पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा को एक के बाद एक झटका देने में जुटी हुई हैं। गत् सप्ताह पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को तृणमूल में शामिल करा दीदी ने भाजपा नेताओं को सकते में डाल दिया। इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहते मुकुल राय भी यकायक ही तृणमूल में शामिल हो भाजपा को तगड़ा झटका दे चुके हैं। कोलकत्ता के राजनीति गलियारों में बड़ी चर्चा है कि 77 सदस्यीय भाजपा विधान दल में दीदी जल्द ही बड़ी तोड़-फोड़ मचाने जा रही हैं। गौरतलब है कि चुनावी जीत के तुरंत बाद से ही भाजपा छोड़ तृणमूल में शामिल होने के लिए भाजपा विधायकों की लाइन लगनी शुरू हो गई है। सबसे पहले विधायक विश्वजीत दास ने पार्टी छोड़ी, उनके बाद एक अन्य विधायक सौमन रॉय ने भी पार्टी छोड़ तृणमूल ज्वाइन कर डाली। अब तक सात विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। खबर है कि दीदी के संपर्क में इस समय 10 से 15 भाजपा विधायक हैं जो कभी भी पार्टी को अलविदा कह सकते हैं। खबर यह भी जोरों पर हैं कि त्रिपुरा भाजपा में भी तृणमूल बड़ी सेंधमारी करने जा रही है। बताया जा रहा है कि ममता के इस आक्रामक तेवरों चलते भाजपा भीतर भारी खलबली मची हुई है।
ममता का बढ़ता जलवा
