संतोष सिंह
चमोली। भारत तिब्बत सीमा से लगे उत्तराखंड के चमोली जिले में सुमना-2 में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कैंप के समीप 23 अप्रैल देर शाम को ग्लेश्यिर टूटकर सीमा क्षेत्र की सड़क पर आ गिरा। यहां सड़क निर्माण कार्य में लगे बीआरओ के आठ मजदूरों की ग्लेश्यिर की चपेट में आने से मौत हो गई है, जबकि 6 मजदूर घायल हैं और 384 मजदूर सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत ने 24 अप्रैल की सुबह आपदा क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद जोशीमठ में जिला प्रशासन, पुलिस, आर्मी, आईटीबीपी के उच्चाधिकारियों संग घटना की गहनता से समीक्षा करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू के लिए जो भी संसाधनों की आवश्यकता होगी वह उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान उच्च शिक्षा, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, बद्रीनाथ विधायक महेन्द्र प्रसाद भट्ट भी मौजूद थे।
जोशीमठ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि घटना के तुरंत बाद से सेना, जिला प्रशासन, आईटीबीपी और एनडीआरएफ सहित बीआरओ युद्ध स्तर पर रेस्क्यू का कार्य में जुटी है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस स्थान पर घटना घटित हुई है वह जोशीमठ से 94 किलामीटर दूर होने के साथ ही संचार एवं आबादी क्षेत्र से विहीन है। यहां पर बीआरओ की ओर से सीमा सड़क निर्माण का चल रहा है। 23 अप्रैल को सीमा क्षेत्र में ग्लेशियर का एक हिस्सा टूट कर सड़क पर आ गया। जिससे यह दुःखद घटना हुई है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि घटना स्थल से 2 शव कल रात तथा 6 शव आज बरामद कर लिए गए हैं और 6 घायलों को रेस्क्यू किया गया है। भारी बर्फबारी के कारण सीमा क्षेत्र तक जाने वाले मोटर मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य किया जा रहा है। आर्मी की टीम कल रात से लगातार रेस्क्यू कार्यों में जुटी है और अभी लगातार रेस्क्यू चल रहा है। बीआरओ से भी लगातार घटनास्थल की जानकारी ली जा रही है। घटनास्थल पर रेस्क्यू के साथ-साथ सड़क से बर्फ हटाने का कार्य भी चल रहा है।
बीआरओ के 7 घायल मजदूरों को घटना स्थल सुमना-2 से रेस्क्यू कर आर्मी हास्पिटल जोशीमठ में भर्ती कर दिया है जिसमें –
1.रायबोंडाला उम्र 30 वर्ष,
2.अनुज कुमार उम्र 18 वर्ष,
3.फिलिप बान्ड उम्र 21 वर्ष,
4.कल्याण उम्र 40 वर्ष,
5.मंगलदास उम्र 33 वर्ष,
6.संजय उम्र 25 वर्ष
7.महिन्द्र मुंडा उम्र 41 वर्ष
शामिल है। सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। इस आपदा से संबधित जानकारी के लिए चमोली जिला कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नंबर एयरटेल-9068187120, बीएसएनएल-7579004644, आईडिया-7055753124, वोडाफोन-7830839443 तथा कार्यालय के टोल फ्री दूरभाष नंबर 01372-251437 में से किसी भी नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।