शहर से भाजपा सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कानपुर के मतदाताओं के नाम अपने एक लिखित संदेश में कहा है कि इस बार उन्हें कानपुर या किसी भी सीट से प्रत्याशी नहीं बनाया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने उन्हें आज ही यह जानकारी दी है। जोशी ने गंगा मेले में आने का अपना कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया है। पहले प्रोटोकाल के तहत सूचना आई थी कि वह 25 को कानपुर पहुंच जाएंगे। जोशी का लिखित संदेश आने के बाद से पार्टी में चर्चाओं का बाजार गर्म है।