अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस काॅफ्रेंस के दौरान के व्हाइट हाउस के बाहर गोली चलने की खबर आई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी प्रेसवार्ता में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि एक शख्स को गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। सूत्रों के अनुसार गोलीबारी की घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप को सीक्रेट सर्विस के कर्मचारी सुरक्षित जगह पर ले गए हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेसवार्ता में मौजूद पत्रकारों को यह जानकारी दी कि व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी हो रही थी। मैं गुप्त सेवा के कर्मचारियों को हमेशा उनकी त्वरित और बहुत प्रभावी कार्रवाई के लिए मुबारकबाद देना चाहूंगा। किसी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचा दिया है। लगता है कि उस शख्स को सीक्रेट सर्विस द्वारा ही गोली मार दी गई। यूएस सीक्रेट सर्विस की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारी के गोलीबारी की घटना में शामिल होने को लेकर जांच की जा रही है।
घटना के दौरान किसी भी समय व्हाइट हाउस परिसर का सुरक्षा घेरा नहीं तोड़ा गया और न ही कोई अन्य प्रकार का खतरा था। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस दौरान यह भी कहा कि अमेरिका में अब तक करीब साढ़े छह करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट किया है और किसी भी देश ने इतनी बड़ी संख्या में परीक्षण अभी तक नहीं किया। करीब डेढ़ अरब की आबादी वाला भारत भी एक करोड़ के लगभग परीक्षण करने के बाद दूसरे नंबर पर रह सकता है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस साल के अंत तक हमारे पास इस महामारी का टीका उपलब्ध होगा।