“झूठ का पुलिंदा है मन की बात”

उत्तराखण्ड में दूसरी पीढ़ी के सबसे सक्रिय नेताओं में एक नाम है संजीव आर्य का जो पूर्व में मंडी समिति हल्द्वानी के अध्यक्ष तथा राज्य सहकारी बैंक के निर्वाचित अध्यक्ष बनने के साथ ही नैनीताल के विधायक भी रह चुके हैं। उत्तराखण्ड के वर्तमान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य के पुत्र संजीव आर्य को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में सचिव पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इसी के साथ उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी भी बनाया गया है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को जागृत कर उत्तर प्रदेश में मृतप्राय पड़ी कांग्रेस में रक्त संचार कर रहे संजीव आर्य से ‘दि संडे पोस्ट’ के आकाश नागर की बातचीत
वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर नैनीताल से विधायक बनने से लेकर आज एआईसीसी सचिव बनने तक अपने राजनीतिक सफर को आप किस तरह देखते हैं, सबसे बड़ा मोड़ कौन सा रहा है?

राजनीतिक परिवार में बचपन से रहने का अवसर मिला है, मैंने पिताजी के राजनीतिक जीवन को बहुत नजदीक से देखा है। मात्र, 26 साल की उम्र में मुझको हल्द्वानी का निर्वाचित मंडी समिति के अध्यक्ष के लिए काम करने का मौका पांच साल तक मिला था। किसानों की मूल समस्याओं, उनकी बुनियादी आवश्यकताओं को समझने का अवसर मुझे मिला। इसके बाद, मैं अपने को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि किसानों के बाद हमारे मूल ग्रामीण क्षेत्रों की विकास की अवधारणाओं में जिस सहकारिता का सबसे ज्यादा योगदान होता है, मुझे उस राज्य सहकारिता बैंक के निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला।

2017 में विधायक बनने का अवसर मिला और मैंने बहुत कुछ सीखा। विधायकी कार्यकाल में बहुत सारे चैलेंज भी हमको देखने को मिले। लगभग ढाई साल का कार्यकाल ऐसा आया है जब पूरे विश्व में कोरोना जैसी एक बीमारी हम सबने देखी, वो एक बहुत बड़ा चैलेंज था। मैंने उस दौर में भी बहुत निःस्वार्थ भाव से काम करने की और लोगों के बीच जाने की कोशिश की। जितनी हमसे यथासम्भव मदद हो सकती थी, वो करने की कोशिश की। जो वर्तमान परिदृश्य था उसमें मैंने ये महसूस किया कि कांग्रेस पार्टी को अगर मजबूती से धरातल पर अपने को और मजबूत करना है तो हमको वॉलंटियर्स की जरूरत है। मैं पार्टी का आभारी हूं कि मुझे आज एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा गया है, मेरे लिए निःसंदेह यह एक चुनौती भी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश हमारा सहकारिता से जुड़ा हुआ क्षेत्र रहा है। यह किसान बहुल क्षेत्र है। यहां के सामाजिक ताने-बाने को पहले भी देखने का, समझने का मौका मिला है क्योंकि यह उत्तराखण्ड के समीप के क्षेत्र का यह पूरा क्षेत्र है। कहीं न कहीं यह हमारे लिए चुनौती भी है और एक अवसर भी है, चुनौती से हम कभी घबराए भी नहीं हैं और अपने अंदर यह विश्वास रखते हैं कि हम पूरी शिद्दत से, पूरी मेहनत से, लगन से, निष्ठा से, तन्मयता से, तत्पर्यता से जो जिम्मेदारी पार्टी ने सौंपी है, उसको निभाएंगे, संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ, निरंतर, जनसम्पर्क, जनसंवाद स्थापित करेंगे। हमारा एक लक्ष्य है कि हम इस बार जनता के बीच जाएंगे तो एक बात कहेंगे कि कांग्रेस की सरकार या कांग्रेस गठबंधन की सरकार नहीं, इस बार आपका वोट होगा जनता की सरकार के लिए। इस बार आपका वोट सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए है, इस लक्ष्य के साथ हम मैदान में आ रहे हैं, हमने लगातार जनसम्पर्क शुरू किया है। पहले चरण में मेरी कोशिश है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 जनपद है वहां पर मैं ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत तौर पर मिलूं उनसे उनके सुझाव लूं। प्रत्येक जनपद की क्या बुनियादी समस्याएं हैं उन पर हम विचार-विमर्श करें तो निश्चित तौर पर ये अनुभव आने वाले समय के लिए भी हमारे लिए बहुत बड़ी सीख होगी।
2021 में आपने पिता यशपाल आर्यजी के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापसी की। भाजपा छोड़ने का वास्तविक कारण क्या था?
भारतीय जनता पार्टी कहती है कि ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ लेकिन आप धरातल पर देखिए जिस तरीके के वर्तमान परिदृश्य हम देश में देख रहे हैं, आज जो साम्प्रदायिक माहौल हमको दिखता है, ये देश जिसमें हम सर्वधर्म सम्भाव, सर्व जाती सम्भाव की बात करते हैं, हम कौमी एकता के गुलदस्ते की एक मिसाल देते हैं लेकिन आज जो हालात भारतीय जनता पार्टी ने इस देश के अंदर बनाए, वो कहीं न कहीं मन को चोट पहुंचाने वाले भी थे और इस चीज को हमने बहुत जल्दी महसूस किया तथा समझा कि देश के अंदर एक ऐसी पार्टी जिसका देश की स्वतंत्रता का इतिहास है, बलिदान का इतिहास है और जो सर्व धर्म के सभी जाती के, सभी पंथ के, सभी वर्ग के लोगों को एक साथ लेकर चलने में सक्षम है वो कांग्रेस पार्टी है जबकि ‘मन की बात’ निःसंदेह झूठ का पुलिंदा है। वर्तमान हालातों में जिस तरीके से हमने स्थितियां देखी हैं तो निश्चित तौर पर हमें महसूस हुआ कि कांग्रेस पार्टी ही देश में ऐसी पार्टी है जो सबको साथ लेकर चलती है। इस कारण ही हमने कांग्रेस में वापसी की है।
2022 के विधानसभा चुनाव में नैनीताल से आपकी हार हुई उस हार से आपने राजनीतिक और संगठन के बारे में सबसे बड़ी सीख क्या ली?
देखिए, मैं तो ये मानता हूं कि जो परिणाम आया, एक छोटी उम्र में आ गया, इससे अच्छा कुछ नहीं होता है। मैंने क्योंकि तीन-तीन चुनाव जीते, मंडी का निर्वाचित अध्यक्ष रहा, को-ऑपरेटिव बैंक का निर्वाचित अध्यक्ष रहा, विधायक बना तो निःसंदेह मुझे अपने व्यक्तिगत आकलन, मूल्यांकन और विश्लेषण करके ये महसूस होता है कि एक बहुत कम उम्र में ये मुझको अनुभव मिला, मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, अपने-पराए की भी पहचान होती है, ये भी महसूस होता है। ये भी पता लगता है कि कौन आपके संग अच्छे समय में खड़े होते हैं और कौन आपके साथ हर समय, हर परिस्थितियों में खड़े होते हैं। इससे मूल्यांकन, विश्लेषण, आत्ममंथन करने का भी समय मिलता है, कोई कमी हमसे भी रही होगी, उसका भी मूल्यांकन, विश्लेषण करने को मिला है तो ये तमाम चीजें थी जो मुझे बहुत कुछ सिखा गई।
क्या आपको लगता है कि 2022 में कांग्रेस ने नैनीताल में आपका चुनाव सही रणनीति के साथ लड़ा था या संगठन की कमजोरी भी आपकी हार का कारण रही है?
देखिए, बहुत सारे कारण हैं। अब मैं पूरा का पूरा दोष पार्टी के सिर मडू ये सही नहीं है लेकिन हां, इतना जरूर है कि अक्टूबर में, कांग्रेस में जब हमारी वापसी हुई तो मात्र दो महीने हमको मिले, दो महीने में भी कोरोना का समय था और उस वक्त एक बड़ी प्राकृतिक आपदा अक्टूबर के महीने में नैनीताल जनपद में आई जिससे हमारी प्राथमिकता बदल गई। उस वक्त हमारी प्राथमिकता थी कि किस तरीके से हम जनता के बीच पहुंच कर उनकी मदद कर सकते हैं। तो कहीं न कहीं मैं मानता हूं कि समय का भी अभाव रहा, कोरोना प्रोटोकाॅल्स में चुनाव हुआ। स्वभाविक रूप से ये भी हम मानते हैं कि संगठनात्मक रूप से हम काफी हद तक काफी जगहों पर कमजोर भी थे, अपनी टीमों का गठन नहीं कर पाए थे, कहीं न कहीं हमारी जो बूथ स्तर की तैयारियां थी वो कमजोर थी लेकिन फिर भी जनता का फ़ैसला सर माथे होता है। अन्तोगत्वा कहीं न कहीं कोई हमसे चूक हुई होगी, कहीं कमी होगी संगठनात्मक कमी होगी, मेरे में कमी होगी, हम अपनी बातों को हो सकता है बेहतर ढंग से नहीं रख पाए मुद्दा यह भी था कि संजीव आर्य ने कांग्रेस क्यों ज्वाइन की? जनता के बीच जब कार्यकर्ता जाता था तो जनता कहती थी कि संजीव ने काम बहुत अच्छा किया है, कोई बुराई नहीं है लेकिन उन्होंने पार्टी क्यों छोड़ी? तो ये सारे विषय भी जनता के बीच हम सही से नहीं रख पाए क्योंकि समय नहीं मिल पाया। ये तमाम कारण थे जो मैं समझता हूं कि हमारी हार का कारण बने?
क्या कभी आपको महसूस हुआ कि राजनीति मेें यशपाल आर्य के बेटे की पहचान आपके लिए ताकत के साथ-साथ चुनौती भी बन रहा है?
नहीं, देखिए सिक्के के दो पहलू होते हैं। स्वभाविक रूप से उनका पुत्र होना अपने आप में मुझे बड़ी ताकत देता है क्योंकि वो मेरे मेंटाॅर भी हैं, मेरे गार्जियन हैं और मुझे बहुत कुछ राजनीतिक जीवन में उनसे सीखने को मिला लेकिन ये भी एक स्वभाविक तथ्य है कि जब इसका आपको एडवांटेज मिलता है, आपको एक रिकोगनाइजेशन मिलती है लेकिन इसके साथ ही पहले दिन से आपके ऊपर जब आपके पिताजी का इतना बड़ा कद हो, राजनीतिक अनुभव का कद हो, उनकी समाज सेवा का कद हो तो स्वभाविक रूप से पहले दिन से आपके कंधों के ऊपर उम्मीदों का भार उतना ही अधिक होता है, आपसे भी उतनी ही एक्सपेटेशन जनता की होती है तो निःसंदेह उसके प्लस भी होते हैं, माइनस भी होते हैं तो ये दोनों ही पहलू होते हैं लेकिन मैं अपने को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे पिता के रूप में उनका मागदर्शन, आशीर्वाद सदैव मिलता है और मेरे राजनीतिक जीवन में जो कुछ भी योगदान है कहीं न कहीं उसमें उनका मागदर्शन, उनका आशीर्वाद और उनके द्वारा जो एक हमको संस्कार मिले हैं, मैं उसको मानता हूं कि वो मेरे लिए हमेशा जीवन पर्यंत बहुत बड़ी पूंजी है।
उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद आपकी पहली तीन प्राथमिकताएं क्या होंगी?
क्योंकि कम समय है, लगभग साढ़े चार महीने अब शेष हैं। हमें विधानसभा के चुनाव में जाना है और हम साढ़े चार महीने इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ज्यादातर पहले चरण में चुनाव उत्तराखण्ड के संग हो जाते हैं इसका हमने एक रोड मैप तैयार किया है, पहली प्राथमिकता तो यही है कि ‘संगठन सृजन अभियान’ हमारा लगभग अंतिम चरण में हैं। अगले डेढ़ महीने में संगठनात्मक रूप से हम अपना एक ढांचा, अपनी कार्यकारिणी चिन्हित कर तैयार कर लेंगे जिनकी ताकत से हम चुनाव में कूदेंगे। इसके साथ ही स्वभाविक रूप से जब चुनाव में आए हैं तो पूरी ताकत से चुनाव लड़ना ही हमारी सबसे पड़ी प्राथमिकता है, हमारी यही कोशिश है कि जो जनता के मुद्दे हैं जो जनता की आज प्रमुख समस्याएं हैं, जो बुनियादी सवाल हैं बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई, बेरोजगारी हम सुनते आएं लेकिन जो सरकार कानून व्यवस्था को लेकर बहुत बड़े सवाल खड़े करती थी आज हम देखते हैं कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के हालात बद से बदतर हैं। महिला सुरक्षा से लेकर कानून व्यवस्था में आज उत्तर प्रदेश बिगड़ी व्यवस्था के मामले में नम्बर एक पर पूरे देश में खड़ा है। यह सबसे बड़ी चिंतनीय बात है। सबसे बुरी बात है कि जीरो टाॅलरेंस की सरकार जो कहती थी कि हम जीरो टाॅलरेंस की सरकार लाएंगे, वहां भ्रष्टाचार, आज शिष्टाचार बन चुका है भ्रष्टाचार में अगर आप नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हर जगह देख लें। इसके साथा ही किसानों की बड़ी समस्या है, अगर हम नोएडा, ग्रेटर नोएडा की बात करें यहां पर पांच लाख से ऊपर ऐसी संख्या है जो यहां पर हाईराइज सोसाइटी में रहती हैं जिन्होंने अपने जीवन भर की पूंजी लगा दी, उनके पास आज भी अपने मकान की रजिस्ट्रियां नहीं हो पा रही हैं। हम भूमि अधिग्रहण की बात करें तो जिन किसानों को मुआवजा मिला, उन्होंने भी अपनी लड़ाई कोर्ट में लड़ी, 64 प्रतिशत अधिकतम मिल गया लेकिन आप सब जानते हैं कि राहुल गांधी जी ने कहा था कि उनकी जमीन का कम से कम 300 प्रतिशत अधिक मुआवजा उनको मिले। भाजपा सरकार में जो वादे किए गए थे कि जो किसानों की विभिन्न जगहों पर जमीनें अधिग्रहित की गई हैं, जो सोसाइटी डेवलपमेंट हो रही हैं वहां पर 10 प्रतिशत उनको प्लाॅट दिया जाएगा लेकिन उसको भी सरकार 6 प्रतिशत से ज्यादा नहीं दे पा रही है तो हमने उन तमाम मुद्दों को संकलित किया है। प्रदेश में ट्रांसफर पोस्टिंग आज सबसे बड़ा उद्योग है, आप देख लीजिए युवाओं के यहां किस तरीके से हालात हैं, किसानों की क्या स्थिति है, किस तरीके से निर्बल, वंचित, शोषित, दलित के साथ ही अगलियत हो या पिछडे़ हो, उनका शोषण हो रहा है? हर जगह हमको भूमाफियाओं और सरकार-प्रशासन के लोगों का एक नेकसस गठजोड़ देखने को मिलता है और कहीं न कहीं, निश्चित तौर पर इन आवाजों को, इन मुद्दों को हम बुलंद करेंगे, जो धर्म का चश्मा लगाकर भारतीय जनता पार्टी सोचती है कि हम हिंदु, मुसलमान करके, मंदिर- मस्जिद करके, विभिन धर्मों के लोगों को आपस में बांटकर राजनीति कर लेंगे तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।
कांग्रेस लम्बे समय से संगठनात्मक चुनौती से जूझ रही है, क्या आपको लगता है कि 2027 में पार्टी मजबूत वापसी कर सकेगी?
हम इस चैलेंज को स्वीकारते हैं। हालांकि हम ये कोई बड़ी बात नहीं कहते हैं लेकिन ऐसा हमने करके दिखाया है। जो देश का सबसे बड़ा राज्य है, जिस राज्य में लोगों ने कांग्रेस को ऐसा मान लिया था कि कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर हमने संगठनातमक दृष्टिकोण से काम किया और हमने देखा कि 2024 का लोकसभा चुनाव, जहां पर भारतीय जनता पार्टी दंभ भरती थी कि हम 80 में से 74 सीटें जीत रहे हैं, 76 सीटे जीत रहे हैं लेकिन हमारे गठबंधन ने मिलकर 80 में से 43 सीटें जीतने का काम किया, उससे हमारे कार्यकर्ताओं में भी जोश आया है। आज तो देश का वातावरण वैसे ही अलग है। जिस तरीके से जेन जी आंदोलन से लेकर, किसानों के आंदोलन से लेकर, भूमिहीन और हर वर्ग के लोग, भाजपा की सरकार से तंग आ चुके हैं। निःसंदेह हम इन मुद्दों को लेकर जाएंगे तो जनता का आशीर्वाद जरूर हमको मिलेगा, ऐसा हमें विश्वास है।
आपके अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत क्या है और यहां कांग्रेस किस तरह चुनाव जीतेगी?
मैं तो उनकी ताकत यही मानता हूं कि ये धर्म के नाम पर, जाति के नाम पर, पंथ के नाम पर ‘लोगों को बांटो, फूट डालो और राज करो’ अंग्रेजों वाली नीति अपना रहे हैं। हमारे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, पंजाब के किसान, जब तीन काले कानून के खिलाफ लड़ाई लड़ने जाते थे तो उन्हें खालिस्तानी कह देते थे, उनको नक्सली कह देते थे, उन्हें देशद्रोही कह देते थे। हम तो कह रहे हैं आज भाजपा की सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में श्वेत पत्र जारी करें और बताए कि किसानों की भलाई के लिए उन्होंने क्या किया? ये 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात करते थे, अब आज किसानों का क्या हाल है, गन्ने के भुगतान का क्या हाल है, इन्होंने 14 दिनों में गन्ने का भुगतान हो जाएगा कहा था लेकिन आज की स्थितियां क्या है? महीनों बाद भी उन्हें गन्ने का भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने दलित समाज के लिए क्या किया? डबल इंजन होने के बाद भी डबल इंजन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धुआं छोड़ रहा है, आप नोएडा चले जाइए, आप गाजियाबाद चले जाइए, मेरठ जाइए, कहीं भी तो कुछ नहीं हुआ। विकास के नाम पर कहा जाता है कि जेवर एयरपोर्ट बन गया, गंगा एक्सप्रेस हाइवे बन रहा है लेकिन असलियत क्या है? आपने जमीन किसान की ली, मुआवजा आज तक उनको पूरा नहीं मिल पाया है, वो अपने मुआवजे के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जेवर में आपने जनता के पैसे से एयरपोर्ट बनाया, अडानी को थमा दिया, गंगा एक्सप्रेस हाइवे जिनकी जमीन पर बनाया, आज वो ही उस पर टोल टैक्स देने को मजबूर हैं तो कहीं न कहीं आप तो किसानों की जमीन को लूट रहे हैं, उन जमीनों को प्राधिकरण के माध्यम से बिल्डरों को थमा रहे हैं, वो सारा खेल जनता जान चुकी है और इस जनता का हम  पर पूर्ण विश्वास है। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आपको परिवर्तन देखने को मिलेगा।
कांग्रेस के लिए संगठन को मजबूत करना ज्यादा जरूरी है या विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की रणनीति?
स्वभाविक तौर पर संगठन को मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता है। मैं जहां-जहां जा रहा हूं इस बात को बिल्कुल खुलकर कह रहा हूं कि देखिए गठबंधन होगा, नहीं होगा, कब होगा? कैसे होगा? किसके साथ होगा? ये हमारा शीर्ष नेतृत्व जानता है लेकिन हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि परिदृश्य में हमारा इंडिया एलाइंस है। समाजवादी पार्टी उस इंडिया एलाइंस की हमारी पार्टनर सहयोगी दल है लेकिन आज हमारी परिस्थितियों में सबसे पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना हैै।

नैनीताल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच सामंजस्य कैसे स्थापित करेंगे?
नैनीताल मेरा परिवार है। नैनीताल ने मुझे पहचान दी है, मुझे सेवा करने का अवसर दिया है, मेरे पिताजी को भी। नैनीताल के सीमावर्ती गांव, चाहे बेतालघाट हो, चाहे रामगढ़ हो, चाहे कोटाबाग हो, वहां के जनमानस का हमारे परिवार को आशीर्वाद मिला है तो निःसंदेह वो तो मेरे लिए परिवार है लेकिन क्योंकि ये जिम्मेदारी मेरे को मिली है तो मैं इस जिम्मेदारी का निर्वहन तभी ईमानदारी से कर सकता हूं जब मैं यहां पर पूर्णतः समय दूं और अगर मैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्णतः समय दे रहा हूं तो यह बात भी सत्य है कि फिर मैं नैनीताल की महान जनता के साथ और अपने कार्यकर्ताओं से न्याय नहीं कर पाऊंगा। तो इसलिए जो 2027 के चुनाव का परिपेक्ष्य है, इसमें मेरी चीज बिल्कुल क्लियर है कि मैं इलेक्टोरल प्रोसेस से बाहर हूं। संगठन ने जो मुझे जिम्मेदारी दी है, उस मैं मजबूत करने का काम करूंगा।
उत्तराखण्ड में कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी क्या है? नेतृत्व, संगठन, गुटबाजी या जनता के बीच प्रभावी मुद्दों की कमी?
उत्तराखण्ड के परिपेक्ष्य में अगर देखें तो आज के परिदृश्य में हम इस चीज को महसूस भी कर रहे हैं कि परिवर्तन की बयार है। कांग्रेस संगठन के रूप में अगर आज देखा जाए तो हमारे प्रदेश अध्यक्ष जी बहुत बेहतर काम कर रहे हैं, सबको साथ लेकर चलने का काम कर रहे हैं और आपने देखा होगा कि पूरे विभिन्न मंचों में, विभिन्न कार्यक्रमों में कांग्रेस की एकजुटता दिख रही है जबकि ये सवाल मैं जानना चाहूंगा कि आज के परिपेक्ष्य में जो अनुशासन के लिए जाने जाने वाली पार्टी भारतीय जनता पार्टी कहीं न कहीं वहां पर गुटबाजी चरम पर हैं। जिस तरीके से हम देखते हैं कि मुख्यमंत्री के लिए आए दिन खबर आती रहती हैं, ये फैलाने वाले कौन लोग हैं? वह उन्हीं के लोग है, उन्हीं के नेता गण हैं। आज स्थितियां यह है कि मुख्यमंत्री के ऊपर जो कोर कमेटी की बैठक होती है उसमें ये आरोप लग जाता है कि भारतीय जनता पार्टी की बजाय वर्तमान उत्तराखण्ड में कांग्रेस के साथ शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता भी एकजुट है, संगठित है और जनता की आवाज बनने का काम कर रहा है।
कांग्रेस अगर 2027 में उत्तराखण्ड की सत्ता में लौटना चाहती है तो उसे भाजपा सरकार के खिलाफ किन तीन प्रमुख मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाना चाहिए?
किसी परीक्षा में पेपर लीक पकड़ी गई और वहां पर पता लगता है कि 30-40 लाख रुपए में नौकरी बेच दी गई और जो सरकार डबल इंजन की बात करती थी और कहते थे कि पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम आएगा तो आज आप देख लीजिए पलायन के रिकाॅर्ड को कि कितनी बुरी स्थिति है। लगभग प्रदेश के डेढ़ हजार गांव ऐसे हैं जो घोस्ट विलेज के नाम से जाने जा रहे हैं जहां पर एक भी आदमी मौजूद नहीं है। स्वभाविक है कि युवाओं की आवाज बनने का हम काम करेंगे। रोजगार सृजन और पेपर लीक के प्रकरण में हमारे उत्तराखण्ड के युवाओं का जो विश्वास डगमगाया है, टूटा है उसको पुनर्जीवित करने के लिए, दूसरा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता स्वभाविक रूप से है कि जिस तरीके के शिक्षा और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से हमारा पर्वतीय क्षेत्र वंचित है, उस क्षेत्र में हम एक ट्रांसपेरेंसी लाएंगे। हमारे कांग्रेस के समय में जितने भी मेडिकल काॅलेज की स्थापना हुई, उनकी आज स्थिति यह है कि जहां पर कांग्रेस उन्हें छोड़कर गई थी, वहीं पर वो जस के तस दिखते हैं, इन बुनियादी सुविधाओं के साथ ही हमें सबसे बड़ा मुद्दा जो आज करप्शन हो रहा है, हम इस सिस्टम को सुधारने का काम करेंगे। महिलाओं को सुवयत्ता, रोजगार सृजन से जोड़ने के लक्ष्य है। जनता की सरकार बनाना, सत्ता हथियाना हमारा लक्ष्य नहीं है, हमें जनता से सेवा का अवसर मांगना है और इन मुद्दों को लेकर हम चुनाव में जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *