आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बीते दिनों राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि हाल ही में राज्य की सत्ता में आसीन होने वाली तेलुगु देशम पार्टी की सरकार ने उनकी पार्टी के खिलाफ हिंसक रुख अपना लिया है। जगन मोहन रेड्डी के इस प्रदर्शन को इंडिया गठबंधन के कई दिग्गजों का साथ मिला। जिसमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हुए और उन्होंने अपना समर्थन वाईएसआर कांग्रेस के इस प्रदर्शन को दिया। जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में कयासबाजी शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि वाईएसआर कांग्रेस भी इंडिया गठबंधन के साथ जुड़ सकती है। अगर ये चर्चा हकीकत में बदल जाती है तो इंडिया गठबंधन का कुनबा भी मजबूत हो जाएगा। गौरतलब है कि वाईएसआर कांग्रेस के लोकसभा में चार सांसद हैं, वहीं राज्यसभा में 11 सांसद हैं जो बहुत बड़ा नंबर है। राज्यसभा में कुल 245 सीटें हैं, लेकिन 19 सीटें खाली होने के चलते उच्च सदन की कुल स्ट्रैंथ फिलहाल 226 है। ऐसे में अगर वाईएसआर कांग्रेस भी इंडिया गठबंधन में शामिल हो जाए तो मोदी सरकार के लिए राज्यसभा में कोई भी बिल पास करना बेहद मुश्किल हो सकता है।
इंडिया अलायंस का हिस्सा बनेंगे जगन!
