रूस और यूक्रेन की जंग के बीच एक नाम अचानक से मीडिया की सुर्ख़ियों में छाया हुआ है। ये नाम है रूस की पूर्व जिमनास्ट और राजनीतिज्ञ एलिना कबाएवा का। एलिना जिम्नास्ट के साथ एक समय में रूस की सबसे फ्लेक्सिबल बॉडी का खिताब भी पा चुकी हैं। लेकिन इस वजह से उनका नाम चर्चा में नहीं है। बल्कि चर्चा की वजह है रूस के राष्ट्रपति पुतिन से उनका नाम जोड़ा जाना।
दरअसल, उन्हें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कथित सीक्रेट गर्लफ्रेंड के तौर पर भी जाना जाता है। मीडिया में आई खबरों में तो यहां तक कहा गया है कि राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें करोड़ों रुपये के गिफ्ट दे चुके हैं और उनके ही गिफ्ट के तौर पर दिए गए एक आलीशान मकान में वो रहती हैं। इतना ही नहीं एलिना और पुतिन के रिश्तों पर यहां तक बात कही जाती है कि इनके तीन बच्चे भी हैं जिनका कभी नाम तक भी सामने नहीं आया है।
अब एलिना पर नहीं कोई प्रतिबंध
विश्व के कई देशों ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत उनके करीबी कई नेताओं और सहयोगियों पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन एलिना पर किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक ख़बर के अनुसार, अमेरिका पुतिन की कथित ‘गर्लफ्रेंड’ व पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट अलीना कबाएवा पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में था, लेकिन अंतिम क्षण में ऐसा नहीं किया गया।
इसके पीछे की वजह यह बताई गई कि पुतिन इसे निजी हमला मान सकते हैं और इससे शांति बहाल के प्रयासों को धक्का लग सकता है। हालांकि, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने 25 अप्रैल को दैनिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन दावों को खारिज कर दिया, जिसमें यह कहा जा रहा था कि अमेरिका जानबूझकर रूस के राष्ट्रपति पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड पर प्रतिबंध नहीं लगा रहा है। साकी से जब पूछा गया कि रूसी नेता और जिमनास्ट रह चुकीं अलीना कबाएवा पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई है तो उन्होंने कहा, “हम लगातार प्रतिबंधों की समीक्षा कर रहे हैं।”
कौन है एलिना कबाएवा ?
एलिना ने वर्ष 2004 में एथेंस में हुए ग्रीष्मकालीन ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल कर सभी का फ़्रांस के लोगों के दिल में जगह बना ली थी। वर्ष 2008 के बाद से ही उनके और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच के रिश्तों पर कई बार कई तरह की बातें होती रही हैं। 38 वर्ष की एलिना वर्ष 2015 में उस वक्त भी सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने इटली के शहर लुगानो में एक बच्ची को जन्म दिया था। कहा जाता है कि ये बच्ची राष्ट्रपति पुतिन की है। इसके दावे के तौर पर यहां तक कहा जाता है कि पुतिन कई बार सीक्रेट तौर पर एलिना से मिलते रहे हैं। इसके बाद वर्ष 2019 में उन्होंने मास्को के एक अस्पताल में दो बच्चों को जन्म दिया था। इस दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया था। इसके बाद भी यही बात कही गई थी।
हालांकि राष्ट्रपति पुतिन ने इन खबरों को कभी सही नहीं बताया है। एलिना बीते सात वर्षों से भी अधिक समय से रूस समर्थित नेशनल मीडिया ग्रुप में बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की प्रेसिडेंट भी हैं।
जंग में एलिना का नाम कैसे आया ?
अब रूस और यूक्रेन की जंग के बीच उनका नाम आना अपने आप में काफी दिलचस्पी का विषय बन चुका है। दरअसल, इसकी वजह एक ऑनलाइन याचिका है। कहा जाता है कि एलिना कथित रूप से स्विट्जरलैंड में छिपी हुई हैं। यूक्रेन के करीब 56 हजार लोगों ने एलिना को स्विट्जरलैंड से बाहर निकालने के लिए इस याचिका पर दस्तखत किए हैं। इन लोगों का मानना है कि स्विट्जरलैंड ने एक ऐसे व्यक्ति को अपने यहां पर शरण दे रखी है जिसका सहयोगी यूक्रेन पर बर्बर हमले कर आम लोगों की जान ले रहा है। ऐसे में एलिना को वहां रहने का कोई हक नहीं है।