जहां कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार से अभी तक उभर नहीं सकी है, भाजपा चार वर्ष बाद प्रस्तावित आम चुनावों की तैयारियों के लिए कमर कस चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे ़पी ़ नड्डा आगामी पांच दिसंबर से 120 दिन के राष्ट्रीय दौरे पर निकलने जा रहे हैं। नड्डा मिशन 2024 का आगाज उत्तराखण्ड से करने वाले हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नड्डा हर प्रदेश की राजधानी में जाकर प्रदेश पदाधिकारियों संग मुलाकात करेंगे और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं संग वर्चुअल माध्यम से संवाद भी करेंगे। पार्टी अध्यक्ष का फोकस उन लोकसभा सीटों पर रहने वाला है जहां पार्टी का प्रदर्शन 2019 में कमजोर रहा है। साथ ही नड्डा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुंचाने के टिप्स भी देने वाले हैं। खबर है कि प्रदेश भाजपा इकाईयों को कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पहले एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें जिसमें पार्टी द्वारा मोदी सरकार की नीतियों का जमीनी स्तर पर क्रियावन पर सारा डाटा उपलब्ध हो। जानकारों का दावा है कि नड्डा अपने दौरे के दौरान एनडीए घटक दलों के नेताओं से भी विचार-विमर्श कर सकते हैं। हालांकि नड्डा का दौरा उत्तराखण्ड से शुरू होगा, लेकिन उनका ज्यादा फोकस चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम पर रहने वाला है। इन चारों राज्यों में 2021 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
भाजपा का मिशन 2024 शुरू
