पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बाद एक और बड़ा नेता कांग्रेस का हाथ छोड़ने वाला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। दरअसल, बीते दिनों चन्नी के पंजाब में कुछ बीजेपी नेताओं से मुलाकात करने और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के पटियाला जेल से रिहा होने के बाद इन अटकलों को हवा मिली है। गौरतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव-2022 में कांग्रेस की हार के बाद चरणजीत सिंह चन्नी राजनीतिक सुर्खियों से गायब हो गए थे। भ्रष्टाचार के मामलों में अपने भतीजे की गिरफ्तारी के बाद भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। लेकिन अब पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गांव का दौरा कर पूर्व मुख्यमंत्री राज्य की राजनीति में फिर से सक्रिय हो गए हैं। चरणजीत सिंह चन्नी को राजस्थान में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भी देखा गया था। तब उन्होंने प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की थी। उस वक्त राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि इस बैठक के जरिए पार्टी में उनके विरोधियों को संदेश दिया गया था कि वह अभी भी पार्टी के लिए अहम हैं। कांग्रेस अब जालंधर लोकसभा सीट के उपचुनाव में प्रचार के लिए पूर्व मुख्यमंत्री को अपने साथ लाने की कोशिश कर रही है। खबर गर्म है कि चन्नी अपने पत्ते अभी नहीं खोल रहे हैं। वे देखना चाहते हैं कि पार्टी आलाकमान नवजोत सिंह सिद्धू की बाबत नया फैसला लेता है। सिद्धू जेल से बाहर आते ही सक्रिय हो चले हैं। उन्होंने बीते दिनों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद खड़गे और महासचिव वेणुगोपाल से मुलाकात कर अपने विरोधियों को स्पष्ट संकेत दे डाला है कि वे आज भी कांग्रेस नेतृत्व के लिए खास महत्व रखते हैं।
बीजेपी में शामिल हो सकते हैं चन्नी
