आयाराम-गयाराम की राजनीति के लिए मशहूर हरियाणा में कांग्रेस के नेता कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में जाने के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई हैं। भाजपा के बुजुर्ग नेता संपत सिंह के कांग्रेस में जाने की चर्चा है। खबर है कि बिश्नोई के भाजपा में आने के बाद हिसार में भाजपा की राजनीति उन्हीं के हिसाब से होगी। इसलिए संपत सिंह पाला बदल रहे हैं। लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि हिसार से भाजपा के सांसद ब्रिजेंद्र सिंह क्या करेंगे? ब्रिजेंद्र सिंह हरियाणा के जाने-माने नेता और मोदी सरकार में मंत्री रहे बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। आईएएस अधिकारी थे और नौकरी छोड़ कर वे अपने पिता की खाली हुई हिसार सीट से चुनाव लड़े। अब कहा जा रहा है कि भाजपा ने बिश्नोई को हिसार लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाने का वायदा किया है। अगर भाजपा वायदा निभाती है तो क्या ब्रिजेंद्र सिंह 50 साल की उम्र में रिटायर हो जाएंगे? उनके कांग्रेस में जाने की संभावना नहीं है क्योंकि उनके पिता कांग्रेस छोड़ कर ही भाजपा में शामिल हुए थे। अब संभावना यह भी जताई जा रही है कि वे अपने पिता के साथ राजनीति करेंगे। उनके पिता चौधरी बीरेंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से आम आदमी पार्टी का झंडा उठाने में लगे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपना संगठन भी बना रखा है। राजनीतिक गलियारों में यह तय माना जा रहा है कि अगर भाजपा ब्रिजेंद्र सिंह की टिकट काटती है और कहीं दूसरी जगह एडजस्ट नहीं करती है तो वे भाजपा छोड़ेंगे।
भाजपा छोडेंगे ब्रिजेंद्र सिंह
