[gtranslate]
sport

टीम इंडिया में हुई पोस्टर वॉर की एंट्री

आईपीएल 2024 के लिए जैसे ही मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा से टीम की कमान छीनकर हार्दिक को दी है तभी से रोहित और टीम मैनेजमेंट के बीच मनमुटाव की बातें कही जा रहीं हैं। हालांकि इस पर दोनों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन जब से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम इंडिया ऐलान हुआ है तब से इस बात को और हवा मिलने लगी है। यहां तक कि अब मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस दोनों फ्रेंचाइजियों में पोस्टर वॉर की भी एंट्री हो गई है

 

इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम

हमारे देश में क्रिकेट एक ऐसा खेल बन गया है जिसे खेल प्रेमी सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। इनका यह प्रेम तब और बढ़ गया जब वर्ष 2007 में इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल की शुरुआत हुई। यह लीग खेलों में सबसे महंगी लीग के साथ ही अब दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग भी बन गई है। इस लीग से कई ऐसे खिलाड़ी उभरकर आए हैं जो अब देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि आईपीएल का 17वां संस्करण 22 मार्च से खेला जा सकता है। ऐसे में इसकी तैयारी में तेजी आ गई है। इसी के तहत पिछले महीने आईपीएल नीलामी 2024 के लिए खिलाड़ियों की बोली लग चुकी है, जहां ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और गेंदबाज पर जमकर पैसा बरसा। ये खिलाड़ी इतने महंगे बिके कि आईपीएल इतिहास के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। दूसरी ओर इस आईपीएल से पहले सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के उस फैसले की हो रही है जिसमें पांच बार आईपीएल चौंपियन मुंबई इंडियंस की कप्तानी से रोहित शर्मा को हटा दिया गया और हार्दिक पांड्या को बिना देर किए कप्तान भी घोषित कर दिया गया। लेकिन हार्दिक पांड्या पिछले साल के अंत में खेले गए एक दिवसीय आईसीसी वर्ल्ड कप से ही चोटिल चल रहे हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि वे वर्तमान में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टी-20 सीरीज टीम में वापसी कर सकते हैं, मगर उन्हें टीम में जगह नहीं मिलने से चोटिल माना जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मुंबई इंडियंस का अगला कप्तान कौन होगा? क्या रोहित शर्मा को फिर से टीम की कमान दी जाएगी? क्या वे इस जिम्मेदारी को स्वीकार करेंगे? या फिर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम की कमान सौंपी जाएगी? इस बीच जब से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम इंडिया ऐलान हुआ है तब से कहा जा रहा है कि मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस दोनों फ्रेंचाइजियों में पोस्टर वॉर की एंट्री भी हो गई है।

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स एक्स से भारतीय टीम को साझा किया तो पोस्टर से रोहित की तस्वीर ही गायब कर दी। पोस्टर में केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर की तस्वीर साझा की गई। ऐसा करते ही एक बार फिर सोशल मीडिया पर रोहित के फैंस सक्रिय हो गए हैं। कहा जा रहा है कि मुंबई इंडियंस द्वारा भारतीय टीम के कप्तान रोहित की तस्वीर पोस्टर पर नहीं लगाना बहुत कुछ कह गया है। भले ही दोनों में से कोई भी खुलकर कुछ भी नहीं कह रहा है लेकिन रोहित और मुंबई इंडियंस के बीच सब कुछ ठीक नहीं होने की पुष्टि होती दिख रही है।

इसका अंदाजा हाल ही में गुजरात टाइटंस के पोस्टर से भी समझा जा सकता है। जिस तरह गुजरात ने अपने पोस्ट में रोहित शर्मा और शुभमन गिल की तस्वीर लगाई इससे भी यही समझ में आया कि गुजरात की टीम रोहित को रिझाने में जुटी है। यहां तक कहा जा रहा है कि आईपीएल की ट्रेड विंडो नीलामी के बाद से खुली है अगर विवाद बढ़ा तो रोहित के मुंबई से गुजरात जाना महज औपचारिकता रह जाएगी। खेल विश्लेषकों का कहना है कि एक कहावत है, जहां आग लगती है वहीं धुआं उठता है। वर्तमान में यह कहावत मुंबई इंडियंस पर सटीक साबित होती दिख रही है। हार्दिक पांड्या के गुजरात से मुंबई में वापसी के बाद से पांच बार की चैंपियन मुंबई के टीम में जाने से हलचल स्वाभाविक है। क्योंकि हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी होते ही रोहित शर्मा की कप्तानी से छुट्टी हो गई।

इसके बाद मुंबई इंडियंस की मालकिन को रोहित के फैंस के कहर का सामना करना पड़ा। यहां तक कि लाखों की संख्या में रोहित के फैंस ने मुंबई इंडियंस के सोशल मीडिया अकाउंट्स को अनफॉलो कर दिया। इसका पहला कारण यह कि रोहित को अचानक कप्तानी से हटाया गया जो हर किसी को नागवार गुजरा। सोशल मीडिया में रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस के बीच दरार की बातें आने लगीं हैं। हालांकि रोहित शर्मा और मुंबई टीम मैनेजमेंट ने इस बारे में खुलकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन इस विवाद को हवा इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीम इंडिया के ऐलान के बाद फिर से मिलने लगी है।

जानकारों का कहना है कि मुंबई इंडियंस में अगर हार्दिक पांड्या चोट के चलते नहीं खेले तो फिर अगला कप्तान कौन होगा, यह बड़ा सवाल है। ऐसे में टीम का अगला कप्तान सूर्य कुमार यादव को भी बनाया जा सकता है। जिस पर जल्द फैसला लिया जा सकता है। सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2023 के दौरान भी रोहित शर्मा की गैर-मौजूदगी में कई बार कप्तानी की थी तो वहीं हाल में ऑस्ट्रेलिया सीरीज और साउथ अफ्रीका दौरे पर उन्हें टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए भी देखा गया है। इसलिए अगर हार्दिक पांड्या स्वस्थ नहीं हो पाते हैं तो मुंबई इंडियंस की कमान सूर्य कुमार यादव को दी जा सकती है। गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2024) की शुरुआत इस बार मार्च के मध्य में हो सकती है। क्योंकि देश में आम चुनाव होना है और 1 जून से वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है। अगर बात करें
आईपीएल 2023 की उपविजेता टीम की तो इस बार 2024 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी युवा बल्लेबाज शुभमन गिल करेंगे। क्योंकि गुजरात टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या अब मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान बन गए हैं। वहीं चैंपियन मुंबई इंडियंस ने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को रिप्लेस किया है। रोहित की ही अगुआई में मुंबई के पांचों खिताब जीते हैं, लेकिन अब टीम हार्दिक की कप्तानी में खेलेगी। हालांकि, इसके बाद मुंबई के कुछ खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर बिना किसी का नाम लिए इशारों-इशारों में नाराजगी जाहिर की थी। रोहित के चेहरे पर भी नाराजगी दिखी थी। नाराजगी का आलम यह था कि मुंबई के किसी खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर हार्दिक का स्वागत नहीं किया था।

अब इस मामले पर मुंबई इंडियंस और भारत के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का बयान सामने आया है। रोहित और हार्दिक के बीच किसी संभावित टकराव के बारे में इनका कहना है कि जब खिलाड़ी एक साथ खेलते हैं तो ऐसी चीजें होती रहती हैं। अगर उनके बीच कोई मुद्दा तो उन्हें निश्चित रूप से बैठकर इस बारे में बात करनी चाहिए। जब हार्दिक मुंबई इंडियंस के लिए खेलते थे तो रोहित उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में कामयाब रहते थे। खासकर गेंदबाजी के मामले में और वह हार्दिक के वर्कलोड का काफी ध्यान रखते थे। हार्दिक डेथ ओवरों में बल्ले से हमेशा अच्छे रहे हैं। गुजरात के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वह एक विशेषज्ञ बल्लेबाजी की तरह खेले। गुजरात टाइटंस के लिए 2022 से 2023 तक 31 मैचों में पांड्या ने 37.86 के औसत और 133 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 833 रन बनाए। इनमें छह अर्धशतक और नाबाद 87 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा था। उन्होंने टीम के लिए 11 विकेट भी लिए, जिसमें 17 रन देकर तीन विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रही। हार्दिक ने 2015-2021 तक मुंबई इंडियंस के लिए 92 मैच भी खेले हैं, जिसमें 153 से अधिक के स्ट्राइक रेट और 27.33 की औसत से 1 हजार 476 रन बनाए। इनमें चार अर्धशतक शामिल हैं और 91 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उन्होंने टीम के लिए 42 विकेट भी लिए, जिसमें 20 रन देकर 3 विकेट सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रही। हार्दिक ने पांच आईपीएल ट्राफियां जीती हैं। चार मुंबई इंडियंस (2015, 2017, 2019, 2020) के साथ और एक गुजरात टाइटंस (2022) के साथ।

अपने ही जाल में फंसी नीता अंबानी!
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 से पहले कई बड़े-बड़े फैसले लिए हैं जिसकी वजह से मुंबई के फैंस नाराज चल रहे हैं। जिससे मुंबई को उसके ही एक फैसले से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड कर अपनी टीम का कप्तान बना दिया। इस ट्रेड के लिए मुंबई इंडियंस ने गुजरात को 100 करोड़ की मोटी रकम दी वहीं 15 करोड़ की फीस हार्दिक पांड्या की है। इस हिसाब से हार्दिक पांड्या के लिए मुंबई इंडियंस को 115 करोड़ रुपए खर्च करने पड़े लेकिन अगर हार्दिक चोट से स्वस्थ नहीं हो पाते हैं तो मुंबई का ये पैसा बर्बाद होता हुआ नजर आ रहा है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD