दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका इन दिनों गोलीबारी जैसी घटनाओं से त्रस्त है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में गोली की घटना से एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई है। घटना बुधवार शाम की है जब एक अज्ञात व्यक्ति ने कैलिफोर्निया के आरेंज सिटी के एक बिजनेस काम्प्लेक्स में गोलीबारी की। गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल भी हो गया। हालांकि पुलिस ने गोली चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस के साथ हुई झड़प में काफी चोटें भी आई। अमेरिका में पिछले दो हफ्तों में गोलीबारी की यह तीसरी घटना है।
ऑरेंज सिटी पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें एक व्यक्ति द्वारा 202 डब्ल्यू लिंकन एवेन्यू में गोली चलाने की सूचना मिली थी। इस बिजनेस कॉम्प्लेक्स में छोटे-बड़े बिजनेस के कई दफ्तर हैं। आरोपी का काबू करने के अभियान में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब जनता को कोई खतरा नहीं है और परिस्थिति काबू में है। गवर्नर गेविस न्यूजोम ने घटना की निंदा की और घटना को भयानक और दिल दहला देने वाली बताया। अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम पीड़ितों के साथ खड़े है। गेविस ने आगे कहा कि ऑरेंज काउंटी में गोलीबारी की खबरों से काफी दुखी हूं, और बार-बार मेरे दिमाग में पीड़ितों का ख्याल आ रहा है, हमें अभी बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। मैं और मेरे साथी बारीकी से परिस्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।’
एक सप्ताह पहले ही अटलांटा में स्पा में गोलीबारी की घटना हुई थी। जिसमें आठ लोग मारे गए थे। जिनमें 6 लोग एशियाई मूल के थे। इस घटना के 6 दिन बाद बोल्डर शहर में एक और घटना घटी जहां एक व्यक्ति ने सुपरमार्केट में गोलीबारी करके 10 लोगों की हत्या कर दी थी। अमेरिका में इस तरह की घटनाएं आम हो जा रही है। जहां हर दिन कोई न कोई व्यक्ति कभी भी कही भी गोलीबारी कर रहा है।