मध्य प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिलने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली पहुंच पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस बैठक के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या शिवराज की जिम्मेदारी तय हो गई है? शिवराज एमपी में रहेंगे या फिर केंद्र सरकार में मंत्री बनेंगे या फिर पार्टी संगठन में उन्हें कोई जिम्मेदारी देने जा रही है। हालांकि शिवराज क्या करेंगे इस पर से पर्दा उठना अभी बाकी है। शिवराज सिंह चौहान ने जेपी नड्डा के साथ हुई उनकी बैठक की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। इसके साथ उन्होंने लिखा कि मुलाकात के दौरान राष्ट्र उत्थान, लोक कल्याण और जनसेवा के विषय पर चर्चा हुई। सेवा ही संकल्प है, के ध्येय के लिए भाजपा के हम समस्त कार्यकर्ता समर्पित हैं। शिवराज ने कहा, आज अच्छी बैठक हुई। जो भी अध्यक्ष जी बोलेंगे, वैसा ही होगा। एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैं उसे निभाऊंगा और राज्य के साथ केंद्र में भी रहूंगा। मीडिया से बातचीत के दौरान शिवराज ये जरूर कह गए कि भारतीय जनता पार्टी की संकल्प यात्रा के दौरान उन्हें कई जगहों पर जाने के लिए कहा जाएगा और वह जाएंगे। यह भी चर्चा है कि एमपी के सीहोर जिले की बुधनी सीट से विधायक शिवराज प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वे पार्टी का बड़ा ओबीसी चेहरा हैं। पार्टी उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद भी सौंप सकती है और लोकसभा चुनाव में चौहान विदिशा की अपनी पुरानी लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ सकते हैं।
तय हो गई शिवराज की जिम्मेदारी?
