भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने दमदार प्रदर्शन कर अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को रोमांचक शूटआउट मुकाबले में 2-0 से हराकर पहला पुरुष हॉकी 5 एशिया कप का खिताब जीत लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2024 में भी प्रवेश कर लिया है
पिछले दिनों ओमान में खेला गया पुरुष हॉकी 5 एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को शूटआउट में 2-0 से हराकर यह पहला खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने विश्व कप 2024 में भी प्रवेश कर लिया है। दरअसल, हाफ टाइम तक पाकिस्तान 3-2 से आगे था लेकिन उसके बाद भारतीय टीम ने दमदार वापसी की और फुल टाइम तक स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। ऐसे में मैच का निर्णय शूटआउट में पहुंच गया और भारत के लिए मनिंदर सिंह और गुरजीत सिंह ने गोल किए। वहीं, गोलकीपर सूरज करकेरा ने पाकिस्तान के अरशद लियाकत और मोहम्मद मुर्तजा को गोल नहीं दागने दिया। इसके साथ ही भारत एशिया का बादशाह भी बन गया।

इससे पहले भारत के लिए मोहम्मद राहील (19वां और 26वां), जुगराज सिंह (सातवां) और मनिंदर सिंह (10वां मिनट) ने निर्धारित समय में गोल दागे। वहीं गुरजोत सिंह और मनिंदर सिंह ने शूटआउट में गोल किए। दूसरी तरफ पाकिस्तान के लिए निर्धारित समय में अब्दुल रहमान (पांचवां), कप्तान अब्दुल राणा (13वां), जिकरिया हयात (14वां) और अरशद लियाकत (19वां) ने गोल दागे। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 10-4 से रौंदकर फाइनल में प्रवेश किया था। जबकि पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में ओमान को 7-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत की ओर से सेमीफाइनल में मोहम्मद राहील (नौवें, 16वें, 24वें, 28वें मिनट), मनिंदर सिंह (दूसरे मिनट), पवन राजभर (13वें मिनट), सुखविंदर (21वें मिनट), टिर्की (22वें मिनट), जुगराज सिंह (23वें मिनट) और गुरजीत सिंह (29वें मिनट) ने गोल दागे। वहीं मलेशिया के लिए कप्तान इस्माइल आसिया अबू (चौथे मिनट), अकहिमुल्लाह अनवर (सातवें, 19वें मिनट), मोहम्मद दिन (19वें मिनट) में गोल किए। भारत को टूर्नामेंट के एलीट पूल चरण के मैच में पाकिस्तान से 4-5 से हार मिली थी।
भारत के लिए यादगार रहा टूर्नामेंट
भारतीय हॉकी टीम ने ओमान में खेला गया एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में धमाकेदार प्रदर्शन किया। हॉकी टीम ने पहले मलेशिया और इसके बाद जापान को शानदार अंदाज में पटखनी देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने मलेशिया को 7-5 और जापान को 35-1 से पटखनी दी। दोनों मुकाबलों में भारतीय हॉकी टीम के प्लेयर्स ने कुल 35 गोल किए। टीम के प्लेयर्स ने ज्यादातर समय गेंद को अपने पास रखा और विरोधी टीम को टिकने का मौका ही नहीं दिया।
गौरतलब है कि एक तरफ क्रिकेट फेस की नजरें जहां श्रीलंका में टिकी हुई थीं जहां वनडे एशिया कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं और बारिश से जूझती दिख रही थीं। उसी बीच दूसरी तरफ हॉकी 5 पुरुष एशिया कप में भी भारत और पाकिस्तान का मैच चल रहा था। हालांकि ये टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला था और इसमें भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। हॉकी 5 फॉर्मेट में 5 खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं। भारत की तरफ से फाइनल में मनदीप मोट (कप्तान), सूरज करकेटा, जुगराज सिंह, मनिंदर सिंह और पवन राजभर मैदान पर उतरे। मैच काफी रोमांचक रहा जिसमें एक समय पाकिस्तान के 3 गोल थे और भारत के 2 (गोल) भारत एक गोल से पिछड़ रहा था, लेकिन अंतिम क्षणों में भारत ने गोल करके स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट से फैसला किया जाना था। पेनल्टी शूटआउट में भारत ने अपने दोनों शॉट को गोल में तब्दील किया जबकि पाकिस्तान गोल करने में चूक गया। इसके साथ ही भारत 2 से पेनल्टी शूटआउट में जीता और साथ ही टूर्नामेंट भी। इस टूर्नामेंट का सबसे यादगार पल रहा जब भारत ने जापान की टीम को 35 गोल करके करारी शिकस्त दी।
हॉकी टीम की बड़ी जीत
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर के अपने अंतिम लीग मैच में गोल की बारिश कर दी और जापान जापान को 35-1 से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम के सामने जापान असहाय नजर आया। उसने पहले पांच मिनट के अंदर ही सात गोल कर दिए थे और इसके बाद भी जापानी टीम पर किसी तरह का रहम नहीं दिखाया। भारत की तरफ से मनिंदर सिंह ने 10 गोल दागे। उनके अलावा मोहम्मद राहिल ने सात, पवन राजभर और गुरजीत सिंह ने पांच-पांच, सुखविंदर ने चार, कप्तान मनदीप मोर ने तीन और जुगराज सिंह ने एक गोल किया। जापान की तरफ से एकमात्र गोल मसाताका कोबोरी ने किया। भारतीय टीम के आगे जापानी टीम टिक ही नहीं पाई और मुकाबला हार गई।
बांग्लादेश को 15-1 से धोया
मनिंदर सिंह के चार गोल और मोहम्मद राहिल की हैट्रिक की मदद से भारत ने को बांग्लादेश को 15-1 से करारी शिकस्त देकर एशियन हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर में अपने अभियान की बेहतरीन शुरुआत की। भारतीय टीम ने अपने कमजोर प्रतिद्वंदी के खिलाफ शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। बांग्लादेश ने शुरू में गोल कर दिया था लेकिन इसके बाद भारत ने विरोधी टीम को आगे ऐसा कोई मौका नहीं दिया।
भारत की तरफ से मनिंदर ने 10वें, 18वें, 28वें और 30वें मिनट में जबकि राहिल ने दूसरे, 15वें और 24वें मिनट में गोल किये। इनके अलावा सुखविंदर (13वें, 22वें), गुरजीत सिंह (13वें, 23वें) और पवन राजभर (19वें, 26वें) ने दो-दो जबकि मंदीप मोर (8वें), और दिपसन तिर्की (9वें) ने एक-एक गोल दागा। बांग्लादेश के लिए एकमात्र गोल सावोन सरोवर ने किया।
हॉकी इंडिया ने की पुरस्कार घोषणा
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में जीत के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को 2 लाख रुपए और सहयोगी स्टाफ को 1-1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। हॉकी इंडिया ने ट्वीट करके कहा, पुरुष हॉकी टीम को 5एस एशिया कप 2023 में शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया ने नकद इनाम की घोषणा की है। प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपए और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ को 1 लाख रुपये मिलेंगे।’ हॉकी के बाद अब क्रिकेट एशिया कप का इंतजार हॉकी एशिया कप अपने नाम करने के बाद अब फैंस को क्रिकेट में भी टीम इंडिया से एशिया कप का इंतजार है। इसके लिए फैंस सोशल मीडिया पर डिमांड करते दिख रहे हैं। वहीं हॉकी इंडिया ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है कि टीम इंडिया को एशिया कप के लिए शुभकामनाएं। उम्मीद करते हैं कि क्रिकेट का एशिया कप भी भारत ही आएगा।