देश और दुनिया में पिछले कुछ महीनों से कोरोना का कहर जारी है। इसका असर खेलों में भी देखने को मिला और इसकी चपेट में कई खिलाड़ी भी आए। कोरोना की वजह से देश में अभी कोई भी खेल नहीं खेले जा रहे हैं । अब जैसे -जैसे देश में अनलॉक होना शुरू हुआ है वैसे ही भारतीय खेलों भी वापसी होने लगी है। इस बीच भारतीय खेलों में हर साल दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए खिलाडियों की सिफारिश हो गई है।
खेल जगत में सर्वोच्च सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार मिलना गौरव की बात है।वर्ष 2020 में इस सम्मान के लिए नामांकित की गई एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पहलवान विनेश फोगाट ने कहा है कि इस पुरस्कार के लिए इंतजार काफी लंबा रहा है। लेकिन मेरी खुशी भी दोगुनी हो गई है और मेरे ऊपर अब जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। 25 वर्षीय विनेश उन पांच भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनके नाम की सिफारिश इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए की गई है। विनेश ने कहा, ‘सर्वाधिक गौरवपूर्ण क्षण। इंतजार लंबा रहा, लेकिन खुशी भी दोगुनी हो गई। भगवान ने चाहा तो इस अवॉर्ड का मान रखूंगी। अब जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।’ विनेश एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं, जिन्होंने अब तक तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है। विनेश 2019 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
विनेश को अगले साल होने वाले तोक्यो ओलिंपिक खेलों में पदक का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेल 2018 और 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं। 2019 में वह लॉरेस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए नामित होने वाली पहली भारतीय ऐथलीट बनी थीं।
विनेश के अलावा भारतीय क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल , टेबल टेनिस चैम्पियन मनिका बत्रा और 2016 रियो पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू के नाम की भी सिफारिश की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में हुई बैठक में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए पांच खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई।