[gtranslate]

देश में अगले साल लोकसभा के चुनाव होने वाले हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार विपक्षी एकता की वकालत कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में महाराष्ट्र का दौरा किया था, जहां उनकी मुलाकात एनसीपी के मुखिया शरद पवार और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से हुई थी। हालांकि, महाराष्ट्र से जो अब खबरें आ रही हैं, वह विपक्षी एकता को झटका देने जैसी है। दरअसल महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी में शामिल घटक दलों (एनसीपी, शिवसेना (उद्धव गुट), कांग्रेस के बीच आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए सीट बंटवारे को लेकर चर्चा होते ही मतभेद सामने आने लगे हैं। इस सियासी घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि कांग्रेस और शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के बीच शिवसेना के 13 सांसदों की सीट पर टकराव देखने को मिल रहा है। ये सभी सांसद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए थे। कांग्रेस मुंबई की दक्षिण मध्य सीट अपने पास रखना चाहती है। 2019 के चुनाव में शिवसेना को यहां सफलता मिली थी। राहुल शेवाले इस सीट से सांसद हैं, जो कि अब शिंदे गुट में शामिल हैं। दलित मतदाताओं की संख्या को देखते हुए कांग्रेस यह सीट अपने पास रखना चाहती है। 2009 के चुनाव में कांग्रेस के दलित नेता एकनाथ गायकवाड़ ने शिवसेना के दिग्गज नेता मनोहर जोशी को पटखनी दी थी। कांग्रेस का मानना है कि शेवाले के शिंदे गुट में शामिल होने के साथ वह उद्धव गुट से यह सीट छीनने के लिए मजबूत स्थिति में हैं। इसके अलावा मुंबई की दक्षिण मध्य सीट पर भी कांग्रेस दावा ठोक रही है। रामटेक सीट को लेकर भी आपस में कलह है। सांसद कृपाल तुमाने के शिंदे कैंप में शामिल होने के बाद यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष कुणाल राउत ने इस सीट पर दावा ठोक दिया है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD