हमारे देश में क्रिकेट एक ऐसा खेल बन गया है जिसे देश के लोग सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। भारत की इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल खेलों में सबसे महंगी लीग है। इस लीग से कई ऐसे खिलाड़ी उभरकर आए हैं जो अब देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में आईपीएल का पन्द्रहवां संस्करण 2022 का आगाज 26 मार्च से हो गया है। इस लीग की धूम भारत समेत दुनिया भर में है। विश्व के कोने-कोने के क्रिकेटर्स यहां अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। लेकिन इस बार इस मंच ने जिन नए खिलाड़ियों को मौका दिया है उन पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
इस सीजन में कई खिलाड़ी ऐसे जो पहली बार डेब्यू कर रहे हैं और इस लीग में कुछ अलग करने का माद्दा रखते हैं। इनमें सबसे पहला नाम है साउथ अफ्रीका के दाएं हाथ के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का।
डेवाल्ड ब्रेविस : दाएं हाथ के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को बेबी एबीडी के नाम से पुकारा जाता है। ब्रेविस कई तरह के शॉट्स खेलने में माहिर हैं। आईपीएल नीलामी में इन्हें मुंबई इंडियंस ने खरीदा है। महज 18 साल के ब्रेविस ने इस साल के आईसीसी अंडर 19 विश्वकप में सबसे ज्यादा 506 रन बनाए और भारत के शिखर धवन के 505 रन के रिकॉर्ड को भी तोड़ा। ब्रेविस पार्ट टाइम लेग स्पिनर भी हैं और उन्होंने 7 विकेट भी चटकाए हैं।
राजवर्धन हंगरगेकर : महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले के ऑलराउंडर राजवर्धन को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ा है। मध्यम गति के गेंदबाज और दाएं हाथ के बल्लेबाज हंगरगेकर ने तब प्रभावित किया था जब इस साल वेस्टइंडीज में आयोजित आईसीसी अंडर 19 विश्वकप टूर्नामेंट में कई सारे छक्के लगाए थे। इन्होंने महाराष्ट्र के लिए पांच लिस्ट ए मैच भी खेले हैं और अपने प्रदर्शन से फिनिशर की भूमिका भी निभा सकते हैं।
यश ढुल : महज 19 वर्षीय यश ने भारत को आईसीसी अंडर 19 विश्वकप खिताब को पांचवीं बार जिताने में मदद की। इस दाएं हाथ के शानदार बल्लेबाज को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा है। ढुल ने रणजी ट्राफी में पदार्पण करते हुए दो शतक लगाकर अपनी उपयोगिता बता दी थी। मध्यक्रम के बल्लेबाज ने अंडर 19 विश्वकप के सेमीफाइनल में शतक जड़कर दिखा दिया कि वह बड़े मैच के खिलाड़ी हैं।
अभिनव मनोहरः कर्नाटक के 27 वर्षीय खिलाड़ी को मध्यक्रम में तेज शॉट के लिए जाना जाता है। यह जानते हैं कि किस परिस्थिति में उन्हें पिच हिटर बनना है। इस बल्लेबाज को गुजरात टाइटंस ने अपने साथ जोड़ा है। अभिनव ने पिछले साल सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम कर्नाटक के लिए शानदार खेल का प्रदर्शन किया था। मनोहर लेग स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं।
रोवमन पॉवेल : वेस्टइंडीज के रोवमन पॉवेल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। इस साल जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टी-20 में शतक लगाया था। पॉवेल की बेस प्राइज 75 लाख थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने 2 .80 करोड़ में खरीदा है। अपनी फ्रेंचाइजी के लिए पॉवेल एक फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही मध्यम तरीके की गेंदबाजी भी इन्हें छोटे प्रारूप के खेल में महत्वपूर्ण संपत्ति के तौर पर बनाती है।