[gtranslate]
sport

बीसमबीस का बॉस बना इंग्लैंड

क्रिकेट की शुरुआत इंग्लैंड में 16वीं शताब्दी में हुई थी। लेकिन टी-20 विश्वकप की शुरुआत वर्ष 2007 में हुई जो आईसीसी की Üृंखला है, जिसमें अभी तक कई उलटफेर देखने को मिले हैं। मगर टी-20 विश्वकप के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम इस खिताब को दूसरी बार जीतने में सफल नहीं हुई थी। लेकिन इस बार क्रिकेट का जन्मदाता कहे जाने वाले इंग्लैंड ने इस फॉर्मेट में दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है

 

इंग्लैंड को क्रिकेट का जन्मदाता कहा जाता है। इंग्लैंड का राष्ट्रीय खेल भी क्रिकेट ही है। क्रिकेट की शुरुआत इंग्लैंड में 16वीं शताब्दी में हुई थी। लेकिन टी-20 विश्वकप की शुरुआत वर्ष 2007 में हुई जो आईसीसी की सबसे मजेदार शृंखला है, जिसमें अभी तक कई उलटफेर देखने को मिले हैं, 2007 से बहुत सारी टीम आईसीसी टी-20 का खिताब जीत चुकी हैं, मगर अभी तक कोई भी टीम इस खिताब को दूसरी बार जीतने में सफल नहीं हुई थी लेकिन इस बार इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास का पहला डबल वर्ल्ड चैंपियन बन गया है।

इंग्लैंड टीम ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। इंग्लैंड के नाम इस समय वनडे वर्ल्ड कप खिताब भी है। पहली बार किसी टीम के पास एक साथ वनडे और टी-20 दोनों का वर्ल्ड टाइटल है। फाइनल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। जवाब में इग्लैंड की तरफ से स्टोक्स की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी और सैम करन की बेहतरीन गेंदबाजी ने मैच का पासा पलटा और इंग्लैंड के लिए जीत की कहानी लिखी, गौरतलब है कि 2010 के बाद यह दूसरी बार है जब इंग्लैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप का चैंपियन बनी है। स्टोक्स ने 52 रनों की नाबाद पारी खेली थी जिसने मैच इंग्लैंड की ओर मोड़कर रख दिया और 19 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा हारिस रउफ ने 2 विकेट लिए।

इस जीत के बाद इंग्लैंड की टीम को इनाम के तौर पर भारी भरकम राशि दी गई है। टी-20 विश्वकप की विनर टीम इंग्लैंड को इनाम के तौर पर 1.6 मिलियन डॉलर दिए गए, अगर भारतीय रुपए के हिसाब से देखें तो यह करीब 12 करोड़ 88 लाख रुपए होंगे। पाकिस्तान की बात करें तो उसे इंग्लैंड के बाद सबसे ज्यादा रकम मिली है। वह इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में हारी है। लिहाजा उसे 8 लाख डॉलर दिए गए हैं। यानी भारतीय मुद्रा में बदलें तो यह 6 करोड़ 44 लाख रुपए। हालांकि पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान का प्रदर्शन बहुत ज्यादा अच्छा नहीं रहा, लेकिन 3 मैचों में जीत और अच्छी किस्मत होने की वजह से वह फाइनल तक पहुंच गई। टूर्नामेंट के सभी समीकरण पाकिस्तान के पक्ष में रहे लेकिन फाइनल में टीम की किस्मत काम नहीं आई। वहीं टीम इंडिया को भी अच्छी खासी रकम दी गई है। भारत और न्यूजीलैंड को बराबर ही इनामी राशि मिली है।

दरअसल टीम इंडिया सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम को पाकिस्तान ने हराया था। लिहाजा भारत और न्यूजीलैंड को 4-4 लाख डॉलर इनाम के तौर पर दिए गए हैं। अगर भारतीय मुद्रा में बदलें तो यह करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए होंगे।

सुपर 12 की टीमों की इनामी राशि

आईसीसी ने सुपर 12 के मैचों को जीतने वाली टीमों को 40-40 हजार डॉलर इनाम के तौर पर दिए हैं। यानी 32 लाख 20 हजार रुपए। हालांकि फर्स्ट राउंड जीतने वाली टीमों को भी करीब इतनी ही राशि दी गई है।

करन का कारनामा

इस टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी से विरोधियों को छकाने वाले इग्लैंड के तेज गेंदबाज सैम करन का जलवा खिताबी मुकाबले में भी देखने को मिला और उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 12 रन देकर 3 विकेट झटके। करन ने पूरे टूर्नामेंट में 13 विकेट झटके। उन्होंने टी-20 विश्व कप की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की थी। सैम ने पहले ही मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ 5 विकेट झटके थे और सिर्फ 10 रन दिए थे। आयरलैंड के खिलाफ इस युवा गेंदबाज ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए। सैम के इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।

पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन की वजह से सैम को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। करन इस बार सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 6 मुकाबलों में 13 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले करन टी-20 वर्ल्डकप इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

चकनाचूर हुआ पाक का सपना

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर किया। हालांकि खिताबी मुकाबले में बाबर ब्रिगेड अपना बेस्ट नहीं दे पाई और उसे इंग्लैंड के हाथों पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान टीम का दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया।

टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास को देखें तो ग्रुप मुकाबले में भारत का सामना करने वाली टीम कभी खिताब नहीं जीत पाई है। अबकी बार भी ऐसा ही संयोग देखने को मिला है। इस बार के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने सुपर-12 स्टेज के दौरान ग्रुप मुकाबले में भारत का सामना किया था। टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में यानी वर्ष 2007 में भारत टी-20 वर्ल्ड कप में चैम्पियन बनकर उभरा था। तब ग्रुप स्टेज में भारत ने स्कॉटलैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका से मुकाबला खेला, फिर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफल रहा था।

टी-20 वर्ल्ड कप में रिकॉर्ड
सर्वाधिक रन बनाए-विराट कोहली (296 रन)
सर्वाधिक विकेट-वानिंदु हसरंगा (15 विकेट)
सर्वाधिक 50 से अधिक स्कोर-कोहली (4 बार)
सर्वाधिक शतक-ग्लेन फिलिप्स, रिले रोसौव (1)
सर्वाधिक छक्के-सिकंदर रजा (11)
सर्वाधिक चौके-सूर्यकुमार यादव (26)
मोस्ट मेडेंस-भुवनेश्वर कुमार (3)

शर्मनाक रहा भारत का प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में इंडिया ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के खिलाफ मिली इस करारी शिकस्त के बाद भारतीय फैंस का दिल टूट गया और उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से खिलाड़ियों पर अपना गुस्सा जाहिर किया।

फैंस ने सबसे ज्यादा निशाना टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा को बनाया। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय ओपनर ने अपने प्रदर्शन से सबको निराश किया। दोनों के बीच टूर्नामेंट में एक भी अर्द्धशतकीय साझेदारी देखने को नहीं मिली।

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भी केएल राहुल और रोहित शर्मा कुछ खास कमाल नहीं कर सके और टीम इंडिया को दबाव में डाल दिया। मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और राहुल के रूप में उन्होंने दूसरे ओवर में ही अपना पहला विकेट खो दिया। राहुल सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने। कप्तान रोहित शर्मा से एक बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह शुरुआत से ही अपने रंग में नहीं दिखे और 27 रन बनाकर आउट हो गए।

इस नॉक आउट मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन यह टारगेट इंग्लिश टीम के लिए बिल्कुल आसान साबित हुआ और उन्होंने बिना कोई विकेट खोए आसानी से हासिल कर लिया।

इसी के साथ टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हुए अब तक कुल 16 सेमीफाइनलों में किसी टीम की ये सबसे बड़ी हार, या सबसे बड़ी जीत है। जीत-हार के लिहाज से एक रिकॉर्ड बना है और एक की बराबरी हुई है।
जिस तरह से इंग्लैंड ने भारत को हराकर सेमीफाइनल में सबसे अधिक 10 विकेट से जीत का रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही सबसे कम ओवर में जीत की बराबरी भी की। टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने ही 16 ओवर में श्रीलंका को हराया था। 12 साल पहले, यानी 2010 में। यह मैच वेस्टइंडीज में खेला गया था।

भारत की गलतियां
पावर प्ले में अर्शदीप ने एक ओवर में 8 रन दिए। 4 बॉलर्स में सबसे कम इकोनॉमी थी। रोहित ने उन्हें दूसरा ओवर नहीं दिया, जबकि वे शुरुआत में विकेट दिलाते हैं। उन्हें दूसरा ओवर नहीं देना कप्तान के तौर पर रोहित की बड़ी गलती रही।

भुवनेश्वर कुमार जब पहला ओवर लेकर आए तो उन्हें स्विंग मिल रही थी, लेकिन तीसरी ही गेंद पर रोहित ने पंत को आगे से कीपिंग करने को कहा। यानी भुवनेश्वर के आगे गेंद डालकर स्विंग कराने के चांस एकदम खत्म हो गए। अक्षर पटेल ने ज्यादातर छोटी लेंथ की गेंदें फेंकी, जिन्हें बटलर और हेल्स ने बाउंड्री में तब्दील किया। पूरे मैच के दौरान इंग्लैंड ही हावी दिखी। इंडिया बल्लेबाजी के दौरान भी प्रेशर में रही और गेंदबाजी के दौरान भी। गेंदबाज 10वें ओवर के बाद ही हिम्मत हार गए। लड़ाई का जज्बा दिखाई नहीं दिया।

टी-20 विश्व कप विजेताओं की सूची

विजेता                                उपविजेता                              साल                 जगह
भारत                           पाकिस्तान                       2007              दक्षिण अफ्रीका
पाकिस्तान                  श्रीलंका                            2009              इंग्लैंड
इंग्लैंड                          ऑस्ट्रेलिया                       2010               वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज                    श्रीलंका                           2012               श्रीलंका
श्रीलंका                       भारत                               2014               बांग्लादेश
वेस्टइंडीज                   इंग्लैंड                               2016               भारत
ऑस्ट्रेलिया                 न्यूजीलैंड                          2021                यूएई
इंग्लैंड                        पाकिस्तान                        2022               ऑस्ट्रेलिया

You may also like

MERA DDDD DDD DD