सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में आज ‘सांस्कृतिक ऐतिहासिक धरोहर बचाओ संघर्ष समिति’ के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किये लोगों में अल्मोड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष प्रकाश जोशी, उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष पीसी तिवारी सहित किसान सभा के दिनेश पांडे, उपपा की आनन्दी वर्मा सहित दस लोग शामिल हैं। इन्हें गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया है। सांस्कृतिक ऐतिहासिक धरोहर बचाओ संघर्ष समिति पांच सौ साल पुराने मल्ला महल को बचाने की मांग कर रही थी। इसी के साथ समिति की तरफ से कलक्ट्रेट भवन के निर्माण में हो रहे घोटाले और उसे हेरिटेज भवन बनाने की मांग चल रही है। इस बाबत आज प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
