मिशन 2024 की सियासी जंग नजदीक होने के कारण अब वरुण गांधी के सियासी भविष्य को लेकर राजनीतिक हलकों में खूब चर्चाएं हो रही हैं। सत्ता गलियारों में कहा-सुना जा रहा है कि वरुण गांधी नए राजनीतिक दल का गठन करके 2024 के चुनाव के दौरान सियासी अखाड़े में कूद सकते हैं। दरअसल भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ बागी तेवर अपना चुके पार्टी सांसद वरुण गांधी के सियासी भविष्य को लेकर अटकलों का दौर जारी है। भाजपा नेतृत्व की ओर से वरुण गांधी के खिलाफ कोई एक्शन तो नहीं लिया गया है मगर अगले लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी का टिकट न मिलना तय माना जा रहा है। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर लगी हुई हैं कि आखिर वरुण गांधी आने वाले दिनों में क्या सियासी गुल खिलाने वाले हैं। पिछले दिनों वरुण गांधी के कांग्रेस में जाने की चर्चाओं ने जोर पकड़ा था लेकिन राहुल गांधी के अलग विचारधारा वाले बयान के बाद इन चर्चाओं पर विराम लग गया था। जिसके बाद उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं भी जोरों पर सुनी जा रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि वरुण गांधी अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं और अलग पार्टी के गठन में उन्हें अपनी मां मेनका गांधी का साथ भी मिल सकता है।
क्या गुल खिलाएंगे वरुण गांधी
