इस वक्त पूरी दुनिया की नजरें रूस-यूक्रेन युद्ध पर हैं। यूक्रेन रूस का आक्रामक हमला झेल रहा है। साथ ही अपने अस्तित्व के लिए संघर्षरत है। रूस की सेना यूक्रेन पर पूरी तरह से कब्जा करने लगी हैं। हर तरफ हवाई हमले हो रहे हैं। यूक्रेन को हराने के लिए रूस कोई मौका नहीं छोड़ रहा है। इस बीच रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन के क्षेत्र में अमेरिका द्वारा सैन्य जैविक गतिविधियां की जा रही हैं। रूस के इस दावे पर आज, 11 मार्च को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बैठक हो रही है और चर्चा जारी है।
गौरतलब है कि 10 मार्च को ही संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत दिमित्री पालींस्की द्वारा एक ट्वीट के माध्यम से यह अपील की थी।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा द्वारा लगाए गए इन आरोपों का व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने ट्वीट के जरिए जवाब दिया। साकी ने चेताते हुए कहा कि रूस यूक्रेन के खिलाफ रासायनिक या जैविक हथियारों का उपयोग कर सकता है, जिस पर उसने आक्रमण किया है। साकी ने रूस के दावे को बेतुका बताया और कहा कि यह रूस द्वारा यूक्रेन पर अपने आगे के पूर्व नियोजित हमले को सही ठहराने की एक स्पष्ट चाल है।
यह भी पढ़ें : दुनिया भर की एयरलाइंस तक पहुंची प्रतिबंधों की आंच
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने इस बीच कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन जो यूक्रेनी सरकार के साथ काम कर रहा है उसने यूक्रेनी सरकार की ओर से इस प्रकार की किसी भी गतिविधि को नकारा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने पहले ही आक्रमण का बहाना बनाने के लिए रूस के इस झूठ के बारे में चेतावनी दी थी। स्टीफन के अनुसार व्हाइट हाउस ने चेताया था कि रूस पुरानी लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए एक ढोंग रचने की कोशिश कर सकता है।