हरियाणा विधानसभा चुनाव में महज तीन महीने ही शेष हैं, वहीं प्रदेश कांग्रेस का कुनबा लगातार विस्तार लेता जा रहा है। इसी कड़ी में गत् दिनों पार्टी में 30 बड़े नेताओं के साथ सैकड़ों पदाधिकारियों ने कांग्रेस का हाथ थामा है। इनमें आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री आदर्श पाल सिंह, जेजेपी से पंचकूला प्रत्याशी रहे अजय गौतम समेत बीजेपी, जेजेपी, इनेलो के कई पदाधिकारियों, पूर्व सरपंचों, पूर्व पार्षदों समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी का पार्टी में स्वागत किया है। हुड्डा ने उन्हें कांग्रेस में पूर्व मान-सम्मान का भी भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं ने सही समय पर सही फैसला लिया है। उनके आने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी और सत्ता परिवर्तन का संघर्ष पहले से ज्यादा मजबूती पकड़ेगा। चौधरी उदयभान ने कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है, फिल्म अभी बाकी है। चौधरी के इस बयान के बाद चर्चा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस का कुनबा और बढ़ने की उम्मीद है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के हरियाणा संगठन मंत्री आदर्श पाल गुर्जर ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में सलाह-मशविरा करने के बाद ही उन्होंने भारी मन से पार्टी को छोड़ने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि आदर्श पाल आम आदमी पार्टी से पहले बहुजन समाज पार्टी की टिकट पर 2019 के विधानसभा चुनाव में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। उस दौरान उनका कंवरपाल गुर्जर के साथ कांटे का मुकाबला भी काफी चर्चा में रहा था। अब देखना होगा कि कांग्रेस पार्टी में उन्हें क्या भूमिका सौंपी जाती है।
बढ़ेगा कांग्रेस का कुनबा
