[gtranslate]

नागपुर स्थित हेडगेवार भवन से लेकर दिल्ली के झंडेवालान स्थित केशव कुंज तक इन दिनों राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं में बड़ी चर्चा है कि अब संघ का हेडक्वार्टर नागपुर की तंग गलियों से शिफ्ट हो दिल्ली के एक पंच सितारा होटल नुमा नए भवन में स्थापित होने जा रहा है। खबर के पीछे मजबूत आधार का होना है। दरअसल पिछले सौ बरसों से संघ का मुख्यालय नागपुर में है। संघ की विचारधारा पर आधारित भाजपा के दिग्गज नेता इसी के चलते नागपुर में मत्था टेकने जाया करते हैं। यह परंपरा भी दशकों पुरानी है। अटल-आडवाणी काल में जब कभी भी भाजपा पर संकट आता तो बड़े नेता सीधे नागपुर की राह पकड़ा करते थे। मोदी-शाह युग में जरूर ऐसा कम होने लगा है। अब संघ के नेता ज्यादा दिल्ली आते हैं। बहरहाल नागपुर से संघ हेडक्वार्टर के दिल्ली शिफ्ट होने की चर्चाओं का आधार झंडेवालान स्थित संघ के कार्यालय का पुनर्निर्माण है। यहां पर दो भव्य बहुमंजिला इमारतें बनाई जा रही हैं। 12-16 फ्लोर वाली इन इमारतों का कुल क्षेत्रफल 2 ़5 लाख स्कावायर फीट होगा। यानी भाजपा के अत्याधुनिक और भव्य हेडक्वार्टर से कहीं बड़ा संघ का कार्यालय बनाया जा रहा है। जानकारों की माने तो संघ से जुड़े सभी संगठनों जैसे विश्व हिंदू परिषद, भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ इत्यादि के मुख्य कार्यालय इसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट कर दिए जाएंगे। खबर गर्म है कि नागपुर स्थित संघ का मुख्यालय भी अंततः यहीं शिफ्ट हो जाएगा। यानी संघ के सभी टॉप बॉस अब दिल्ली में रहकर भाजपा और केंद्र सरकार पर नजर रखा करेंगे। खबर यह भी गर्म है कि ‘सादा जीवन-उच्च विचार’ सिद्धांत की बात करने वाले आरएसएस का नया भवन किसी भी फाइव स्टार होटल से कहीं अधिक भव्य और सुविधा संपन्न बनाया जा रहा है। इसे कहते हैं वक्त के साथ विचारों का बदलना।

You may also like

MERA DDDD DDD DD