पूर्व थल सेना अध्यक्ष और वर्तमान केंद्र सरकार में सड़क परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह अपने बिगड़े बोलों को लेकर अक्सर चर्चा का केंद्र बन जाते हैं। पिछली मोदी सरकार में विदेश राज्यमंत्री रहे सिंह ने 2015 में भारतीय पत्रकारों की तुलना वेश्याओं से कर भारी सवाल मचा दिया था। इस बार उन्होंने अपने एक बयान के बाद पूरी केंद्र सरकार को कठघरे में ला खड़ा किया है। भाजपा सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान और स्वयं प्रधानमंत्री मोदी इस बयान के चलते उनसे खासे नाराज हो चले हैं। दरअसल, इस बार उन्होंने ऐसा बयान दे डाला है जो चीन की बाबत भारत सरकार के घोषित स्टैंड को खारिज कर देता है। बकौल जनरल सिंह भारतीय सीमा में चीन कई बार अतिक्रमण कर चुका है। उनका यह कथन प्रधानमंत्री के उस बयान से ठीक उलट है जिसमें पीएम ने भारतीय सीमाओं में चीनी घुसपैठ की बात नकारी है। इतना ही नहीं बड़बोले वीके सिंह ने यह दावा भी कर डाला कि यदि चीन भारत के भीतर 10 बार घुसपैठ कर चुका है तो भारतीय फौज 50 बार चीन के भीतर जा चुकी है। उनके इस बयान ने चीन की बांछें खिला दी। चीनी विदेश मंत्रालय ने तत्काल भारत को घेरने की नीयत से सिंह का हवाला देते हुए भारतीय फौज पर सीमाओं के अतिक्रमण का आरोप लगा डाला। सूत्रों की मानें तो विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जनरल सिंह के इस विवादित बयान पर अपनी नाराजगी से स्वयं पीएम को अवगत कराया है। खबर है कि मोदी मंत्रिमंडल में अगले फेरबदल के समय जनरल सिंह को बाहर का रास्ता दिखाया जाना तय हो चुका है।
बड़बोले वीके सिंह से नाराज पीएम
