गत सप्ताह दिल्ली पुलिसकर्मियों का अपने ही मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन पुलिस प्रशासन के लिए गम्भीर चेतावनी है। वकीलों से टकराव के बाद अधिकारियों के तबादले से उपजा असंतोष पुलिस बल में नेतृत्व और शिकायत निवारण व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। 1973 के पीएसी विद्रोह और 2019 के दिल्ली पुलिस प्रदर्शन के बाद सात साल में ऐसी पुनरावृत्ति अनुशासन की दीवारों में दरार का संकेत दे रही है
देश की राजधानी दिल्ली में गत सप्ताह 2 नवम्बर को एक असामान्य दृश्य देखने को मिला। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आंदोलनों को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी सम्भालने वाले पुलिसकर्मी स्वयं अपने मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। उनके हाथों में मांगों से सम्बंधित पोस्टर थे और वे अपने वरिष्ठ अधिकारियों के फैसलों के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उन्हें समझाने के लिए दिल्ली पुलिस के ही दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को आगे आना पड़ा। पुलिसकर्मियों का यह प्रदर्शन केवल वकीलों के साथ हुए विवाद या दो अधिकारियों के तबादले से उपजी नाराजगी तक सीमित नहीं माना जा सकता। इसने पुलिस संगठन के भीतर अधीनस्थ कर्मचारियों और नेतृत्व के बीच विश्वास, अनुशासन तथा शिकायत निवारण की व्यवस्था पर गम्भीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष चिंता की बात यह है कि दिल्ली पुलिस में ऐसा दृश्य पहली बार नहीं दिखाई दिया है। नवम्बर 2019 में भी वकीलों के साथ संघर्ष के बाद हजारों पुलिसकर्मी अपने ही मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने उतर आए थे। अब सात वर्ष बाद लगभग वैसी ही परिस्थितियों का दोबारा सामने आना बताता है कि पुलिस और वकीलों के बीच टकराव तथा पुलिसकर्मियों की शिकायतों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 23 अक्टूबर को दिल्ली के शाहदरा पुलिस थाने में हुई। यहां पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अधिवक्ता ललित बंसल के सिर में चोट लगने की खबर सामने आई। वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। सहायक पुलिस आयुक्त मनस्वी वशिष्ठ पर रिवाल्वर दिखाकर धमकाने का भी आरोप लगाया गया। दूसरी ओर पुलिसकर्मियों का कहना था कि वकीलों ने थाने में हंगामा किया, अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई। दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच अपेक्षित थी लेकिन मामला जल्द ही पुलिस और वकीलों के बीच व्यापक टकराव में बदल गया।
वकीलों ने सम्बंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया। दिल्ली की जिला अदालतों में कामकाज प्रभावित हुआ। आखिरकार 28 अक्टूबर को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया गया। वशिष्ठ को गांधी नगर से महिला एवं बाल विशेष पुलिस इकाई भेजा गया जबकि इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सुरक्षा इकाई में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद वकीलों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया लेकिन पुलिसकर्मियों के एक हिस्से में नाराजगी फैल गई। उनका आरोप था कि अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई वकीलों के दबाव में की गई और पुलिस का पक्ष पर्याप्त गम्भीरता से नहीं सुना गया।
दो नवम्बर की सुबह दिल्ली पुलिस मुख्यालय के गेट नम्बर एक पर पुलिसकर्मियों का जुटना शुरू हुआ। शुरुआती रिपोर्टों में करीब 80 से 100 कर्मचारियों की मौजूदगी बताई गई जबकि बाद में समाचार एजेंसी पीटीआई ने प्रदर्शनकारियों की संख्या लगभग 150 बताई। प्रदर्शन में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। उनकी मांग थी कि स्थानांतरित अधिकारियों को पुराने पदों पर बहाल किया जाए, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और शाहदरा प्रकरण में दोषी वकीलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।
प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन बनाए रखने और अपनी शिकायत उचित माध्यम से रखने का आग्रह किया लेकिन कर्मचारी पुलिस आयुक्त से सीधे बातचीत करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने पांच मांगें रखीं और पुलिस आयुक्त ने उचित
कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस घटनाक्रम ने एक असहज स्थिति पैदा कर दी। जिस पुलिस संगठन में आदेशों की अनुपालना और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है, उसी के कर्मचारी सार्वजनिक रूप से अपने नेतृत्व के फैसलों पर सवाल उठा रहे थे। हालांकि इस प्रदर्शन को औपचारिक सशस्त्र विद्रोह कहना उचित नहीं होगा लेकिन यह पुलिस बल के भीतर असंतोष की गम्भीर अभिव्यक्ति अवश्य है।
सात वर्ष पहले भी उठी थी बगावत की आवाज
दिल्ली पुलिस के इतिहास में नवम्बर 2019 का घटनाक्रम भी इसी प्रकार के टकराव के लिए याद किया जाता है। दो नवम्बर 2019 को तीस हजारी अदालत परिसर में पार्किंग विवाद के बाद पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। कई लोग घायल हुए और अदालत परिसर में हिंसा की घटनाएं सामने आईं। इसके तीन दिन बाद पांच नवम्बर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी और उनके परिजन जमा हो गए। करीब ग्यारह घंटे तक प्रदर्शन चला। तत्कालीन पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने प्रदर्शनकारियों से अनुशासन बनाए रखने और ड्यूटी पर लौटने की अपील की लेकिन काफी समय तक कर्मचारी प्रदर्शन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। पुलिसकर्मियों का कहना था कि वकीलों के साथ संघर्ष में उनके साथ न्याय नहीं हो रहा और उनकी सुरक्षा तथा सम्मान की अनदेखी की जा रही है।
सात वर्ष के अंतराल पर सामने आए दोनों घटनाक्रमों में उल्लेखनीय समानताएं हैं। दोनों बार विवाद वकीलों के साथ संघर्ष से शुरू हुआ। दोनों बार पुलिसकर्मियों ने अपने अधिकारियों के फैसलों पर असंतोष जताया और दोनों बार दिल्ली पुलिस मुख्यालय प्रदर्शन का केंद्र बना। इससे सवाल उठता है कि क्या पुलिस और वकीलों के बीच विवादों के समाधान के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था विकसित नहीं की जा सकी है?
जब उत्तर प्रदेश की पीएसी ने कर दिया था विद्रोह
पुलिस बल में असंतोष का सबसे गम्भीर ऐतिहासिक उदाहरण मई 1973 का उत्तर प्रदेश पीएसी विद्रोह है। उस समय कमलापति त्रिपाठी मुख्यमंत्री और इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री थीं। पीएसी जवानों में वेतन, महंगाई भत्ता, आवास, पदोन्नति, लम्बे ड्यूटी घंटे और वरिष्ठ अधिकारियों के व्यवहार को लेकर लम्बे समय से नाराजगी थी। अधिकारियों के निजी कार्यों में जवानों को लगाए जाने की शिकायतें भी थीं।
मार्च 1973 में अधीनस्थ पुलिसकर्मियों ने राज्य पुलिस कर्मचारी परिषद का गठन किया। अप्रैल में पीएसी की एक टुकड़ी ने विशिष्ट व्यक्ति की सुरक्षा ड्यूटी से पहले आयोजित परेड में शामिल होने से इनकार कर दिया। यह बढ़ते असंतोष का शुरुआती संकेत था। मई में मेरठ से शुरू हुआ आंदोलन लखनऊ, कानपुर और वाराणसी तक फैल गया। कई स्थानों पर जवानों ने अधिकारियों के आदेश मानने से इनकार कर दिया। कुछ जगहों पर हथियारबंद जवानों ने विद्रोह कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि राज्य सरकार को नियंत्रण बहाल करने के लिए सेना बुलानी पड़ी।
जब पुलिस के सामने उतारनी पड़ी सेना
वर्ष 1973 का उत्तर प्रदेश पीएसी विद्रोह पुलिस बल के इतिहास की सबसे गम्भीर घटनाओं में शामिल है। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलन के दौरान पीएसी के कुछ जवानों ने छात्रों का समर्थन कर दिया। देखते ही देखते स्थिति हिंसा और आगजनी में बदल गई। विश्वविद्यालय के कई भवनों और कार्यालयों को नुकसान पहुंचा तथा महत्वपूर्ण अभिलेख जलकर नष्ट हो गए। 22 मई 1973 की समकालीन समाचार रिपोर्टों के अनुसार, परिसर से पीएसी की टुकड़ियां हटाकर सेना तैनात करनी पड़ी। छात्रावासों के आसपास कंटीले तार लगाए गए और आवाजाही नियंत्रित की गई। कानपुर में हालात और भयावह हो गए। यहां सेना और विद्रोही पीएसी जवानों के बीच करीब 15 मिनट तक गोलीबारी हुई। इतिहासकार पाॅल आर. ब्रास के अनुसार, इस विद्रोह में लगभग 34 से 35 पीएसी जवानों की मौत हुई और करीब 380 गिरफ्तारियां हुईं। सरकार को महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी और जवानों से हथियार जमा कराए गए। इस घटना ने मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी सरकार की प्रशासनिक क्षमता पर सवाल खड़े किए। 12 जून 1973 को प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू हुआ। हालांकि इसके पीछे व्यापक राजनीतिक परिस्थितियां थीं लेकिन पीएसी विद्रोह ने संकट गहरा दिया था।
वर्ष 1979 में भी फैला था पुलिस असंतोष
पीएसी विद्रोह अकेला उदाहरण नहीं है। 1967 में दिल्ली में पुलिसकर्मियों की संगठित हड़ताल हुई थी। इसके बाद 1979 में देश के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बलों के भीतर आंदोलन सामने आए। यह असंतोष केवल राज्यों की नागरिक पुलिस तक सीमित नहीं रहा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कुछ हिस्से भी प्रभावित हुए। पूर्व पुलिस अधिकारी और शोधकर्ता के. एस. सुब्रमण्यम ने अपनी पुस्तक ‘पाॅलिटिकल वायलेंस एंड द पुलिस’ इन इंडिया में इन घटनाओं का विश्लेषण किया है। उनके अध्ययन में पुलिसकर्मियों की सेवा शर्तों, वेतन, आवास, पदोन्नति, कार्य परिस्थितियों और वरिष्ठ अधिकारियों के व्यवहार को असंतोष के प्रमुख कारणों के रूप में रेखांकित किया गया। इन ऐतिहासिक घटनाओं ने पुलिस संगठनों में प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था की आवश्यकता को सामने रखा था।
अनुशासन और अधिकारों का सवाल
पुलिस बल का अनुशासन सीधे नागरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा है। पुलिस के पास गिरफ्तारी, बल प्रयोग और हथियार रखने जैसी विशेष शक्तियां होती हैं। पुलिस बल (अधिकारों का प्रतिबंध) अधिनियम, 1966 उसकी कुछ संगठनात्मक और आंदोलन सम्बंधी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाता है लेकिन इससे जवानों की शिकायतों की अनदेखी उचित नहीं हो जाती। पुलिसकर्मियों को भी निष्पक्ष व्यवहार और न्याय का अधिकार है। वकील द्वारा पुलिसकर्मी से मारपीट हो या पुलिसकर्मी द्वारा वकील से, दोनों मामलों में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई जरूरी है। कानून की नजर में न खाकी और न काला कोट विशेष संरक्षण का अधिकारी है।
दिल्ली पुलिस सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। इसलिए पुलिसकर्मियों के बार-बार सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और मंत्रालय की प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वर्ष 2019 में भी दिल्ली पुलिसकर्मियों ने मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। सात साल बाद फिर वैसी ही स्थिति सामने आई है। दोनों घटनाओं की पृष्ठभूमि में वकीलों के साथ टकराव रहा। इससे पुलिसकर्मियों की शिकायतों के समाधान, नेतृत्व पर भरोसे और पुलिस- वकील सम्बंधों के प्रबंधन पर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि 1973 के पीएसी विद्रोह और दिल्ली पुलिस के मौजूदा प्रदर्शन की परिस्थितियां अलग हैं। दिल्ली में सशस्त्र विद्रोह जैसी स्थिति नहीं है लेकिन इतिहास बताता है कि पुलिस बल के भीतर असंतोष की अनदेखी गम्भीर परिणाम पैदा कर सकती है।
जिस पुलिस से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा की अपेक्षा की जाती है, उसी के जवानों को अपने मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन क्यों करना पड़ रहा है? यह सवाल केवल पुलिस आयुक्त तक सीमित नहीं है बल्कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के सामने भी है। शिकायतों का निष्पक्ष समाधान, अधिकारियों की जवाबदेही और पुलिस बल में अनुशासन के साथ विश्वास कायम रखना मंत्रालय की जिम्मेदारी है। दिल्ली की ताजा घटना इस व्यवस्था की गम्भीर समीक्षा की मांग करती है।