[gtranslate]
entertainment

सितारों के सौतेले रिश्तों की सच्चाई

कहते हैं भगवान सभी जगह उपस्थित होते हैं, बस! उसे देखने और महसूस करने की जरूरत है। हमारे पास भगवान के रूप में ‘मां’ हैं। मां चाहे सगी हो या सौतेली। वह अपना प्यार पास रहकर भी देती हैं और दूर होकर भी। ऐसे ही कुछ बॉलीवुड सितारे हैं जिनके सौतेले रिश्ते में भी अपनत्व है। जिस पर वे अपनी जान छिड़कते हैं तो कुछ के रिश्ते में आज भी दूरियां हैं। उसी सौतेले रिश्तों से आज हम पर्दा हटाने जा रहे हैं।

तो आइए सबसे पहले बात करते हैं सैफ अली खान और अमृता सिंह के दोनों बच्चे सारा अली खान और इब्राहिम अली खान की। ये दोनों भाई-बहन अपनी सौतेली मां करीना कपूर के बेहद करीब है। सारा तो बचपन से ही करीना के पागल जैसी फैन रही है। वह करीना की फिल्में देखकर बड़ी हुई है और उनकी स्टाइल स्टेटमेंट की दीवानी हैं। दोनों एक साथ कई बार पार्टी में स्पॉट हुई हैं। इन दोनों में मां-बेटी कम दोस्त वाली बॉन्डिंग ज्यादा नजर आती है। वह एक-दूसरे को नाम लेकर ही बुलाती हैं।

अभिनेत्री पूजा भट्ट आज भले ही महेश भट्ट और आलिया भट्ट के करीब हों लेकिन एक वक्त था जब वो अपने पिता और सोनी राजदान से नफरत करती थीं। सोनी राजदान महेश भट्ट की दूसरी पत्नी और आलिया भट्ट की मां हैं। अब पूजा और सोनी राजदान एक-दूसरे के करीब हैं। एक समय था जब पूजा अपनी सौतेली मां का नाम सुनकर गुस्सा हो जाती थी। अब अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘सड़क 2’ में दोनों बहनें पूजा और आलिया एक साथ नजर आएंगी।

हिंदी फिल्मों के मशहूर लेखक और अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान ने दो शादियां की थी। पहली पत्नी सुशीला चरक और दूसरी कैबरेट डांसर हेलन से है। इनके रिश्तों में गहराई इतनी है कि दोनों पत्नी अपने परिवार के साथ रहती है और बच्चों ने भी सौतेली मां हेलन को दिल से अपनाया है। सलमान, अरबाज और सोहेल खान ने कभी हेलन को यह अहसास नहीं होने दिया कि वह उनकी सौतेली मां हैं। वहीं हेलन ने भी सलमान और उनके भाई-बहनों को अपने बच्चों की तरह ही मानती हैं।

जाने-माने नाटककार और अभिनेता पंकज कपूर और नीलिमा अजीम के बेटे शाहिद कपूर हैं। पंकज ने नीलिमा से तलाक के बाद दूसरी शादी अभिनेत्री सुप्रिया पाठक से की थी। शाहिद अपनी सौतेली मां सुप्रिया पाठक के बेहद करीब हैं। शाहिद और मीरा की शादी में सुप्रिया ने अहम भूमिका निभाई थी। हर रस्म में वह बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दिखाई। कई कार्यक्रम में दोनों को साथ देखा जाता है। शाहिद अपने सौतेले भाई-बहन सनाह और रुहान के काफी करीब हैं।

आमिर खान की पहली पत्नी रीना दत्ता के दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। दोनों बच्चे आमिर की दूसरी पत्नी किरण राव के करीब हैं। जुनैद और इरा को कई बार किरण के साथ सार्वजनिक कार्यक्रम में देखा गया है। इससे साफ जाहिर है कि जुनैद और इरा का अपनी सौतेली मां किरण के साथ खास रिश्ता है।

अभिनेता संजय दत्त और उनकी पहली पत्नी रिया पिल्लई की बेटी त्रिशाला दत्त अपनी सौतेली मां मान्यता दत्त के साथ अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों की फोटो अक्सर सोशल मीडिया में दिख जाती है। इस फोटो में संजय दत्त और मान्यता के दोनों बच्चे भी नजर आते हैं। जाहिर है कि इन दोनों के रिश्ते काफी अच्छे हैं। साथ में त्रिशाला भी बेहद खुश दिखती।

शबाना आजमी और फरहान अख्तर का रिश्ता भी कुछ ऐसा ही है। फरहान जावेद अख्तर और हनी ईरानी के बेटे हैं लेकिन अपनी सौतेली मां शबाना आजमी के साथ भी फरहान का मां-बेटे के रिश्ते से कम नहीं है।

टीवी धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से राजनीति में अपनी पहचान बना चुकीं स्मृति ईरानी ने अपने बचपन के दोस्त जुबीन ईरानी से शादी की है। हालांकि जुबीन की स्मृति से दूसरी शादी है। जुबीन की पहली पत्नी मोना ईरानी है जिनकी पहले से ही एक बेटी शनेल है। शनेल स्मृति के दो बच्चों के साथ ही रहती है। स्मृति अपने दोनों बच्चों के साथ-साथ शनेल को भी बराबरी का प्यार देती हैं। स्मृति उनकी खूबसूरत तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर करती हैं।

नहीं अपना सके सौतेली मां को अभिनेता

अभिनेता धर्मेंद्र और प्रकाश कौर के दो बेटे सनी और बॉबी देओल है। प्रकाश कौर से तलाक लिए बगैर धर्मेंद्र ने हेमा मालिनी से शादी की। इसके लिए उन्होंने अपना धर्म तक बदल लिया था। इस शादी से परिवार में काफी दूरियां आ गई थी। लेकिन समय के साथ बाद में धर्मेंद्र से बॉबी और सनी के रिश्ते तो ठीक हो गए, मगर आज तक हेमा ने न बच्चों को अपनाया और न ही बच्चों ने हेमा को।

ऐसा ही कुछ बोनी कपूर ने श्रीदेवी से शादी करने के लिए किया था। पहली पत्नी मोना शौरी कपूर को तलाक दे दिया था। मोना और बोनी के दो बच्चे अर्जुन और अंशुला कपूर है। श्रीदेवी से शादी के बाद से अर्जुन, अंशुला और बोनी के रिश्तों में दूरियां आ गई थीं। दोनों ने श्रीदेवी को अपने पिता की पत्नी के रूप में तो स्वीकार कर लिया, मगर कभी उन्हें मां का दर्जा नहीं दिया। हालांकि श्रीदेवी के गुजर जाने के बाद अब अर्जुन श्रीदेवी की बेटियों जान्हवी और खुशी के बेहद करीब हो गए हैं।

लेख: जनार्दन कुमार सिंह

You may also like

MERA DDDD DDD DD