स्वरा भास्कर ने समाजवादी पार्टी के नेता फहद अहमद से की शादी

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने समाजवादी पार्टी के नेता फहद अहमद से शादी की है। स्वरा ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर दोनों की एक फोटो और वीडियो शेयर कर अपनी शादी की जानकारी दी है। इसमें वीडियो में दोनों द्वारा की गई रजिस्टर्ड शादी के दस्तावेज भी हैं। दस्तावेजों के मुताबिक दोनों ने 6 जनवरी 2023 को मुंबई में शादी की थी।

फहद अहमद समाजवादी पार्टी की यूथ विंग के मुंबई और महाराष्ट्र डिवीजन के अध्यक्ष हैं। फरवरी 1992 में जन्मे फहद उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं। फहाद ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। फिर एम-फिल करने के लिए मुंबई के टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में आ गए। यहीं से उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया।

टाटा संस्थान में अध्ययन के दौरान, फहद अहमद को छात्र संघ के महासचिव के रूप में चुना गया और 2017 से 2018 तक इस पद पर रहे। अब वह यहां से पीएचडी कर रहे हैं।

सीएए के खिलाफ मार्च के दौरान चर्चा

टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में 2017-18 में एससी-एसटी और ओबीसी छात्रों के लिए ट्यूशन फीस में बढ़ोतरी के बाद संस्थान के परिसर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान फहद अहमद सुर्खियों में आए थे। वंचित बहुजन अघाड़ी के अध्यक्ष प्रकाश अंबेडकर ने इस मार्च का समर्थन किया। इसके बाद उन्होंने मुंबई में सीएए कानून के खिलाफ मार्च निकाला।

अबू आज़मी के साथ घनिष्ठ संबंध

फहद अहमद समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के विश्वासपात्र हैं। यह आजमी ही थे जो अहमद को पार्टी और राजनीति में लाए। जुलाई 2022 में, वह अबू आज़मी और रईस शेख की उपस्थिति में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।