पिछले सप्ताह नाइजीरिया में अपहरण की गई स्कूली लड़कियों को अब रिलीज कर दिया गया है। इन सभी स्कूली छात्राओं को देश के उत्तर पश्चिमी जामफारा राज्य के एक बोर्डिंग स्कूल से अगवा कर लिया गया था। अब करीब एक हफ्ते बाद इन्हें रिहा कर दिया गया है। यह जानकारी राज्य के गवर्नर ने दी। जामफारा राज्य के गवर्नर बेलो मातावाले (Bello Matawalle) की ओर से ऐलान किया गया कि 279 लड़कियों को रिहा कर दिया गया है और वे सभी सुरक्षित हैं।
पिछले शुक्रवार, 26 फरवरी को जांगीबी कस्बे में स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स जूनियर सेकेंडरी स्कूल की लड़कियों का बंदूकधारियों ने अपहरण कर लिया था। हल्के नीले हिजाब पहने सैकड़ों लड़कियों को एक एसोसिएटेड प्रेस रिपोर्टर ने गुसाऊ में राज्य सरकार के कार्यालय में बैठा देखा। मातावाले ने कहा, मुझे ये बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि जांगीबी स्कूल से अगवा हुईं लड़कियों को बंधकों ने रिहा कर दिया है।
बाइडेन की पहली हार, नीरा टंडन को नहीं बना सके बजट डायरेक्टर
वहीं, एक स्थानीय निवासी ने कहा कि बंदूकधारियों ने हमले के दौरान पास के सैन्य शिविर और चौकी को भी निशाना बनाया था। ऐसा करने के पीछे उनका मकसद सैनिकों को लड़कियों की मदद करने से रोकना था। पुलिस और सेना तब से लड़कियों को बचाने के लिए एक संयुक्त अभियान चला रही थी। लड़कियों के अपहरण पर अंतर्राष्ट्रीय नाराजगी भी थी। हाल के वर्षों में नाइजीरिया में इस तरह की घटनाओं और अपहरण के मामलों में वृद्धि हुई है।
शनिवार, 29 फरवरी को बंदूकधारियों ने 24 छात्रों, छह कर्मचारियों और आठ रिश्तेदारों को रिहा कर दिया। इन लोगों का 17 फरवरी को नाइजर राज्य के गवर्नमेंट साइंस कॉलेज, कगारा से अपहरण कर लिया गया था। दिसंबर में उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया के कांकरा में एक माध्यमिक स्कूल के 300 से ज्यादा स्कूली बच्चों का अपहरण कर लिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। सबसे कुख्यात अपहरण अप्रैल 2014 में हुआ था, जब 276 लड़कियों को बोको हरम के जिहादी विद्रोहियों ने चिबोक, बोर्नो राज्य के एक माध्यमिक विद्यालय से अपहरण कर लिया था। 100 लड़कियां अभी भी लापता हैं। बता दें कि बोको हराम पश्चिमी शिक्षा के खिलाफ रहा है।