हाल ही में क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद अंबाती रायडू कई वजहों से लगातार चर्चाओं में हैं। एक तो अब वह अगले महीने से अमेरिका में होने वाले मेजर लीग क्रिकेट में अपने सीएसके फ्रेंचाइजी टेक्सास सुपर किंग्स के लिए एक बार फिर खेलते हुए नजर आएंगे। दूसरी ओर अब वहीं रायडू के एक नई फील्ड में उतरने की भी चर्चा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह राजनीति के मैदान में उतर कर चुनाव लड़ते हुए नजर आ सकते हैं। उनके वाईएसआरसीपी पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल इसका कारण यह है कि हाल ही में रायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से मुलाकात की थी। जिसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। उसके बाद से ही इन अटकलों का दौर शुरू हो गया कि अंबाती रायडू आंध्र प्रदेश के कृष्णा या गुंटूर जिले की किसी एक सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले रायडू ने एक बयान में सीएम जगन की तारीफ कर कहा था कि राजनीति में प्रवेश करने वाले युवाओं के लिए जगन मोहन रेड्डी एक बड़ी प्रेरणा हैं। हालांकि उन्होंने अब तक अपने राजनीति में आने की पुष्टि नहीं की है। लेकिन ये कयास इसलिए भी लगाए जा रहे हैं, क्योंकि वह पहले भी राजनीति में आने की इच्छा जता चुके हैं।
राजनीति में हाथ आजमाएंगे रायडू
