[gtranslate]
Uttarakhand

गुरुरानी को सीएम धामी का सम्मान

एक लाख से अधिक लोगों को ‘हिमालय बचाओ’ की शपथ दिलाते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने वाले दिनेश गुरुरानी को ‘एसडीजी गोलकीपर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। 10 जून के दिन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के 27 व्यक्तियों और संस्थाओं को सतत विकास लक्ष्य के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और सराहनीय काम करने के चलते यह अवॉर्ड दिया गया है। इन सभी में ज्यादा चर्चित गुरुरानी है। कुमाऊं मंडल विकास निगम में पिथौरागढ़ के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी के प्रेम और लगन का ही नतीजा है कि पहाड़ पर बंजर पड़ी जमीनों पर हरियाली नजर आने लगी है। गुरुरानी का ‘एक पौधा धरती मां के नाम’ अभियान बेहद लोकप्रिय है। इस अभियान से हजारों लोग अब तक पौधारोपण कर चुके हैं। वे साढ़े दस हजार फीट से अधिक की ऊंचाई वाले गुंजी व उससे लगे क्षेत्रों में भोज पत्र, धूप व अन्य हिमालयी प्रजाति के पौधे लगाकर वहां जाने वाले पर्यटकों को भी पर्यावरण रक्षा की शपथ दिला रहे हैं।

 

नवयुगल वर-वधू से पौयधा लगवाकर नए जीवन की शुरूआत कराते दिनेश गुरुरानी 

पिछले कई सालों से इन दिनों उत्तराखंड में कई राज्यों के पर्यटक गर्मी से निजात पाने के लिए यहां के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पहुंचते हैं। इन इलाकों में पर्यटकों की संख्या तो बढ़ ही रही है, साथ ही हिमालय क्षेत्र में कूड़ा- कचरा भी बढ़ रहा है, जो यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के साथ हिमालयी इलाकों में फैल रहा है। इसे देखते हुए पिथौरागढ़ कुमाऊं मंडल विकास निगम पिथौरागढ़ के ‘पर्यटक आवास गृह’ के मैनेजर दिनेश गुरुरानी ने ‘हिमालय बचाओ’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत दिनेश गुरुरानी उच्च हिमालयी इलाकों में ट्रैकिंग के लिए जाने वाले यात्रियों के दलों को इस अभियान से जोड़कर हिमालय में कचरा न फैलाने के साथ ही वहां फैले कूड़े को इकट्ठा कर वापस लाने की शपथ दिलाते है। जिससे कि इस अनमोल धरोहर में मानव हस्तक्षेप के कारण कोई दखल न पहुंचे और पर्यावरण का संतुलन बना रहे।

कैलाश मानसरोवर यात्रियों ने पिथौरागढ़ में पौधरोपण कर ‘मानसरोवर वाटिका’ तैयार की है जो कि दिनेश गुरुरानी के पर्यावरण संरक्षण अभियान का एक हिस्सा है। यहां जो भी आता है, वह ‘एक पौधा धरती मां के नाम’ लगाने की शपथ लेता है। वह नव दम्पत्तियों को भी एक पौधा लगाकर नई जिंदगी शुरू करने का अभियान चलाये हुए है। दिनेश गुरुरानी के प्रेम का ही नतीजा है कि आज हजारों लोग उनकी इस मुहिम से जुड़कर पर्यावरण को संरक्षित करने का काम कर रहे हैं। गुरुरानी वर्ष 2005 से लगातार पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अब तक उन्होंने मानसरोवर वाटिका सहित विभिन्न हिस्सों में एक लाख से अधिक पौधारोपण किया है।

राज्य आंदोलनकारी रहे दिनेश गुरुरानी अभी तक 10 हजार से अधिक पौधों को न सिर्फ रोप चुके हैं, बल्कि इसका संरक्षण भी कर रहे हैं। वह हर रोज प्रातःकाल कर्मचारियों के साथ खुद पौधों में खाद डालते हैं, खुदाई-निराई करते हैं, पानी डालते हैं। उन्होंने मां उल्का देवी परिसर में यात्री वाटिका, सोर वाटिका, शहीद वाटिकाएं भी बनाई हैं। यहां पर वर-वधू के परिणय, जन्मदिन, सालगिरह, विशेष उत्सव के साथ ही जनपद में आने वाले विशिष्ट अतिथियों, मंत्रीगणों, जनप्रतिनिधियों से पौधारोपण कराया जाता है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD