राहुल गांधी के नेतृत्व में बीते एक महीने से जारी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के चलते कहा जा रहा है कि कुछ ही महीनों के भीतर होने वाले हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की जिम्मेदारी बढ़ सकती है। चर्चा है कि प्रियंका इन दोनों प्रदेशों के चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालेंगी। क्योंकि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में व्यस्त हैं। चर्चा इस बात की भी है कि प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के नए अध्यक्ष भी दोनों प्रदेशों के चुनाव में मुख्य प्रचारक होंगे। जानकारों की मानें तो प्रियंका गांधी वाड्रा जल्द ही हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत कर सकती हैं। उनके गुजरात चुनाव प्रचार कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। पार्टी ने वीरभद्र सिंह की पत्नी और तीन बार की सांसद प्रतिभा सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपकर इस कमी को पूरा करने की कोशिश की है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकार का खराब प्रदर्शन अहम मुद्दे हैं। पार्टी इन मुद्दों को पूरी शिद्दत से उठा रही है। हालांकि पार्टी सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। जिस दिन उन्हें प्रचार के लिए जाना होगा, उस दिन यात्रा नहीं होगी। वर्ष 2017 चुनाव में राहुल गांधी ने गुजरात में काफी समय दिया था। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अंतिम दौर में है। इस माह के अंत तक नया अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी संभाल लेगा। पार्टी के एक नेता के मुताबिक पार्टी का नया अध्यक्ष गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। नए अध्यक्ष के चुनाव के बाद उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ प्रियंका की बढ़ेगी जिम्मेदारी
