दुनिया में 40 साल से कम उम्र के 87 ऐसे अरबपति हैं जिन्होंने यह दौलत अपने दम पर अर्जित की है। पिछले एक साल में इनकी संख्या में 8 और नाम जुड़ गए हैं और पांच साल में यह संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। यह जानकारी हुरुन और शंघाई स्थित कंपनी हाई विन वेल्थ द्वारा हाल ही में जारी सूची से मिली है।
हुरुन ग्लोबल फोर्टी और अंडर सेल्फ मेड बिलियनेयरीज-2022 सूची के अनुसार 37 अरबपतियों के साथ अमेरिका शीर्ष पर है। इसके बाद 25 अरबपतियों के साथ चीन का नंबर आता है। आठ अरबपतियों के साथ ब्रिटेन भारत को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
एक साल में अमेरिका में छह अरबपति और ब्रिटेन में पांच की वृद्धि हुई है, जबकि चीन में इस संख्या में पांच की कमी आई है। वहीं, भारत इस सूची में छह अरबपतियों के साथ चौथे स्थान पर है। पिछले एक साल में भारत में दो अरबपति हुए हैं।
फेसबुक के 37 वर्षीय संस्थापक मार्क जुकरबर्ग पिछले एक साल में 1.90 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति खोने के बावजूद 5.80 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। टिकटॉक के संस्थापक 39 वर्षीय झांग यिमिंग ने 4.12 लाख करोड़ रुपये नेट वर्थ लिए दूसरे स्थान पर है।