पिछले दो महीने से भी ज्यादा समय से जारी रूस – यूक्रेन युद्ध में रूसी सैनिक यूक्रेनी शहरों में मिसाइलें दाग रहे हैं। हाल ही में रूस ने न्यूक्लियर मिसाइलें दागने का अभ्यास किया। जिससे यूक्रेन में परमाणु हमले का खतरा बढ़ गया था। इसी बीच अब अब रूस के सुर बदल गए हैं। दरअसल इस गहमागहमी के बीच रूस द्वारा यूक्रेन पर परमाणु हमलों की आशंकाओं को देखते हुए रूस ने साफ किया कि वो यूक्रेन पर परमाणु हमला नहीं करेगा। रूस ने कहा कि उसका ऐसा करने का कोई इरादा नहीं है और इन हथियारों का इस्तेमाल होना भी नहीं चाहिए।
रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एलेक्सी जैतसेव ने पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रूस परमाणु हमले न करने के सिद्धांत का पालन करता है। इस तरह के हमलों से कोई देश विजेता नहीं हो सकता। अमेरिका पर निशाना साधते हुए जैतसेव ने कहा कि वो यूक्रेन को उकसाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।
अमेरिका में रूस के राजदूत एनातोली एंतोनोव ने कहा कि हमारे देश की परमाणु नीति पर रूसी अधिकारियों के बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है। एंतोनोव ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन की स्थिति से गैर जिम्मेदाराना तरीके से निपट रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाटो के रुख और लगातार यूक्रेन को दी जा रही मदद से परमाणु युद्ध को लेकर तनाव भड़काया जा रहा है। इधर, 8 मई को G-7 नेता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेसेंस्की के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगे।
पुतिन की गर्लफ्रेंड पर बैन लगाने की तैयारी में यूरोपीय संघ
रूस पर दबाव बनाने की रणनीति के तहत पश्चिमी देशों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के नजदीकी लोगों पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। इसी क्रम में यूरोपियन यूनियन पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड अलीना काबेवा और रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख पैट्रिआर्क किरिल पर बैन की तैयारी कर रहा है। किरिल ने यूक्रेन में युद्ध के लिए पुतिन को आशीर्वाद दिया था।
रूस–यूक्रेन जंग में अब तक क्या – क्या हुआ
डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्र में यूक्रेन की सेना ने रूस के 8 टैंक और 5 बख्तरबंद वाहनों को तबाह कर दिया है। वहीं, यूक्रेन ने दावा किया कि रूस ने हम पर 2,000 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। रूस ने क्रामटोरस्क शहर में यूक्रेनी हथियार डिपो और एक मिग-29 को तबाह कर दिया। बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा कि बेलारूस यूक्रेन में चल रहे रूस के विशेष सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं बनेगा। मारियुपोल के अजोवस्टल स्टील प्लांट से 500 लोगों को बाहर निकाला गया। यूरोपीय संघ रूसी तेल पर बैन लगा सकता है, लेकिन हंगरी इस प्रतिबंध के समर्थन में नहीं है। हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने कहा कि ऐसा करना हमारी अर्थव्यवस्था पर परमाणु बम गिराने जैसे होगा।
जॉर्ज बुश ने बताया जेलेंस्की को आज का चर्चिल
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से वर्चुअली बात की। इसके अलावा बुश ने सोशल मीडिया पोस्ट में जेलेंस्की की तारीफ करते हुए उन्हें आज का विंस्टन चर्चिल बताया है। बुश ने लिखा कि जेलेंस्की की लीडरशिप और आजादी के लिए उनकी प्रतिबद्धता तारीफ के काबिल है।
यूक्रेनी शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी जिल बाइडेन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडेन कल 8 मई को स्लोवाकिया में यूक्रेनी शरणार्थियों के साथ मदर्स डे मनाएंगी। जिल रोमानिया और स्लोवाकिया की चार दिन की यात्रा पर हैं। दूसरी तरफ मारियुपोल के स्टील प्लांट में फंसे लोगों को निकालने का सिलसिला 6 मई से फिर शुरू हो गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के सबसे बड़े जंगी जहाज मस्क्वा को डुबाने में अमेरिका ने यूक्रेन की मदद की थी। हालांकि पेंटागन ने इस बयान को खारिज कर दिया है। एक बयान में पेंटागन ने कहा कि हमने मस्क्वा को टारगेट बनाने से जुड़ी कोई भी जानकारी यूक्रेन को नहीं दी। जहाज को लेकर यूक्रेन का दावा था कि उसके मिसाइल अटैक से मस्क्वा डूबा है, जबकि रूस का कहना है कि ऐसा आग लगने से हुआ है न कि यूक्रेन के अटैक से।
जंग में अब तक 220 बच्चों की मौत
यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग की शुरूआत से अब तक 223 बच्चों की मौत हो गई है। 400 से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा 139 बच्चों की मौत डोनेट्स्क क्षेत्र में हुई। कीव में 116, खार्किव में 95 और खेरसॉन में 46 बच्चों ने जान गंवाई है। जानकारी के मुताबिक यूक्रेन में 6 हजार 731 नागरिक हताहत हुए हैं।
रूसी जनरलों को मारने में अमेरिका ने नहीं की मदद
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि यूक्रेन अमेरिकी इनपुट की मदद से रूसी जनरलों को मार रहा है। हालांकि पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को सिर्फ रक्षा करने के लिए इंटेलिजेंस इनपुट देता है।