सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच चल रहे तनाव के बीच अब दोनों देशों के संबंध एक बार फिर मधुर होने की उम्मीद नजर आ रही है।
सोमवार, 19 जुलाई को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाक़ात के लिए UAE के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन ज़ायद रियाद पहुंचे थे। इस मुलाकात में कई विषयों पर चर्चा हुई। इसकी जानकारी सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी द्वारा दी गई है।
समाचार एजेंसी के अनुसार, दोनों देशों के तीन-तीन आला अधिकारी दोनों क्राउन प्रिंस की मीटिंग के दौरान मौजूद थे। दोनों देशों के ऊर्जा मंत्रियों की ओर से तेल उत्पादन को लेकर इस मुलाक़ात के एक दिन पहले तेल उत्पादन को लेकर एक समझौते का एलान किया गया था।
प्रिंस शेख मोहम्मद और प्रिंस सलमान के बीच हालिया क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर विस्तृत चर्चा हुई।
दोनों देशों के क्राउन प्रिंस की ये मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कारण अपने देशों में दोनों ही प्रिंस को सत्ता के उत्तराधिकारी के तौर पर देखे जाते हैं और ये कयास भी लगते रहे हैं कि इनके बीच क्षेत्रीय प्रभुत्व, व्यापार और निवेश को लेकर प्रतिद्वंद्विता जारी है।
वहीं उम्र को लेकर भी दोनों क्राउन प्रिंस के बीच बड़ा फ़ासला है। प्रिंस शेख मोहम्मद करीब 60 साल के हैं जबकि प्रिंस सलमान करीब 35 वर्ष के हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक समय था जब दोनों के रिश्ते भाइयों जैसे मधुर थे।
उस जमाने में दोनों साथ में ‘शिकार’ करने जाया करते थे। यमन में संघर्ष का फैसला भी दोनों ने आपसी सहमति से लिया और कतर से संबंध तोड़ने को लेकर भी उनके बीच समझ का भाव था। वर्ष 2017 के अंत में, दोनों देशों ने सैन्य, राजनीतिक, आर्थिक, व्यावसायिक और सांस्कृतिक मामलों में एक नई साझेदारी की घोषणा की। लेकिन हाल के वर्षों में दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मुद्दों पर मतभेद सामने आए हैं। विशेष रूप से, यमन में चल रहे संघर्ष और कतर के साथ संबंधों को लेकर असहमति थी। राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे दोनों के बीच संबंधों में आए बदलाव के रूप में देखा। लेकिन हाल ही में हुई मुलाकात से संकेत हैं कि एक बार फिर दोनों देशों के बीच रिश्ते तनावमुक्त हो जाएंगे।