पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में शीर्ष-16 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। इसके सभी मैच ओडिशा स्थित कलिंगा स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके लिए दो उद्घाटन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। पहला-27 नवंबर को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और दूसरा-28 नवंबर को कटक के बारामती स्टेडियम में। दोनों कार्यक्रमों में संगीतकार एआर रहमान के साथ बॉलीवुड की कई हस्तियां प्रस्तुति देंगी।

गौरतलब है कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हॉकी विश्वकप के 27 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह का पहला टिकट खरीदा और इसके लिए उन्होंने 500 रुपए का भुगतान भी किया। इस चौदहवें विश्वकप में कुल 16 टीमें भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे पहले विश्वकप 2014 में 12 टीमों ने भाग लिया था। इस वर्ल्ड कप के लिए टीमों को चार पूल में बांटा गया है।

भारत को पूल सी में बेल्जियम, कनाडा और साउथ अफ्रीका के साथ जगह मिली है। जबकि पूल बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, आयरलैंड और चीन को शामिल किया गया है। पूल ए में अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड ,स्पेन और फ्रांस की टीमें दो दो हाथ करेंगी, तो पूल डी में नीदरलैंड, जर्मनी, मलेशिया और पाकिस्तान की टीमें अपना बेस्ट देंगी।

वर्ष 1975 में क्वालालंपुर में पहली और अंतिम बार हॉकी विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम से इस बार शीर्ष तीन में जगह बनाने की आस लगाई जा रही है। भारत अपने पूल सी में अपने अभियान का आगाज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से करेगा। भारत पिछले दो बरस से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अब तक किसी बड़े टूर्नामेंट में नहीं खेला है।

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा है कि उनकी टीम का ध्यान 28 नवंबर से यहां शुरू हो रहे पुरुष हॉकी विश्वकप में अपने पूल के शीर्ष में रहने और क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालिफाई करने पर है। प्रतिष्ठित विश्वकप के आयोजन में अब जब कुछ ही दिन बचे हैं तब भारत टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त है।

दुनिया की 16 शीर्ष टीमों के बीच विश्वकप कलिंगा स्टेडियम में खेला जाएगा। मनप्रीत ने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि हम पूल चरण में प्रत्येक मैच जीतना चाहते हैं, प्रत्येक मैच से तीन अंक हासिल करना चाहते हैं और पूल में शीर्ष पर रहकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाना चाहते हैं। यह हमारा पहला लक्ष्य है।

भारतीय हॉकी टीम के उपकप्तान चिंगलेनसाना सिंह कांगुजाम ने विश्वकप से पूर्व कहा कि तैयारियां अब पूरी हो चुकी हैं और हॉकी के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नतीजे देने का समय आ गया है। पिछले तीन महीने हमारे लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे, ट्रेनिंग कड़ी हो गई क्योंकि विश्वकप के लिए शीर्ष पर रहना महत्वपूर्ण है। टीम को पता है कि नतीजों के लिहाज से यह साल हमारे लिए बेहतर हो सकता था लेकिन अब समय है कि हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके अतीत के प्रदर्शन की कड़वाहट को भुला दें। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने आखिरी बार 1975 में मलेशिया में आयोजित विश्वकप में खिताब जीता था।

मणिपुर में जन्में मिडफील्ड के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘प्रत्येक खिलाड़ी ने कड़ी मेहनत की है और अब इन सभी को अच्छे नतीजों में बदलने का समय आ गया है। मेरा मानना है कि विश्वकप जीतना खिलाड़ियों की फिटनेस और टीम की रणनीति पर निर्भर करेगी। मानसिक मजबूती भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अब तब 199 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले चिंगलेनसाना दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा अगर सब कुछ सही रहा तो यह महत्वपूर्ण मैच अपने देश के दर्शकों के सामने खेलूंगा। भुवनेश्वर के बेहतरीन दर्शकों के सामने भारत के लिए 200 मैच खेलने से बेहतर कोई अहसास नहीं है। यह दुनिया के मेरे पसंदीदा हॉकी आयोजन स्थलों में से एक है। इस विश्वकप का फाइनल 16 दिसंबर 2018 को खेला जाएगा। इस महामुकाबले की ओपनिंग सेरेमनी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 27 नवंबर 2018 को आयोजित होगी। भारत अपना पहला मैच 28 नवंबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा।

भारतीय टीम : कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पी आर श्रीजेश, कøष्णा बहादुर पाठक, बीरेंद्र लाकड़ा, वरुण कुमार, कोथाजीत सिंह खडांगबम, सुरेंदर कुमार, अमित रोहिदास, मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम (वाईस कप्तान) नीलकंठा शर्मा, हार्दिक सिंह, सुमित, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, सिमरनजीत सिंह।

 

पूल ए : अर्जेन्टीना, न्यूजीलैंड, स्पेन, फ्रांस
पूल बी : ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, आयरलैंड, चीन
पूल सी : बेल्जियम, भारत, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका
पूल डी : नीदरलैंड, जर्मनी, मलेशिया, पाकिस्तान।
मुकाबले :
बुधवार, 28 नवंबर 2018
पूल सी : भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका- 07ः00 सायं
रविवार, 2 दिसंबर 2018
पूल सी : भारत बनाम बेल्जियम- 07ः00 सायं
शनिवार, 8 दिसंबर 2018
पूल सी : भारत बनाम कनाडा- 07ः00 सायं
क्वार्टर फाइनल मैच
बुधवार, 12 दिसंबर 2018
गुरुवार, 13 दिसंबर 2018
सेमी फाइनल मैच
शनिवार, 15 दिसंबर 2018
फाइनल मैच
रविवार, 16 दिसंबर 2018

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like

MERA DDDD DDD DD