एशियन पैरा गेम्स 2026 भारत के नाम नया कीर्तिमान
एशियन पैरा गेम्स में भारत ने जापान के आईची-नागोया में 114 पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर चैथा स्थान हासिल किया। भारत ने 168 खिलाड़ियों के छोटे दल के साथ पिछली बार के 108 पदकों का रिकाॅर्ड पीछे छोड़ा। पैरा एथलेटिक्स ने 65 पदकों के साथ सबसे बड़ा योगदान दिया जबकि बैडमिंटन, तैराकी, निशानेबाजी और तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। निषाद कुमार और मोना अग्रवाल प्रमुख उपलब्धियों के केंद्र में रहे। अब चुनौती इस प्रदर्शन को निरंतर बनाए रखने, प्रशिक्षण सुविधाएं बढ़ाने और नए खेलों में पदक जीतने की क्षमता विकसित करने की है
जापान के आईची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 का समापन भारत के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। एक सप्ताह तक चली इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से न केवल देश का नाम रोशन किया बल्कि यह भी साबित किया कि उचित अवसर, प्रशिक्षण और संसाधन मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।
पदक तालिका में चीन 435 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। चीन ने 207 स्वर्ण, 117 रजत और 111 कांस्य पदक जीते। मेजबान जापान ने 64 स्वर्ण सहित 186 पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया जबकि उज्बेकिस्तान 45 स्वर्ण समेत 145 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत ने 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदकों के साथ कुल 114 पदक जीत चैथा स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया 100 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने पिछली प्रतियोगिता के 108 पदकों के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ दिया। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह रही कि भारतीय खिलाड़ियों ने पिछली बार की तुलना में छोटे दल के साथ यह सफलता हासिल की। भारत ने नागोया में 168 खिलाड़ियों का दल भेजा था जबकि हांगझोउ में आयोजित पिछले संस्करण में भारतीय दल में 309 खिलाड़ी शामिल थे। ऐसे में पदकों की संख्या में वृद्धि और पदक तालिका में चैथा स्थान हासिल करना भारतीय पैरा खेलों की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को दर्शाता है।
चौथा स्थान पाने से बढ़ी उम्मीदें
पदक तालिका का विश्लेषण करें तो भारत और शीर्ष तीन देशों के बीच अभी बड़ा अंतर दिखाई देता है। चीन का दबदबा उसकी व्यापक खेल व्यवस्था, खिलाड़ियों की संख्या और विभिन्न खेलों में मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है। जापान को घरेलू परिस्थितियों का लाभ मिला जबकि उज्बेकिस्तान ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भारत के लिए इन देशों के करीब पहुंचने का रास्ता केवल पदकों की कुल संख्या बढ़ाने से नहीं बल्कि स्वर्ण पदकों की संख्या और खेलों में अपनी भागीदारी का विस्तार करने से होकर गुजरेगा। हालांकि भारत की उपलब्धि को कम नहीं आंका जा सकता। किसी भी खेल प्रतियोगिता में पदकों की संख्या के साथ यह देखना भी जरूरी होता है कि दल ने किन परिस्थितियों में प्रदर्शन किया और भविष्य की सम्भावनाएं कितनी मजबूत हैं। इस कसौटी पर नागोया का अभियान भारतीय पैरा खेलों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
एथलेटिक्स ने निभाई सबसे बड़ी भूमिका
भारत की सफलता में पैरा एथलेटिक्स की सबसे बड़ी भूमिका रही। इस खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते। यानी भारतीय दल के कुल पदकों में आधे से अधिक योगदान इसी खेल का रहा। यह आंकड़ा बताता है कि दौड़, कूद और थ्रो जैसी स्पर्धाओं में भारत ने अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी है। पैरा एथलेटिक्स में खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी व्यक्तिगत मेहनत के साथ प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का अनुभव भी महत्वपूर्ण होता है। अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों के लिए तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, उपकरणों की गुणवत्ता और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन निर्णायक साबित होता है।
खासकर निषाद कुमार का प्रदर्शन इस प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षणों में रहा। उन्होंने पुरुषों की टी-47 श्रेणी में ऊंची कूद और लम्बी कूद, दोनों में स्वर्ण पदक जीते तो वहीं भाला फेंक में सुमित अंतिल ने भी भारत की पदक उम्मीदों को मजबूती दी। पैरा एथलेटिक्स में भारत का दबदबा केवल एक-दो खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहा बल्कि कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पदक जीतकर दल की सामूहिक ताकत को प्रदर्शित किया। कुछ मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने एक ही स्पर्धा में कई पदक हासिल किए, जिससे भारत की स्थिति और मजबूत हुई। हालांकि किसी एक खेल पर अत्यधिक निर्भरता को भविष्य की रणनीति के लिहाज से चुनौती के रूप में भी देखा जाना चाहिए। यदि भारत को आने वाले वर्षों में पदक तालिका में और ऊपर पहुंचना है तो पैरा एथलेटिक्स की मजबूती बनाए रखने के साथ अन्य खेलों में भी पदक जीतने की क्षमता बढ़ानी होगी।
मोना अग्रवाल ने रचा इतिहास
निशानेबाजी में मोना अग्रवाल का प्रदर्शन भारतीय अभियान की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल रहा। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच-1 स्पर्धा में भी स्वर्ण हासिल किया। दूसरी स्पर्धा में मोना ने 357.5 अंक के साथ विश्व रिकाॅर्ड बनाया। दो स्वर्ण पदकों के साथ उनका प्रदर्शन इस बात का उदाहरण रहा कि भारतीय पैरा खिलाड़ी केवल पारम्परिक रूप से मजबूत खेलों में ही नहीं बल्कि तकनीकी दक्षता की मांग करने वाली स्पर्धाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। मोना की उपलब्धि व्यक्तिगत सफलता के साथ भारत की खेल प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है। भारत ने पैरा तीरंदाजी में 6 और पैरा निशानेबाजी में 5 पदक हासिल किए। इन दोनों खेलों में प्रदर्शन यह संकेत देता है कि भविष्य में योजनाबद्ध निवेश और नियमित अंतरराष्ट्रीय अनुभव के माध्यम से पदकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
बैडमिंटन और तैराकी ने भी दिखाई ताकत
पैरा बैडमिंटन भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा पदक स्रोत रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने इस खेल में 3 स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि भारत ने पैरा बैडमिंटन में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखी है। बैडमिंटन की अलग-अलग श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों को गति, फुर्ती, रणनीति और शारीरिक संतुलन के साथ-साथ मैच के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना पड़ता है। भारतीय खिलाड़ियों ने इन क्षमताओं का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। हालांकि कुल पदकों की संख्या के लिहाज से पिछली प्रतियोगिता की तुलना में इस खेल में सुधार की गुंजाइश बनी हुई है।
तैराकी में भारत का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते जिनमें 3 रजत और 8 कांस्य शामिल थे। पिछले संस्करण की तुलना में इस खेल में भारत ने महत्वपूर्ण प्रगति की। तैराकी में बेहतर प्रदर्शन के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, विशेष प्रशिक्षकों, वैज्ञानिक अभ्यास पद्धतियों और नियमित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की आवश्यकता होती है।
तैराकी में भारत का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते जिनमें 3 रजत और 8 कांस्य शामिल थे। पिछले संस्करण की तुलना में इस खेल में भारत ने महत्वपूर्ण प्रगति की। तैराकी में बेहतर प्रदर्शन के लिए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, विशेष प्रशिक्षकों, वैज्ञानिक अभ्यास पद्धतियों और नियमित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की आवश्यकता होती है।
पैरा टेबल टेनिस में भारत को 7 कांस्य पदक मिले। पैरा जूडो और पैरा पावरलिफ्टिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने 2-2 पदक हासिल किए। इन परिणामों का महत्व इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि अलग-अलग खेलों में पदक जीतने से भारतीय दल की समग्र क्षमता का विस्तार होता है।
छोटे दल ने दिखाई बड़ी ताकत
नागोया में भारत की उपलब्धि का एक अहम पहलू खिलाड़ियों की संख्या और पदकों के अनुपात में दिखाई देता है। पिछली प्रतियोगिता में जहां भारत ने 309 खिलाड़ियों का दल भेजा था, वहीं इस बार 168 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके बावजूद पदकों की संख्या 108 से बढ़कर 114 हो गई। यह तुलना बताती है कि सीमित खिलाड़ियों के साथ भी भारत बेहतर परिणाम हासिल करने में सफल रहा। हालांकि केवल पदकों और खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर पूरी खेल व्यवस्था की गुणवत्ता का आकलन नहीं किया जा सकता। इसके लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण सुविधाओं, चोटों से बचाव, वित्तीय सहायता और प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसे पहलुओं को भी देखना होगा।
छोटे दल का बेहतर प्रदर्शन चयनित खिलाड़ियों की तैयारी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का संकेत हो सकता है लेकिन इसे भविष्य में खिलाड़ियों की संख्या सीमित रखने का आधार नहीं बनाना चाहिए। भारत जैसे बड़े देश के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर दिया जाए। देश के दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले कई दिव्यांग खिलाड़ियों के सामने खेल प्रशिक्षण तक पहुंचना ही एक बड़ी चुनौती है। आर्थिक कठिनाइयां, परिवहन की समस्याएं, सुलभ खेल परिसरों की कमी और परिवारों में जागरूकता का अभाव प्रतिभाओं के विकास को प्रभावित कर सकते हैं। यदि इन बाधाओं को दूर किया जाए तो भारत के पास अपने खेल आधार को और व्यापक बनाने की पर्याप्त सम्भावनाएं हैं।
क्या कहते हैं विश्लेषक
भारतीय पैरा खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन को लेकर जहां पीटी उषा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की तो वहीं विश्लेषक कहते हैं कि पैरा एथलेटिक्स में मजबूती और बैडमिंटन व तैराकी में बेहतर प्रदर्शन भारत की प्रमुख उपलब्धियां हैं। हालांकि इस सफलता को बरकरार रखने के लिए प्रतिभाओं की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय अनुभव, खेल विज्ञान और आर्थिक सुरक्षा पर ध्यान देना होगा। चीन, जापान और उज्बेकिस्तान से आगे निकलने के लिए भारत को दीर्घकालिक रणनीति अपनाकर अधिक खेलों में पदक जीतने की क्षमता विकसित करनी होगी। भारत की सफलता के तीन प्रमुख पक्ष हैं। पहला, पैरा एथलेटिक्स में मजबूत आधार तैयार होना। दूसरा, बैडमिंटन और तैराकी जैसे खेलों में पदक जीतने की क्षमता का विस्तार। तीसरा, कम खिलाड़ियों के साथ भी पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ना। अब एक महत्वपूर्ण सवाल भी सामने आता है कि क्या भारत इस सफलता को लगातार दोहरा पाएगा? एक प्रतियोगिता में रिकाॅर्ड बनाना महत्वपूर्ण है मगर खेल व्यवस्था की असली परीक्षा तब होती है जब खिलाड़ी अगले आयोजन में भी अपने प्रदर्शन को बनाए रखें और नए खिलाड़ी उनकी जगह लेने के लिए तैयार हों।
इसलिए मौजूदा सफलता केवल पदकों की संख्या पर ध्यान केंद्रित करना पर्याप्त नहीं होगा। भारत को यह देखना होगा कि किन खेलों में पदक जीतने की सम्भावनाएं सबसे अधिक हैं, किन स्पर्धाओं में खिलाड़ी मामूली अंतर से पीछे रह गए और किन क्षेत्रों में प्रशिक्षण या तकनीकी सहायता की कमी परिणामों को प्रभावित कर रही है। 114 पदक जीतना भारतीय खेल व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि है लेकिन आगे की राह आसान नहीं है। चीन ने 435 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। जापान और उज्बेकिस्तान भी भारत से काफी आगे रहे। इस अंतर को कम करने के लिए भारत को दीर्घकालिक योजना बनानी होगी।
बहरहाल एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। निषाद कुमार और मोना अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों ने साबित किया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। अब जरूरत इस सफलता को निरंतरता देने की है। इसके लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, नई प्रतिभाओं की पहचान और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के अवसर बढ़ाने होंगे। भारत का लक्ष्य केवल पदकों की संख्या बढ़ाना नहीं बल्कि अधिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष देशों को चुनौती देना होना चाहिए। नागोया की उपलब्धि भारतीय पैरा खेलों के लिए नई शुरुआत है।
