उत्तर प्रदेश में भाजपा का सबसे बड़ा ओबीसी चेहरा रहे केशव मौर्या सिराथू विधानसभा सीट से पराजित हो गए हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी पल्लवी पटेल ने हरा दिया है। केशव मौर्या योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का सेहरा बतौर पार्टी अध्यक्ष रहते मौर्या के सिर ही बांधा गया था। मुख्यमंत्री लेकिन योगी आदित्यनाथ बन बैठे। पूरे पांच साल दोनों नेताओं के मध्य तनाव की खबरें मीडिया में छाई रहीं। अब जब केशव प्रसाद मौर्या चुनाव हार गए हैं तो सवाल उठने लगे हैं कि नई सरकार में नंबर दो कौन बनेगा? और मौर्या का क्या होगा? लखनऊ के सत्ता गलियारों में बड़ी चर्चा है कि योगी की दूसरी सरकार में उपमुख्यमंत्री उत्तराखण्ड की राज्यपाल रह चुकीं बेबी रानी मौर्या को बनाया जा सकता है। बेबी रानी मौर्या आगरा से विधायक चुनी गई हैं। वह ओबीसी समाज से ही आती हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो केशव प्रसाद मौर्या को 2024 के लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत् भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण पद दे एडजस्ट किया जाएगा। खबर यह भी गर्म है कि इस बार योगी सरकार में दूसरे उपमुख्यमंत्री रहे दिनेश शर्मा भी शामिल नहीं कराए जायेंगे। हालांकि दिनेश शर्मा राज्य विधान परिषद के सदस्य हैं लेकिन उन्हें भी संगठन में काम दिए जाने की चर्चा ज्यादा चल रही है।
केशव संगठन में, बेबी सरकार में
