चीन के शांडोंग प्रांत में भीषण धमाके की खबर आ रही है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकानों की छतों तक को उड़ा ले गया। यही वजह है कि तुलना कुछ दिन पहले हुए बेरूत धमाके से की जा रही है। इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक यह धमाका पूर्वी चीन के शांडोंग प्रांत में एक बाजार के पास हुआ है। धमाके के बाद वातावरण में धुएं का विशाल गुबार उड़ते दिखाई दिये। आस-पास के कई घरों की छतें इस धमाके में उड़ गई। घरों की दीवारों और शीशे भी टूट गए।
हालांकि ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है, लेकिन धमाके की भीषणता के चलते लोगों के हताहत होने की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुरूआती जांच में पता चला है कि किसानों के सामान रखने की जगह पर धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि लकड़ी काटने के दौरान बिजली के तारों को नुकसान पहुंचा और आग लग गई। इससे धमाका हो गया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले लेबनान की राजधानी बेरूत में भी भीषण धमाका हुआ था। इस विस्फोट में 178 लोगों की मौतें हो गई थी।