मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कुछ ही समय बचा है। जिसको लेकर दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पूरे एक्शन मोड पर हैं, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों- कर्मचारियों को वे तत्काल सस्पेंड कर रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी विधानसभा को लेकर कुछ मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटाया जा सकता है और कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। हटाए जाने वाले मंत्रियों में एक मंत्री विंध्य क्षेत्र का बताया जा रहा है। वर्तमान सरकार में विंध्य से मंत्री मीना सिंह और बिसाहूलाल सिंह हैं। दोनों ही मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में काफी मजबूत माने जाते हैं। दोनों की बतौर आदिवासी नेता प्रबल छवि है। ऐसे में मंत्री पद के दावेदारों ने एक बार फिर जोर आजमाइश शुरू कर दी है। इस आजमाइश को लेकर कहा जा रहा है कि चुनावी साल में इस बार कुछ विधायकों की लॉटरी लग सकती है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। शिवराज सरकार कैबिनेट विस्तार करके पार्टी सभी चुनावी साल के समीकरणों को साधना चाहती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है कि दिसंबर के महीने में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, जिसमें कुछ नए चेहरों को क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों के आधार पर सेट किया जाएगा, इसके अलावा सियासी गलियारों में चर्चा इस बात की भी तेज है कि कुछ मंत्रियों की मंत्रिमंडल से छुट्टी भी हो सकती है। फिलहाल शिवराज सरकार में चार मंत्री पद खाली है। कुछेक मंत्रियों को हटाने के साथ-साथ कई मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है, क्योंकि कई मंत्रियों के कामकाज से सरकार और संगठन दोनों ही खुश नहीं है। ऐसे में इन मंत्रियों को बदलकर उनकी जगह सीनियर विधायकों को जिम्मेदारी दी जा सकती है। चौथी बार शिवराज सरकार बनने के बाद प्रदेश बीजेपी के कई सीनियर विधायकों को मंत्री नहीं बनाया गया था। ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों को मंत्री बनाए जाने से कई विधायक मंत्रिमंडल की रेस से बाहर हो गए थे। इसके अलावा विंध्य और महाकौशल अंचल को भी मंत्रिमंडल में पर्याप्त जगह नहीं मिली थी। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में इसी अंचल से आने वाले विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। जो विधायक मंत्री बनने की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं उनमें राजेंद्र शुक्ल, केदारनाथ शुक्ला, यशपाल सिंह सिसोदिया, अजय विश्नोई, संजय पाठक, रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, गोपीलाल जाटव, राजेंद्र पांडेय, रामपाल सिंह के नाम सबसे ऊपर चल रहे हैं।
नए चेहरों की लगेगी लॉटरी
