sport

बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने 2-1 से जीती टी-20 सीरीज

भारत और बांग्लादेश के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज का अंतिम और निर्णायक  मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग का फैसला किया। भारत की बल्लेबाजी में कप्तान रोहित शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन भारतीय बल्लेबाज इससे बेपरवाह अच्छी बल्लेबाजी करते रहे। शिखर धवन भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सके और भारत का  स्कोर छह ओवरों में 2 विकेट पर 35 रन हो गया। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने इसके बाद कमान संभाली।  दोनों बल्लेबाजों ने सेट होने में थोड़ा सा समय लिया और फिर अपने शॉट खेलने शुरू किए।

राहुल और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी से पारी को पटरी पर लाने का प्रयास किया। राहुल 35 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रन बनाने की कमान श्रेयस अय्यर ने संभाली। ऋषभ पंत एक बार फिर असफल रहे। राहुल की विकेट के बाद बांग्लादेश मैच पर नियंत्रण बनाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने आफिफ हुसैन को गेंदबाजी पर लगाया।

श्रेयस अय्यर ने उनकी पहली तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़ दिए। पहले दो छक्के लगाने के बाद दर्शक उत्साह में थे। हुसैन जब तीसरी गेंद के लिए दौड़े तो स्टेडियम में खूब हल्ला हुआ। अय्यर ने तीसरी गेंद को भी सीमा पार पहुंचा दिया। अय्यर ने तीन लगातार छक्के मारकर गेंदबाज का हौसला तोड़ दिया। यहीं से गेम का मूमेंटम बदल गया। इसी ओवर में मुंबई के श्रेयस अय्यर ने अपने करियर का पहला  अर्द्धशतक पूरा किया।उन्होंने 62 रनों  की पारी खेली। अय्यर ने 33 गेंदों की अपनी पारी में पांच छक्के और तीन चौके जड़े।  अय्यर ने इस सीरीज में भारत के लिए सर्वाधिक 108 रन ठोके हैं ।

निर्णायक मैच के हीरो बने दीपक चाहर

भारतीय गेंदबाजी में दीपक चाहर ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी-20 सीरीज में बड़ी उपलब्धि अपने नाम की । नागपुर में खेले गए टी-20 मुकाबले में भारत के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने हैट्रिक लेकर नया रिकॉर्ड बना दिया है । वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय पुरुष गेंदबाज बन गए हैं। चाहर ने मात्र 3.2 ओवर में सात रन देकर छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। चाहर ने पहले 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शफिउल इस्लाम का शिकार किया और उसके बाद 20वें ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर भी लगातार दो विकेट लेकर अपनी पहली हैट्रिक पूरी कर ली।चाहर ने अपनी शानदार गेंदबाजी के साथ ही श्रीलंका के अजंता मेंडिस के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। मेंडिस ने जहां आठ रन देकर छह विकेट झटके थे वहीं चाहर ने सात रन देकर ही छह विकेट झटक लिए।बुमराह और भुवनेश्वर की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज चाहर ने बांग्लादेश के खिलाफ पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ विकेट अपने नाम किए। उन्हें उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए नागपुर टी-20 में मैन ऑफ द मैच का अवार्ड भी दिया गया।

तीसरे और निर्णायक टी-20  मैच में मेहमान टीम बांग्लादेश को 30 रनों से मात देकर तीन मैचों की टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 174 रन बनाए और बांग्लादेश को जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य दिया,जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 144 रन ही बना सकी। बांग्लादेश के लिए सबसे अधिक रन मोहम्मद नईम ने 81 रनों की पारी खेली,उनके अलावा, मोहम्मद मिथुन ने 27 रनों का योगदान दिया।

You may also like

MERA DDDD DDD DD