अमेरिका ने शांति वार्ता रद्द करने के बाद अब अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। अमेरिका ने अफगान बलों के साथ संयुक्त अभियान में तालिबान के करीब 90 आतंकियों को ढेर कर दिया। साथ ही 20 आतंकियों के घायल होने की भी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ,अफगानिस्तान के दक्षिण पूर्वी प्रांत पकतीका में 15 सितंबर को तालिबान के खिलाफ संयुक्त आतंक रोधी अभियान चलाया गया था। इस अभियान में अमेरिका ने हवाई हमले से अफगान बलों की मदद की थी। अफगान नेशनल आर्मी कॉर्प के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि संयुक्त अभियान के दौरान 90 आतंकी मारे गए और 20 घायल हुए। सुरक्षा बलों ने आतंकियों की 23 मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर और कई हथियार भी तबाह कर दिए।
शांति वार्ता रद होने के बाद तालिबान के खिलाफ अमेरिका की यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महीने के शुरू में तालिबान के साथ शांति वार्ता उस समय रद्द कर दी थी, जब दोनों पक्ष समझौते की दहलीज पर पहुंच गए थे। बावजूद इसके अफगानिस्तान में तालिबान के हमले में कोई कमी नहीं आई थी। इससे पहले अफगानिस्तान के सामंगन प्रांत में तालिबान के खिलाफ अभियान चलाया गया था। यहां पर किए गए हवाई हमले में तालिबान ग्रुप कमांडर मुल्ला नूरुद्दीन समेत 12 आतंकी मारे गए थे। अफगान सेना के प्रवक्ता मुहम्मद हनीफ ने कहा कि दारा-ए-सूफ पयान जिले में आतंकियों के छुपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद लड़ाकू विमानों से 15 सितंबर की सुबह उनके ठिकानों को निशाना बनाया।