कोरोना काल के बीच खेले गए इटैलियन सुपर कप में फुटबॉल की दुनिया के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के गोल की मदद से युवेंटस ने रिकॉर्ड नौवीं बार इटैलियन सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। इस खिताबी मुकाबले में उसने नैपोली को 2-0 से हराकर यह खिताब अपने नाम किया है। युवेंटस इससे पहले वर्ष 1995, 1997, 2002, 2003, 2012, 2013, 2015, 2018 में यह खिताब अपने नाम कर चुका है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने है के 64वें मिनट में गोल करके युवेंटस को बढ़त दिलाई। नैपोली के पास मैच को अतिरिक्त समय तक खींचने का मौका था लेकिन उसके कप्तान लोरेंजो इनसाइन आखिरी क्षणों में मिली पेनल्टी पर गोल नहीं कर पाए। अल्वारो मोराता ने इंजुरी टाइम के पांचवें मिनट में युवेंटस की तरफ से दूसरा गोल करके उसकी खिताबी जीत सुनिश्चित की।
युवेंटस ने नौंवी बार सुपर कप जीतकर अपने रिकॉर्ड को बेहतर किया है। उसके बाद एसी मिलान का नंबर आता है, जिसने सात बार यह खिताब जीता है। नैपोली ने सिर्फ दो खिताब जीते हैं। उसने आखिरी बार 2014 में यह खिताब अपने नाम किया था।
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो जब से इटैलियन क्लब युवेंटस से जुड़े हैं, तब से उसकी कामयाबी बढ़ गई है। दूसरी ओर, स्पेनिश क्लब रियाल मैड्रिड अब भी रोनाल्डो की कमी को महसूस कर रहा है। रोनाल्डो रियाल मैड्रिड छोड़कर ही युवेंटस में शामिल हुए हैं।
इसके साथ ही पुर्तगाल के स्टार खिलाडी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फुटबॉल इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर दिया है। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रिया के जोसफ बिकान, ब्राजील के लीजेंड पेले और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी को पीछे छोड़ दिया है । रोनाल्डो ने यह उपलब्धि कल यानि 20 जनवरी की रात इटेलियन सुपर कप के फाइनल में हासिल की है । रोनाल्डो ने नेपोली के खिलाफ 2 गोल दागते हुए युवेंट्स टीम को 2-0 से खिताब जिताया।
सबसे ज्यादा गोल के मामले में रोनाल्डो के बाद बिकान 759 गोल के साथ दूसरे नंबर पर काबिज हैं। देखा जाए तो बिकान ने अपने करियर में 805 गोल किए थे, लेकिन कुछ ऐसे कारण हैं, जो इसे सही नहीं मानते।
कुछ फुटबॉल वेबसाइट्स की मानें तो वर्ष 1952 के दौरान बिकान सेकंड डिविजन में खेले थे। उसके गोल रिकॉर्ड का डाटा मिसिंग है। यही कारण है कि उनका गोल स्कोर 759 गोल ही माना गया है। वहीं, कुछ अन्य फुटबॉल वेबसाइट्स में बताया गया है कि बिकान ने कुछ अनऑफिशियल मैच में गोल किए थे, जो आधिकारिक तौर पर मान्य नहीं किए गए।
सबसे ज्यादा गोल की लिस्ट में पेले 757 गोल के साथ तीसरे नंबर पर काबिज हैं। उनके बाद हमवतन रोमारियो हैं, जिन्होंने 743 गोल दागे। मेसी पांचवें नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने अब तक 719 गोल किए हैं। फिलहाल, मेसी और रोनाल्डो के बीच 41 गोल का अंतर है।
सबसे अधिक गोल :
फुटबॉलर | देश | कुल गोल |
क्रिस्टियानो रोनाल्डो | पुर्तगाल | 760 |
जोसफ बिकान | ऑस्ट्रिया | 759 |
पेले | ब्राजील | 757 |
रोमारियो | ब्राजील | 743 |
लियोनल मेसी | अर्जेंटीना | 719 |
दूसरे वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब रोनाल्डो
रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय गोल्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब हैं। पिछले साल 12 नवंबर को रोनाल्डो ने अपने 168वें अंतरराष्ट्रीय मैच में 102वां गोल दागा था। यह फ्रेंडली मैच था, जो एंडोरा के खिलाफ खेला गया। रोनाल्डो ईरान के पूर्व स्ट्राइकर अली डेई के रिकॉर्ड 109 अंतरराष्ट्रीय गोल्स से सिर्फ 7 गोल पीछे हैं। साथ ही रोनाल्डो 100 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले दूसरे फुटबॉलर हैं।
मेसी ने रिकॉर्ड 6 और रोनाल्डो ने 5 बार बेलोन डी’ओर अवॉर्ड जीता
मेसी ने वर्ष 2019 में रिकॉर्ड 6वीं बार बेलोन डी’ओर अवॉर्ड जीता था। जबकि रोनाल्डो ने 5 बार यह खिताब अपने नाम किया है। मेसी ने वर्ष 2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019 में और रोनाल्डो ने वर्ष 2008, 2013, 2014, 2016, 2017 में यह पुरस्कार अपने नाम किया है ।