लालकुआं विधानसभा भाजपा-कांग्रेस के सामने चेहरे चुनने की चुनौती

आगामी के विधानसभा चुनाव से पांच माह पहले लालकुआं में दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा में मोहन बिष्ट के साथ दीपेंद्र कोश्यारी, कमलेश चंदोला और नवीन दुम्का का नाम चर्चा में तो कांग्रेस में दुर्गापाल परिवार, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र खनवाल और कुंदन मेहता पर सभी की निगाहें हैं। लालकुआं का इतिहास बताता है कि यहां न जीत स्थायी है, न राजनीतिक समीकरण

उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनावों में महज पांच माह का वक्त बाकी है लेकिन कमोबेश सभी विधानसभा क्षेत्रों में टिकट की राजनीति ने दस्तक दे दी है। नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा सीट भी इन सरगर्मियों से अछूती नहीं है। भाजपा और कांग्रेस के भीतर का माहौल बताता है कि प्रत्याशियों के चयन में राजनीतिक दलों, खासकर भाजपा और कांग्रेस, को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। भाजपा के सामने मौजूदा विधायक डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट के साथ नए दावेदारों की सक्रियता का सवाल है तो कांग्रेस पुराने प्रभावशाली चेहरों और नए नेतृत्व के बीच रास्ता तलाश रही है। उत्तराखण्ड क्रांति दल और अन्य दल भी स्थानीय मुद्दों के सहारे अपनी जमीन बनाने की कोशिश में हैं।

उत्तराखण्ड राज्य बनने के बाद हुए पहले परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई लालकुआं सीट का एक बड़ा हिस्सा धारी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हुआ करता था। नए परिसीमन के बाद धारी विधानसभा का अस्तित्व खत्म हुआ और भीमताल तथा लालकुआं दो नई विधानसभा सीटें अस्तित्व में आईं। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र का जातीय और क्षेत्रीय समीकरण तथा मतदाताओं की राजनीतिक सोच इस विधानसभा को महत्वपूर्ण बनाती है। जातीय समीकरणों पर नजर डालें तो यहां लगभग 42 प्रतिशत ब्राह्मण, 33 प्रतिशत ठाकुर, करीब 15 प्रतिशत अनुसूचित जाति, 7 प्रतिशत मुस्लिम और शेष में पंजाबी तथा प्रवासी मतदाता हैं। पिछले चुनावों के अनुभवों को देखें तो बरेली रोड का इलाका किसी भी प्रत्याशी की हार-जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नारायण दत्त तिवारी के प्रभाव वाला क्षेत्र माने जाने वाले लालकुआं विधानसभा क्षेत्र ने किसी बड़े बाहरी या पैराशूट चेहरे के मुकाबले स्थानीय चेहरे पर ही अधिक भरोसा जताया है।

2012 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने हरीश चंद्र दुर्गापाल को दरकिनार कर यशपाल आर्य के करीबी हरेंद्र सिंह बोरा को अपना प्रत्याशी बनाया, वहीं भाजपा ने नवीन दुम्का को टिकट दिया लेकिन हरीश चंद्र दुर्गापाल कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े और 25,189 वोट पाकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने भाजपा के नवीन दुम्का को 8 हजार से अधिक वोटों से हराया जबकि कांग्रेस प्रत्याशी हरेंद्र बोरा तीसरे नम्बर पर रहे। 2017 का विधानसभा चुनाव पूरी कांग्रेस के लिए सदमे की तरह था। नवीन चंद्र दुम्का ने हरीश चंद्र दुर्गापाल को 27,108 वोटों के भारी अंतर से हरा दिया। नवीन चंद्र दुम्का को जहां 44,293 वोट मिले, वहीं हरीश चंद्र दुर्गापाल को 17,185 वोट मिले। 2012 में हरीश चंद्र दुर्गापाल कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे। 2017 में उनके सामने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर कांग्रेस के बागी हरेंद्र सिंह बोरा थे। खास बात यह थी कि कांग्रेस के बागी और कांग्रेस प्रत्याशी के मतों का जोड़ भी नवीन दुम्का की जीत के अंतर से करीब 10 हजार कम था।

2022 का विधानसभा चुनाव उन राजनीतिक समीकरणों के उलटफेर का चुनाव था, जिसने उत्तराखण्ड के राजनीतिक मिथक को तोड़ दिया कि राज्य में सरकार का दोहराव नहीं होता। लालकुआं सीट पर इस बार
मुकाबला भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट और उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच था। मोहन सिंह बिष्ट चुनाव से कुछ समय पहले ही भाजपा में वापस आए थे। रामनगर सीट को लेकर विवाद के चलते कांग्रेस ने हरीश रावत को लालकुआं से प्रत्याशी बनाया लेकिन यहां भी वह अपनी हार से बच नहीं पाए। भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने उन्हें 17,527 मतों से पराजित किया।

इस परिणाम का महत्व इसलिए भी था कि 2022 में कांग्रेस ने हरीश रावत जैसे प्रदेश के बड़े चेहरे को लालकुआं से मैदान में उतारा था जबकि भाजपा ने अपेक्षाकृत स्थानीय राजनीतिक आधार वाले मोहन बिष्ट पर भरोसा किया था लेकिन लालकुआं का इतिहास यह भी बताता है कि यहां चुनावी समीकरण स्थायी नहीं हैं। 2012 में निर्दलीय हरीश चंद्र दुर्गापाल जीते, 2017 में भाजपा के नवीन चंद्र दुम्का ने जीत दर्ज की और 2022 में मोहन बिष्ट विजयी हुए। यानी पिछले तीन चुनावों में लगातार विजेता बदलता रहा है।

2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के दावेदारों की बात करें तो एक बड़ी फेहरिस्त सामने नजर आती है। पिछले विधानसभा चुनाव में मोहन सिंह बिष्ट को जिन उम्मीदों के साथ लालकुआं की जनता ने जिताया था, उनके प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग राय है। सीटिंग विधायक होने के नाते फिलहाल 2027 की चर्चा में पहला नाम स्वाभाविक रूप से मौजूदा विधायक डाॅ. मोहन सिंह बिष्ट का है। 2022 की जीत उनके पक्ष में सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आधार जरूर है लेकिन 2027 की राजनीति में केवल पिछली जीत ही सारे सवालों का जवाब नहीं है क्योंकि 2022 में भाजपा ने तत्कालीन विधायक नवीन चंद्र दुम्का का टिकट काटकर मोहन बिष्ट को मैदान में उतारा था। भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट को लेकर कई चेहरे सक्रिय हैं। इसलिए बिष्ट के सामने सबसे बड़ा राजनीतिक प्रश्न यही होगा कि क्या भाजपा मौजूदा विधायक को दोहराती है या चुनाव से पहले नए चेहरे की सम्भावना पर विचार करती है?

नए दावेदारों में भाजपा के टिकट की चर्चा में सबसे अधिक चर्चा पाने वाले नामों में दीपेंद्र कोश्यारी हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के भतीजे हैं और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं। लालकुआं, बिंदुखत्ता और गौलापार में उनके जन्मदिन कार्यक्रमों तथा क्षेत्रीय सक्रियता को 2027 की सम्भावित दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

दीपेंद्र के सामने सबसे बड़ा राजनीतिक प्रश्न यही होगा कि संगठन में उनकी भूमिका विधानसभा टिकट की मांग में बदलती है और पार्टी नेतृत्व उसे किस रूप में देखता है। उत्तराखण्ड की राजनीति, खासकर भाजपा की राजनीति में भगत सिंह कोश्यारी का प्रभाव आज भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरीखे कई नेताओं ने भगत सिंह कोश्यारी यानी ‘भगत दा’ के सानिध्य में राजनीति सीखी है। भगत दा ने कई नेताओं को राजनीतिक पहचान दी लेकिन अपने परिवार की नई पीढ़ी को राजनीति में उस तरह आगे नहीं बढ़ा पाए। उनके परिवार के स्तर पर भी यह भावना रही है कि उन्होंने अपने परिवार के बजाय अपने राजनीतिक सहयोगियों और शिष्यों को आगे बढ़ाया। ऐसे में यदि भगत दा अपने राजनीतिक परिवार की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ाना चाहें तो उनकी राजनीतिक विरासत दीपेंद्र के लिए लालकुआं से राजनीति के रास्ते खोल सकती है।

दूसरे सक्रिय दावेदार कमलेश चंदोला हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमलेश चंदोला ने लालकुआं से 2027 को ध्यान में रखते हुए अपना विकास विजन जनता के सामने रखकर अपनी दावेदारी की सम्भावनाओं को सार्वजनिक किया है। उन्होंने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा, स्थानीय युवाओं को रोजगार, रेलवे क्राॅसिंग और जाम की समस्या, सड़क तथा स्वास्थ्य-शिक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया है।

खास बात यह है कि उनकी दावेदारी केवल संगठनात्मक चर्चा तक सीमित नहीं दिखती, उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि यदि भाजपा संगठन उन्हें अवसर देता है तो वह क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। भाजपा के पुराने चेहरे नवीन चंद्र दुम्का का नाम भी सम्भावित दावेदारों की चर्चा में है। वह 2017 में लालकुआं से भाजपा विधायक रहे और 2022 में पार्टी ने मोहन बिष्ट को मैदान में उतारा था। 2027 में उनका अनुभव और पुराना संगठनात्मक आधार चर्चा का विषय हो सकता है। चंद्रशेखर पांडे, मोहित नाथ गोस्वामी सहित अन्य नेताओं के नाम भी सम्भावित दावेदारों के रूप में सामने आए हैं।

कांग्रेस के लिए लालकुआं की कहानी 2022 के बाद और अधिक दिलचस्प हो गई है। 2022 में पार्टी ने हरीश रावत को मैदान में उतारा था लेकिन भाजपा के मोहन बिष्ट ने उन्हें 17,527 मतों से हरा दिया। अब 2027 में कांग्रेस के सामने सवाल है कि वह फिर किसी बड़े चेहरे पर दांव लगाएगी या स्थानीय संगठन से निकलने वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता देगी।

2027 में हेमवती नंदन दुर्गापाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के पुत्र का नाम कांग्रेस की सम्भावित दावेदारी के रूप में चर्चा में आया है। दुर्गापाल परिवार की लालकुआं में पुरानी राजनीतिक पकड़ रही है। हरीश चंद्र दुर्गापाल 2012 में लालकुआं से निर्दलीय विधायक चुने गए थे और बाद में राज्य सरकार में मंत्री रहे। यह दावेदारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके साथ लालकुआं की पुरानी राजनीतिक विरासत भी जुड़ी हुई है।
हरेंद्र सिंह बोरा भी कांग्रेस की सम्भावित दावेदारी में लम्बे समय से चर्चित नाम हैं। 2017 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 14,709 वोट हासिल किए थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। उनका नाम इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि लालकुआं में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भी व्यक्तिगत वोट आधार बनाने की सम्भावना पहले दिखाई दे चुकी है।

राजेंद्र सिंह खनवाल का नाम भी कांग्रेस की सम्भावित दावेदारी में सामने आया है। लालकुआं विधानसभा के चोरगलिया निवासी राजेंद्र खनवाल की राजनीतिक पूंजी में लम्बा संगठनात्मक अनुभव, पूर्व दर्जा मंत्री की पहचान और क्षेत्रीय मुद्दों पर सक्रियता शामिल है। कुंदन मेहता का नाम भी स्थानीय आंदोलनों और संगठनात्मक गतिविधियों में दिखाई देता रहा है। सितम्बर 2026 में बिंदुखत्ता के राजस्व ग्राम आंदोलन को लेकर बनी संयुक्त समिति में उन्हें मुख्य संयोजक बनाया गया था।

राष्ट्रीय दलों से अलग उत्तराखण्ड क्रांति दल भी लालकुआं में अपनी जमीन बनाने की कोशिश कर रहा है। भुवन पहाड़ी ने लालकुआं से 2027 के लिए दावेदारी पेश की है और घर-घर सम्पर्क अभियान शुरू करने की घोषणा भी कर दी है। उन्होंने खनन और शराब नीति को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों पर सवाल उठाए हैं। उक्रांद के लिए चुनौती यह होगी कि वह अपनी क्षेत्रीय पहचान को वास्तविक वोट में कितना बदल पाता है। 2022 में लालकुआं से उक्रांद का प्रदर्शन बहुत सीमित रहा था। 2017 में पार्टी की उम्मीदवार दीपा भट्ट को 224 वोट मिले थे। 2022 में लालकुआं में आम आदमी पार्टी, बसपा, भाकपा-माले, सपा और कई निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में थे। आप के चंद्रशेखर पांडे को 898 और बसपा के पृथ्वीपाल सिंह रावत को 410 वोट मिले। कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अलग-अलग हिस्सों में वोट हासिल किए।

लालकुआं की चुनावी जमीन पर दावेदारों के संदर्भ में दो बड़े सवाल हैं। पहला, क्या भाजपा मौजूदा विधायक को दोहराएगी? मोहन बिष्ट के पास 2022 की बड़ी जीत का रिकाॅर्ड है लेकिन 2026 में दीपेंद्र कोश्यारी और कमलेश चंदोला जैसे नामों की सार्वजनिक सक्रियता ने टिकट चर्चा को बहु-चेहरों वाला बना दिया है। दूसरा सवाल यह है कि कांग्रेस किसे चेहरा बनाएगी? हरीश रावत जैसी बड़ी शख्सियत को 2022 में उतारने के बाद अब कांग्रेस के सामने दुर्गापाल परिवार, हरेंद्र बोरा, राजेंद्र सिंह खनवाल और अन्य स्थानीय नेताओं में से चेहरे का चुनाव करने की चुनौती है।

लालकुआं का पिछला चुनावी इतिहास एक बात जरूर बताता है कि यहां किसी भी उम्मीदवार की राजनीतिक स्थिति को केवल पिछले चुनाव के आधार पर स्थायी नहीं माना जा सकता। 2012, 2017 और 2022 में विजेता बदल चुका है। इसलिए 2027 में असली कहानी केवल भाजपा बनाम कांग्रेस नहीं होगी। असली कहानी यह होगी कि किस दल का टिकट किस चेहरे को मिलता है और वह चेहरा लालकुआं के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को अपने पक्ष में कितना बदल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *