पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव अभी निपटे ही हैं और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इन चुनावों में मिली पराजय बाद अब अपने घर में लगी आग बुझाने में लगा हुआ है तो दूसरी तरफ भाजपा इस वर्ष के अंत में होने जा रहे गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुट गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, मणिपुर और गोवा में मिली जीत का जश्न अहमदाबाद में मनाया तो केन्द्रीय गृह मंत्री ने भी अब गुजरात में डेरा डाल दिया है। 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी। तब विधानसभा की 187 सीटों में से 77 सीट जीत कांग्रेस ने सबको चौंकाने का काम किया था। कांग्रेस ने इस चुनाव में 2 ़57 प्रतिशत की वोट बढ़ोत्तरी भी दर्ज कराई थी। तब राहुल गांधी ने गुजरात में जमकर प्रचार किया था। पिछले 24 बरसों से राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा इस बार हर कीमत पर अपनी परफॉरमेंस सुधारना चाहती है। राज्य सरकार के प्रति भारी एन्टी इन्कमबेंसी को पार्टी आलाकमान समझ भी रहा है और महसूस भी रहा है। इस बार उसे कांग्रेस के साथ-साथ आम आदमी पार्टी से भी टक्कर लेनी होगी। ‘आप’ ने बीते पांच सालों में प्रदेश में अपना संगठन खासा मजबूत कर लिया है। चर्चा जोरों पर है कि इस बार आप पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने जा रही है। यही कारण है कि एक क्षण का विश्राम किए बगैर भाजपा आलाकमान राज्य में अपने संगठन को मजबूती देने में जुट गया है।
गुजरात में भाजपा की तैयारियां शुरू
