एशियाई बादशाहत बचाने का इम्तिहान

एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय पुरुष हाॅकी टीम की अगली परीक्षा अब घरेलू मैदान पर होगी। 27 अक्टूबर से पंजाब के जालंधर और मोहाली में शुरू होने वाली एशियन चैम्पियंस ट्राॅफी 2026 के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताने के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अवसर दिया गया है। गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की वापसी चयन का प्रमुख आकर्षण है। भारत की कोशिश अपनी हालिया सफलता को बरकरार रखते हुए खिताब जीतने की होगी

भारतीय हाॅकी के लिए साल 2026 उपलब्धियों और नई उम्मीदों से भरा रहा है। एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया अब एक और महाद्वीपीय चुनौती के लिए तैयार है। इस बार मुकाबला किसी विदेशी मैदान पर नहीं बल्कि पंजाब की धरती पर होगा जहां हाॅकी केवल एक खेल नहीं, लोगों की भावनाओं और परम्परा से जुड़ी हुई है। ऐसे में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाली एशियन चैम्पियंस ट्राॅफी भारतीय खिलाड़ियों के लिए खिताब जीतने के साथ घरेलू दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने का इम्तिहान भी है। हाॅकी इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। चयन में उस कोर टीम को बरकरार रखा गया है जिसने हाल ही में एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड बरकरार रखा। टीम प्रबंधन का यह फैसला खिलाड़ियों के बीच तालमेल और आत्मविश्वास बनाए रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा सकता है। साथ ही कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका देकर भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

गौरतलब है कि भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका संतुलन है। डिफेंस से लेकर मिडफील्ड और फाॅरवर्ड लाइन तक ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह और संजय जैसे खिलाड़ियों पर रक्षापंक्ति को मजबूती देने की जिम्मेदारी होगी तो वहीं मिडफील्ड में हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह और नीलकंठ शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी खेल की गति और रणनीति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
टीम में युवा डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा और मिडफील्डर आदित्य अर्जुन लालागे को भी जगह मिली है। इन खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट सीनियर स्तर पर अपनी उपयोगिता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खेलने से उन्हें अंतरराष्ट्रीय हाॅकी की गति, दबाव और रणनीतिक जरूरतों को समझने का मौका मिलेगा। फाॅरवर्ड लाइन में अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा और मनदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों से आक्रामक खेल की उम्मीद रहेगी। भारतीय टीम को केवल गेंद पर नियंत्रण रखने से काम नहीं चलेगा बल्कि विरोधी टीम के सर्किल में पहुंचकर मिले अवसरों को गोल में बदलना भी जरूरी होगा। बड़े टूर्नामेंटों में अक्सर मुकाबले का फैसला इसी बात से होता है कि कौन-सी टीम सीमित मौकों का बेहतर इस्तेमाल करती है।
हरमनप्रीत की कप्तानी पर निगाहें
कप्तान हरमनप्रीत सिंह भारतीय हाॅकी के सबसे अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। उनकी भूमिका केवल डिफेंस सम्भालने तक सीमित नहीं रहती बल्कि पेनल्टी काॅर्नर के जरिए गोल करने की क्षमता भी उन्हें टीम के लिए विशेष बनाती है। आधुनिक हाॅकी में पेनल्टी काॅर्नर कई बार मैच का रुख बदल देते हैं। इसलिए भारत की सफलता में हरमनप्रीत की सटीकता और दबाव के बीच सही फैसले लेने की क्षमता का बड़ा योगदान हो सकता है। हालांकि किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर रहना जोखिम भरा होगा। विरोधी टीमें हरमनप्रीत को रोकने के लिए खास रणनीति अपना सकती हैं। ऐसे में जुगराज सिंह और अन्य आक्रामक खिलाड़ियों को भी पेनल्टी काॅर्नर पर जिम्मेदारी निभानी होगी। भारतीय टीम को अलग-अलग परिस्थितियों में गोल करने के विकल्प तैयार रखने होंगे। कप्तान के सामने एक और चुनौती टीम के प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की होगी। घरेलू दर्शकों के सामने खेलने से खिलाड़ियों को उत्साह मिलेगा लेकिन उसी के साथ अपेक्षाओं का दबाव भी रहेगा। शुरुआती मुकाबलों में संयम और अनुशासन बनाए रखना भारत की आगे की राह आसान कर सकता है।
गोल पोस्ट पर पाठक लिखेंगे पटकथा!
टीम चयन में गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक की वापसी भी चर्चा का विषय है। उनके साथ सूरज करकेरा को गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी भी खिताबी अभियान में गोलकीपर की भूमिका निर्णायक होती है। तेज रफ्तार हाॅकी में कुछ ही सेकंड के भीतर गोल करने का अवसर बन जाता है और गोलकीपर की एक सफल बचत पूरी टीम का मनोबल बढ़ा सकती है। ऐसे में पाठक का अनुभव भारतीय टीम के लिए उपयोगी हो सकता है। वहीं गोलकीपिंग में प्रतिस्पर्धा टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। मजबूत डिफेंस और गोलकीपर के बीच तालमेल भी उतना ही जरूरी होगा। भारत को पेनल्टी कार्नर बचाने, रिबाउंड पर नियंत्रण रखने और विरोधी टीम के तेज हमलों को रोकने पर विशेष ध्यान देना होगा।
पाकिस्तान आउट, बांग्लादेश इन
इस बार टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया है। पाकिस्तान ने भारत में खेलने के बजाय तटस्थ स्थल पर मुकाबले कराने की मांग की थी जिसे स्वीकार नहीं किए जाने के बाद उसने प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया। इसके बाद बांग्लादेश को अवसर दिया गया। इस बदलाव के कारण टूर्नामेंट में भारत, बांग्लादेश, चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर दर्शकों में अक्सर विशेष उत्साह रहता है लेकिन इस बार प्रतियोगिता का ध्यान अन्य एशियाई प्रतिद्वंद्वियों के साथ होने वाले मुकाबलों पर रहेगा। भारतीय टीम के लिए जरूरी है कि वह प्रतिद्वंद्वी के नाम से अधिक अपनी रणनीति और प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करे। टूर्नामेंट का स्तर तभी ऊंचा होगा जब सभी टीमें प्रतिस्पर्धी हॉकी खेलें और मुकाबले मैदान पर अपने प्रदर्शन से तय हों।
बांग्लादेश से पहला मुकाबला, फिर कठिन चुनौतियां

भारतीय टीम अपना पहला मैच 27 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, 1 नवम्बर को मलेशिया और 2 नवम्बर को दक्षिण कोरिया से मुकाबला होगा। लीग चरण में प्रत्येक मैच महत्वपूर्ण रहेगा क्योंकि इन्हीं परिणामों के आधार पर अगले दौर की स्थिति तय होगी। कागज पर किसी प्रतिद्वंद्वी को कमजोर मानना भारत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती मैच में टीम को अपनी लय स्थापित करनी होगी। चीन और जापान के खिलाफ गति तथा अनुशासन की परीक्षा होगी जबकि मलेशिया और दक्षिण कोरिया के मुकाबले तकनीकी कौशल और रणनीतिक धैर्य की मांग कर सकते हैं। भारत के लिए बेहतर होगा कि वह हर मैच को अलग चुनौती के रूप में देखे। लगातार मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और टीम संयोजन का प्रबंधन भी महत्वपूर्ण होगा। शुरुआती जीत से आत्मविश्वास जरूर बढ़ेगा लेकिन खिताब तक पहुंचने के लिए पूरे टूर्नामेंट में एक समान स्तर का प्रदर्शन जरूरी होगा।

क्या कहते हैं विश्लेषक
खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि भारत की सफलता के लिए पेनल्टी काॅर्नर का प्रभावी इस्तेमाल, डिफेंस में कम गलतियां और फाॅरवर्ड लाइन की गोल करने की क्षमता अहम होंगे। आधुनिक हाॅकी में गेंद को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ-साथ विरोधी के दबाव से निकलना और सही समय पर पास देना भी जरूरी है। छोटी-सी चूक से प्रतिद्वंद्वी को गोल का अवसर मिल सकता है। टीम को मैच के अलग-अलग चरणों में अपनी रणनीति बदलने की क्षमता भी दिखानी होगी। यदि प्रतिद्वंद्वी रक्षात्मक खेल अपनाता है तो भारत को धैर्य के साथ मौके बनाने होंगे। अगर सामने वाली टीम तेज आक्रमण करती है तो डिफेंस और मिडफील्ड के बीच तालमेल बनाए रखना होगा। खिलाड़ियों की फिटनेस और मानसिक मजबूती भी लम्बे टूर्नामेंट में निर्णायक साबित हो सकती है।
इस प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी निगाहें रहेंगी। अमनदीप लाकड़ा और आदित्य अर्जुन लालागे जैसे खिलाड़ियों के पास टीम में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर है। उनके लिए यह अनुभव भविष्य के बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी में उपयोगी हो सकता है वहीं एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम के सामने अब उस सफलता को लगातार प्रदर्शन में बदलने की चुनौती है। एक टूर्नामेंट में चैम्पियन बनना बड़ी उपलब्धि है लेकिन अगली प्रतियोगिता में फिर से उसी स्तर का खेल दिखाने के लिए तैयारी, अनुशासन और निरंतरता की जरूरत होती है।
एशियन चैम्पियंस ट्राॅफी भारतीय टीम को अपनी तैयारियों को परखने का अवसर भी देगी। घरेलू मैदान पर मजबूत प्रदर्शन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा सकता है। वहीं किसी अप्रत्याशित नतीजे से टीम को अपनी कमजोरियों का पता चलेगा। इसलिए इस टूर्नामेंट को केवल खिताब की लड़ाई नहीं बल्कि भारतीय हाॅकी की निरंतर प्रगति के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में भी देखा जा सकता है। बहरहाल भारतीय टीम के पास अनुभव, प्रतिभा और घरेलू समर्थन का अच्छा मेल है। अब असली परीक्षा मैदान पर होगी। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में खिलाड़ी यदि अपनी योजनाओं को सही ढंग से लागू करते हैं और दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखते हैं तो भारत खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार साबित हो सकता है। देश की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि टीम इंडिया अपनी स्वर्णिम लय को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाती है।
एशियन चैम्पियंस का गवाह बनेगा पंजाब
एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन जालंधर और मोहाली में किया जाएगा। लीग चरण के मुकाबले 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक जालंधर के ओलम्पियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होंगे। इसके बाद टूर्नामेंट का निर्णायक चरण मोहाली में खेला जाएगा। सेमीफाइनल 4 नवम्बर को और पदक मुकाबले 5 नवम्बर को निर्धारित हैं। पंजाब को भारतीय हाॅकी की नर्सरी कहा जाता है। राज्य ने देश को कई नामचीन खिलाड़ी दिए हैं और यहां हाॅकी को लेकर लोगों का उत्साह हमेशा खास रहा है। ऐसे में इस टूर्नामेंट की मेजबानी स्थानीय खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को करीब से देखने और उनके खेल को समझने का अवसर नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण होगा।
इस आयोजन का महत्व केवल मैदान पर होने वाले मुकाबलों तक सीमित नहीं है। बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी से खेल सुविधाओं, आयोजन क्षमता और हाॅकी के प्रति सार्वजनिक रुचि को भी बढ़ावा मिल सकता है। पंजाब के लिए यह अपने खेल इतिहास और परम्परा को फिर से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *