दुनिया अभी कोरोना महामारी के कहर से उबर भी नहीं पाई है कि अब एक नई महामारी का खतरा बढ़ता जा रहा है। कोरोना से सामना कर रही दुनिया के सामने अब मंकी पॉक्स नाम की मुसीबत आ खड़ी हुई है। अब तक दुनिया भर में 14 हज़ार से ज्यादा मामले आ गए हैं। साथ ही मंकीपॉक्स से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। अभी तक भारत में मंकी पॉक्स का मामला नहीं था लेकिन अब भारत में भी मंकी पॉक्स दस्तक दे चुका है। भारत में मंकीपॉक्स के दो मामले मिले हैं। दुनिया भर के विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह बीमारी कोरोना वायरस की तरह तेजी से प्रसारित हुई तो इसके परिणाम कोविड महामारी से भी खतरनाक हो सकते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इसे महामारी घोषित कर दिया गया है।
WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्येयियस की ओर से मंकीपॉक्स से जुड़ी जानकारी शेयर करते हुए बताया था कि अभी तक दुनिया भर में मंकीपॉक्स के संक्रमण से 14 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि अफ्रीका में इस वायरस ने 5 लोगों की जान ले ली। सबसे खतरनाक बात है कि यह वायरस अब तेजी से फैल रहा है।
भारत समेत दुनिया के 75 देश इसकी जद में
अब तक दुनिया के 75 देश मंकीपॉक्स की चपेट में आ चुके हैं, इसमें भारत भी शामिल है। सबसे अधिक मामले अमेरिका और कनाडा से सामने आए हैं। भारत में भी दो मामले पाए गए हैं।
मंकीपॉक्स वायरस कैसे फैलता है?
आप किसी संक्रमित जानवर को काटने, उसके शरीर के तरल पदार्थ के संपर्क में आने या उसके खून, फर आदि को छूने से भी मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित हो सकते हैं। इसके अलावा, चूहे और गिलहरी वायरस फैला सकते हैं। वहीं, कुछ मामलों में आप संक्रमित जानवर का कम पका मांस या मांस खाने से भी संक्रमित हो सकते हैं। संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से नहीं फैलता है, लेकिन संक्रमित व्यक्ति के कपड़े, तौलिये आदि का उपयोग करने से या संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या उसके दाने को छूने से आप संक्रमित हो जाते हैं।