[gtranslate]
sport

ट्रैक एशिया कप:चार स्वर्ण सहित 12 पदक जीत अंक तालिका में शीर्ष पर भारत 

भारत ने ट्रैक एशिया कप के छठे संस्करण में शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन साइक्लिंग वेलोड्रोम में चार स्वर्ण सहित 12 पदक जीत लिए। भारत की विश्व स्तरीय जूनियर टीम ने उम्मीदों के अनुरुप प्रदर्शन करते हुए पुरुष जूनियर टीम स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। पुरुष टीम में रोजित सिंह, रोनाल्डो लेतोनजाम और पॉल कॉलिंगवुड शामिल थे। टीम ने 46.337 सेकेंड का समय लिया। महिला जूनियर और एलीट टीमों ने भी अपनी चमक दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रोनाल्डो लेतोनजाम ने एक दिन में दो स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की। जूनियर विश्व चैंपियन लेतोनजाम ने पहले जूनियर पुरुष टीम को स्प्रिंट स्पर्धा में स्वर्ण दिलाया और फिर एक किलोमीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। इस स्पर्धा में गुरप्रीत सिंह को कांस्य पदक मिला।

त्रियशा पॉल ने भी दो स्वर्ण जीते। उन्होंने निकिता निशा के साथ जूनियर महिला स्प्रिंट स्पर्धा में 35.891 सेकेंड में स्वर्ण जीता। भारतीय जोड़ी और दूसरे स्थान की कजाकिस्तान जोड़ी के बीच तीन सेकेंड का फासला रहा। त्रियशा ने इसके बाद टाइम ट्रायल 500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक और निकिता ने रजत पदक जीता।

भारत की दूसरी टीम साई राष्ट्रीय साइक्लिंग अकादमी की मयूरी ल्यूटे ने महिला एलीट टाइम ट्रायल 500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वेंकप्पा केंगालगुट्टी और एलांगबाम सिंह ने जूनियर 10 किलोमीटर स्क्रैच रेस में रजत और कांस्य पदक जीता। देबोरा और एलिना रेजी ने महिला एलीट टीम स्प्रिंट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

टीम स्प्रिंट स्पर्धा में एसो एल्बेन, जेम्स किथेलाकपा और संदीप कुमार ने कांस्य पदक जीता। महिला चार किलोमीटर टीम परस्यूट स्पर्धा में भारत को रजत पदक मिला। एलंगबाम सिंह ने 15 किलोमीटर प्वाइंट रेस में रजट हासिल किया। इस तरह भारत ने पहले दिन चार स्वर्ण, चार रजत और कांस्ट सहित 12 पदक जीतकर तालिका में सबसे आगे है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD