भारत की पहली विश्व बैड मिंटन चैम्पियन पी वी सिंधु 17 दिसंबर से स्पेन में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के दौरान बीडब्ल्यूएफ एथलीट आयोग का चुनाव लड़ेगी। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधु इस समय इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नांमेंट खेल रही हैं। वह छह पदों के लिए नामित नौ खिलाड़ियों में से एक है। एथलीट आयोग (2021-25) का चुनाव 17 दिसंबर 2021 को टोटल एनर्जीज बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के साथ स्पेन में होगा। मौजूदा खिलाड़ियों में से सिर्फ पी वी सिंधु दोबारा चुनाव के लिये खड़ी होंगी। उन्हें पहले 2017 में भी चुना गया था। वह इस चक्र के लिए छह महिला प्रतिनिधियों में से एक है। सिंधु के साथ इंडोनेशिया की महिला युगल खिलाड़ी ग्रेसिया पोली भी होंगी जो टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता रही हैं। सिंधु को मई में आईओसी के ‘बिलीव इन स्पोटर्स’ अभियान के लिए भी एथलीट आयोग में चुना गया था। पी वी सिंधु ने लगातार दो ओलंपिक में मेडल जीतकर इतिहास रचा है। रियो ओलंपिक 2016 की रजत पदक विजेता सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीता। सिंधु ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी है। हाल ही में इस खिलाड़ी को भारत के तीसरे सर्वाेच्च सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित किया गया है। सिंधु ने 2019 में वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती थी। यह कारनामा करने वाली वह देश की पहली शटलर भी हैं। सिंधु को खेल रत्न अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
एथलीट आयोग का चुनाव लड़ेगी सिंधु
