके बारे में जानकारी जुटाना आसान नहीं है।
दूसरा जीव रिंग-टेल्ड ग्लाइडर है जो पेड़ों पर रहने और अपनी पकड़ बनाने में सक्षम एक दुर्लभ पाॅसम प्रजाति है। इसकी बड़ी आंखें और मजबूत, पकड़ने में सक्षम पूंछ इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। यह पेड़ों के खोखले हिस्सों में आश्रय लेता है और डालियों तथा लताओं के बीच आवाजाही करता है। वैज्ञानिकों ने इसे एक नए वंश, ‘टूस’, में वर्गीकृत किया है। इस नाम का सम्बंध स्थानीय समुदायों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले नाम से है। यह वर्गीकरण केवल किसी नए जीव की पहचान भर नहीं है बल्कि न्यू गिनी के स्तनधारी जीवों के विकासक्रम को समझने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन दोनों जीवों की पहचान के पीछे वर्षों तक जुटाए गए अलग-अलग प्रमाण हैं। शोधकर्ताओं ने पुराने संग्रहालय नमूनों, जीवाश्मों और स्थानीय लोगों द्वारा खींची गई तस्वीरों का अध्ययन किया। ऑस्ट्रेलियन म्यूजियम में सुरक्षित एक नमूना भी इस काम में महत्वपूर्ण साबित हुआ, जिसे 1992 में एकत्र किया गया था लेकिन उस समय उसकी सही पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में उपलब्ध तस्वीरों और दूसरे प्रमाणों के साथ उसकी तुलना करने पर वैज्ञानिकों को समझ आया कि उनके सामने एक ऐसी प्रजाति है, जिसके बारे में माना जाता था कि वह हजारों साल पहले समाप्त हो चुकी है।
इस खोज का एक महत्वपूर्ण पहलू स्थानीय आदिवासी समुदायों की भूमिका है। वैज्ञानिकों को जंगलों में रहने वाले इन जीवों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए स्थानीय लोगों और बुजुर्गों से बातचीत करनी पड़ी। विशेष रूप से रिंग-टेल्ड ग्लाइडर के सम्बंध में स्थानीय समुदायों का पारम्परिक ज्ञान अहम साबित हुआ। कुछ समुदाय इस जीव को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व से जोड़कर देखते हैं। इसलिए उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए केवल वैज्ञानिक उपकरण पर्याप्त नहीं थे, स्थानीय लोगों का विश्वास हासिल करना और उनकी परम्पराओं को समझना भी आवश्यक था। यह खोज इस बात का उदाहरण है कि पारम्परिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक हो सकते हैं। जंगलों में रहने वाले समुदाय पीढ़ियों से अपने आस-पास के जीव-जंतुओं, पेड़-पौधों और प्राकृतिक बदलावों को देखते आए हैं। उनके अनुभवों को वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने पर ऐसे तथ्य सामने आ सकते हैं, जिन्हें केवल प्रयोगशालाओं या संग्रहालयों में बैठकर समझना कठिन होता है। हालांकि इन जीवों का दोबारा मिलना उत्साहजनक है लेकिन इससे उनके भविष्य को लेकर चिंताएं समाप्त नहीं हो जातीं।
पापुआ क्षेत्र के वर्षा वनों की कटाई, कृषि विस्तार और विकास परियोजनाओं के दबाव का सामना कर रहे हैं। जिन पेड़ों के खोखले हिस्सों में ये जीव रहते हैं, उनका नष्ट होना इनके अस्तित्व के लिए गम्भीर खतरा बन सकता है। इन प्रजातियों की वास्तविक संख्या और इनके निवास क्षेत्र का पूरा आकलन करना भी अभी आवश्यक है। संरक्षण के लिए इनके सटीक ठिकानों की जानकारी को सावधानी से साझा करना होगा, ताकि अवैध वन्यजीव व्यापार या मानवीय हस्तक्षेप से इन्हें नुकसान न पहुंचे।
पापुआ क्षेत्र के वर्षा वनों की कटाई, कृषि विस्तार और विकास परियोजनाओं के दबाव का सामना कर रहे हैं। जिन पेड़ों के खोखले हिस्सों में ये जीव रहते हैं, उनका नष्ट होना इनके अस्तित्व के लिए गम्भीर खतरा बन सकता है। इन प्रजातियों की वास्तविक संख्या और इनके निवास क्षेत्र का पूरा आकलन करना भी अभी आवश्यक है। संरक्षण के लिए इनके सटीक ठिकानों की जानकारी को सावधानी से साझा करना होगा, ताकि अवैध वन्यजीव व्यापार या मानवीय हस्तक्षेप से इन्हें नुकसान न पहुंचे।
छह हजार साल से विलुप्त समझे जाने वाले इन जीवों की मौजूदगी एक बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि है लेकिन इसका सबसे महत्वपूर्ण संदेश इससे भी व्यापक है। पृथ्वी पर जीवन की विविधता के बारे में मनुष्य का ज्ञान अभी अधूरा है। किसी प्रजाति का जीवाश्म रिकाॅर्ड से गायब हो जाना उसके पूरी तरह समाप्त हो जाने का निर्णायक प्रमाण नहीं है। कई बार प्रकृति अपने रहस्यों को उन जंगलों, पहाड़ों और दुर्गम इलाकों में सुरक्षित रखती है जहां तक हमारी पहुंच नहीं हो पाती। इन जीवों की खोज ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रकृति को समझने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ स्थानीय समुदायों के अनुभवों और प्राकृतिक आवासों की रक्षा को भी समान महत्व देना होगा।
