बद से बदतर होता पुलिस तंत्र

बद से बदतर होता पुलिस तंत्र

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और उत्तर प्रदेश पुलिस तथा असम  पुलिस के महानिदेशक रह चुके प्रकाश सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया में देखा। वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक भी रहे हैं। भारतीय पुलिस व्यवस्था में सुधारों के लिए उनके लम्बे संघर्ष और सर्वोच्च न्यायालय तक चली उनकी लड़ाई को याद करते हुए दिल्ली में हाल के दिनों में हुए धरने-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस के व्यवहार से जुड़े कुछ दृश्य दिमाग में घूमने लगे। प्रदर्शनकारियों को घसीटते पुलिसकर्मी, महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, शरीर पर चोट के निशान दिखाते युवा और पुलिस की मौजूदगी में दूसरे समूहों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर हमले की खबरें। इन सबके बीच एक सवाल बार-बार मन में उठता है कि क्या आजादी के 79 साल बाद भी हमारी पुलिस व्यवस्था औपनिवेशिक मानसिकता से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाई है? क्या हमने केवल पुलिस की वर्दी का रंग बदला है, या उस व्यवस्था का चरित्र भी बदला है जिसे अंग्रेजों ने भारतीयों पर शासन करने और विरोध की आवाजों को दबाने के लिए विकसित किया था?

दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटनाओं ने इस सवाल को फिर से सामने ला दिया है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने वीडियो जारी कर अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाए और आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। महिला प्रदर्शनकारियों ने भी दुर्व्यवहार की शिकायतें कीं। राहुल गांधी ने कुछ घायल प्रदर्शनकारियों को प्रेस के सामने पेश किया जहां उन्होंने अपने साथ हुई कथित ज्यादती के बारे में बताया। एक महिला प्रदर्शनकारी ने महिला पुलिसकर्मी चंचल यादव का नाम लेकर आरोप लगाए।
इस घटनाक्रम का दूसरा पहलू भी कम गम्भीर नहीं है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों और पत्रकारों पर कुछ लोगों द्वारा हमले किए जाने की खबरें सामने आईं। इन लोगों को दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़ा बताया गया। समाचार रिपोर्टों में पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों को पीटे जाने की बात कही गई और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई। यदि पुलिस किसी प्रदर्शनकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करती है लेकिन उसी के सामने किसी दूसरे समूह के लोग हिंसा करते हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी दिखाई देती है तो उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोकतंत्र में किसी नागरिक को यह अधिकार नहीं दिया जा सकता कि वह अपनी राजनीतिक विचारधारा के आधार पर दूसरे नागरिक को पीटे। यदि किसी स्थान पर निषेधाज्ञा लागू है और कोई उसका उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है लेकिन निषेधाज्ञा का उल्लंघन किसी व्यक्ति को हिंसा करने का अधिकार नहीं देता।
स्मरण रहे कि भारत में आधुनिक पुलिस व्यवस्था का मौजूदा संस्थागत ढांचा काफी हद तक ब्रिटिश शासन के दौर में विकसित हुआ। 1857 के विद्रोह के बाद अंग्रेजों के सामने चुनौती थी कि देश पर अपना नियंत्रण किस तरह बनाए रखा जाए। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में भारतीय पुलिस अधिनियम, 1861 बनाया गया। उस समय भारत एक स्वतंत्र देश नहीं था। यहां की जनता को अपने शासन का चुनाव करने का अधिकार नहीं था और पुलिस से अपेक्षा थी कि वह ब्रिटिश सत्ता के आदेश लागू करे, विद्रोहों को नियंत्रित करे और शासन को चुनौती देने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाए। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आंदोलनों को दबाने, नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने तथा प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करने की घटनाएं इसी औपनिवेशिक शासन व्यवस्था का हिस्सा थीं।
अंग्रेजों की पुलिस और आजाद भारत की पुलिस के बीच बुनियादी अंतर होना चाहिए था। अंग्रेजों के लिए पुलिस
औपनिवेशिक सत्ता बनाए रखने का माध्यम थी जबकि स्वतंत्र भारत में पुलिस का उद्देश्य संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है। 15 अगस्त 1947 को देश स्वतंत्र हुआ और 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ। नागरिकों को मौलिक अधिकार मिले। समानता, स्वतंत्रता और गरिमा लोकतांत्रिक व्यवस्था के आधार बने। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह हुई और राज्य की प्रत्येक संस्था से संविधान के अनुरूप काम करने की अपेक्षा की गई। ऐसे में पुलिस व्यवस्था में भी बुनियादी परिवर्तन होने चाहिए थे लेकिन स्वतंत्रता के बाद पुलिस व्यवस्था में बदलाव की गति और गहराई को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। पुलिस के संगठन, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक नियंत्रण में कई समस्याएं बनी रहीं। पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियों और तबादलों में राजनीतिक हस्तक्षेप की शिकायतें सामने आती रहीं। कई बार पुलिस की कार्रवाई को लेकर यह सवाल उठा कि क्या वह कानून के अनुसार काम कर रही है या राजनीतिक सत्ता की अपेक्षाओं के अनुरूप।
प्रकाश सिंह का योगदान इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस सुधारों के लिए लम्बी लड़ाई लड़ी और उनकी याचिका पर 22 सितम्बर 2006 को सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया। अदालत ने पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त करने, पुलिस प्रमुखों की नियुक्ति और कार्यकाल में स्थिरता लाने, जांच और कानून-व्यवस्था के कार्यों को अलग करने तथा पुलिस शिकायत प्राधिकरण स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्देश दिए। सवाल यह है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के दो दशक बाद भी पुलिस सुधारों की चर्चा इतनी प्रासंगिक क्यों बनी हुई है?
पुलिस सुधारों की सबसे बड़ी बाधाओं में राजनीतिक हस्तक्षेप एक महत्वपूर्ण समस्या है। सत्ता में बैठी सरकारें पुलिस से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा करती हैं जो स्वाभाविक है लेकिन समस्या तब पैदा होती है जब पुलिस से कानून के निष्पक्ष पालन के बजाय राजनीतिक सुविधा के अनुसार काम करने की अपेक्षा की जाने लगे। किसी सरकार के लिए यह सुविधाजनक हो सकता है कि पुलिस उसके विरोधियों के खिलाफ सख्ती दिखाए लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में पुलिस की भूमिका सरकार की राजनीतिक सुविधा से तय नहीं हो सकती। जो राजनीतिक दल विपक्ष में रहते हुए पुलिस की स्वतंत्रता की मांग करते हैं, उन्हें सत्ता में आने के बाद भी उन्हीं सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। पुलिस सुधार किसी एक दल के पक्ष या विपक्ष का विषय नहीं बल्कि संविधान और नागरिक अधिकारों का प्रश्न है।
यहां पुलिस और नागरिकों के सम्बंधों पर भी विचार करना जरूरी है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। हिंसक भीड़, अपराधियों और गम्भीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना करते हुए कई बार उनकी जान भी खतरे में होती है। समाज को पुलिसकर्मियों के इस काम का सम्मान करना चाहिए लेकिन पुलिस के काम की कठिनाइयों को स्वीकार करने का अर्थ यह नहीं है कि नागरिकों के अधिकारों की अनदेखी कर दी जाए। पुलिस की शक्ति का औचित्य इस बात में है कि वह कानून की रक्षा करे। किसी प्रदर्शनकारी को पीटना, हिरासत में दुर्व्यवहार करना या किसी व्यक्ति की शिकायत को उसकी राजनीतिक पहचान के आधार पर नजरअंदाज करना पुलिस की शक्ति का उचित इस्तेमाल नहीं है। एक लोकतांत्रिक पुलिस व्यवस्था का अर्थ कमजोर पुलिस नहीं बल्कि ऐसी सक्षम पुलिस है जो अपराधियों से सख्ती से निपट सके और अपने अधिकारों के इस्तेमाल में कानून की सीमाओं का पालन करे।
लोकतंत्र की असली परीक्षा उस समय होती है जब कोई नागरिक सरकार से असहमत होता है। चुनावों के दौरान जनता को अपनी पसंद व्यक्त करने का अधिकार मिलता है लेकिन लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है। धरना-प्रदर्शन, सवाल पूछना और सरकार की आलोचना करना भी लोकतांत्रिक जीवन का हिस्सा हैं। इन अधिकारों का इस्तेमाल कानून के दायरे में होना चाहिए लेकिन शांतिपूर्ण असहमति को अपने आप में अपराध नहीं माना जा सकता। यदि पुलिस किसी प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करती है तो उसे आवश्यकता और कानून के अनुरूप होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति हिंसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन प्रदर्शनकारी होने के कारण किसी व्यक्ति की गरिमा और अधिकार समाप्त नहीं हो जाते।
प्रकाश सिंह का वीडियो देखने के बाद दिल्ली की घटनाओं पर विचार करते हुए यही सवाल सामने आता है कि क्या हम वास्तव में औपनिवेशिक पुलिस व्यवस्था से आगे बढ़ पाए हैं? पुलिस का ढांचा, उसके अधिकार और उसकी जिम्मेदारियां समय के साथ बदल सकती हैं लेकिन संस्थागत मानसिकता बदलने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति और जवाबदेही जरूरी है। पुलिस को यह समझना होगा कि उसकी निष्ठा किसी राजनीतिक दल या सरकार के प्रति नहीं बल्कि संविधान और कानून के प्रति है। सरकारों को भी यह स्वीकार करना होगा कि पुलिस उनकी निजी संस्था नहीं है और नागरिकों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि पुलिस के पास शिकायत लेकर जाने पर उन्हें न्याय मिलेगा, न कि अपमान या प्रताड़ना का भय।
भारत को ऐसी पुलिस की जरूरत है जो हिंसा करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई करे, शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की रक्षा करे और अपने ही विभाग के किसी अधिकारी पर आरोप लगने पर निष्पक्ष जांच से पीछे न हटे। इसके लिए पुलिस शिकायत प्राधिकरणों को मजबूत करना, राजनीतिक हस्तक्षेप कम करना, पुलिसकर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण देना और कार्रवाई की पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना जरूरी है। पुलिस सुधारों को केवल किसी विवाद के बाद उठने वाली मांग बनाकर नहीं छोड़ा जा सकता। इन्हें शासन की स्थायी प्राथमिकता बनाना होगा।
प्रकाश सिंह ने पुलिस सुधारों के लिए जो लड़ाई लड़ी, उसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप सही हैं या नहीं, यह जांच के बाद तय होना चाहिए लेकिन इन घटनाओं ने जिस व्यापक प्रश्न को सामने रखा है, उससे बचा नहीं जा सकता। आजादी के 79 साल बाद भी यदि पुलिस की कार्यशैली को लेकर औपनिवेशिक मानसिकता के आरोप उठते हैं तो यह केवल पुलिस की छवि का सवाल नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र की संस्थागत मजबूती का सवाल है।
आजादी का अर्थ केवल विदेशी शासन से मुक्ति नहीं है। इसका अर्थ ऐसी संस्थाओं का निर्माण भी है जो नागरिकों को भय से मुक्त करें और उनके अधिकारों की रक्षा करें। पुलिस की वर्दी का उद्देश्य नागरिकों में डर पैदा करना नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना है। पुलिस का सम्मान तभी बढ़ेगा जब नागरिक यह विश्वास कर सकेंगे कि कानून सबके लिए समान है और किसी अधिकारी को अपने पद के कारण जवाबदेही से छूट नहीं मिल सकती। जिस दिन पुलिस के सामने खड़ा आम नागरिक खुद को असहाय नहीं, कानून द्वारा संरक्षित महसूस करेगा उसी दिन हम कह सकेंगे कि भारतीय पुलिस ने अपने औपनिवेशिक अतीत से आगे बढ़कर लोकतांत्रिक भविष्य की ओर वास्तविक कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *